Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Jharkhand Weather: बंगाल की खाड़ी में फिर लो प्रेशर,अचानक बदला मौसम; बारिश और आंधी की चेतावनी जारी

    Updated: Mon, 18 Aug 2025 08:13 AM (IST)

    धनबाद में रविवार को मौसम ने अप्रत्याशित रूप से करवट बदली। सुबह बादल छाए रहे फिर धूप खिली और अचानक गरज के साथ तेज बारिश हुई जिससे सड़कें जलमग्न हो गईं। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक बारिश की संभावना जताई है साथ ही भारी बारिश और वज्रपात की चेतावनी भी जारी की है। धनबाद राज्य में सर्वाधिक वर्षा वाले जिलों में पांचवें स्थान पर है।

    Hero Image
    धनबाद में रविवार को मौसम ने अप्रत्याशित रूप से करवट बदली। फाइल फोटो

    जागरण संवाददाता, धनबाद। रविवार को मौसम ने अलग-अलग रंग दिखाए। सुबह में बादल छाए रहे। दिन चढ़ने के साथ धूप खिली। थोड़ी देर धूप खिलने के बाद अचानक मौसम ने अपना रंग बदल लिया। गरज के साथ तेज बारिश हुई। एक घंटे की बारिश में सड़कें तालाब में तब्दील हो गईं।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    शहर के कई हिस्सों में पानी भर गया। शाम और रात में गरज के साथ फिर तेज बारिश हुई। रुक-रुक कर हो रही बारिश की गतिविधि अगले कई दिनों तक जारी रहने की उम्मीद है।

    मौसम विज्ञान केंद्र रांची की ओर से जारी पूर्वानुमान में बताया गया कि 18 से 20 तक विभिन्न हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश की प्रबल संभावना है। इस दौरान 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और कुछ जगहों पर वज्रपात का खतरा हो सकता है। 21 से 23 अगस्त तक राज्य के सभी हिस्सों में बारिश होगी।

    21 को उत्तर-पूर्वी और इससे सटे मध्य भागों में कुछ जगहों पर भारी बारिश की संभावना है। 22 और 23 तारीख को कुछ जगहों पर भारी बारिश भी हो सकती है। बारिश की गतिविधियों में वृद्धि का कारण बंगाल की खाड़ी में सक्रिय हुआ निम्न दबाव है। खाड़ी से ओडिशा और आंध्र प्रदेश की ओर बढ़ रहे बादल बारिश करा रहे हैं।

    धनबाद सर्वाधिक वर्षा वाले जिलों में पांचवें स्थान पर

    राज्य में सर्वाधिक वर्षा वाले जिलों में धनबाद पांचवें स्थान पर है। पूर्वी सिंहभूम 1305.2 मिमी वर्षा के साथ पहले स्थान पर, सरायकेला-खरसावां 1121.1 मिमी वर्षा के साथ दूसरे स्थान पर, रांची 1082.3 मिमी वर्षा के साथ तीसरे स्थान पर, लातेहार 1080.5 मिमी वर्षा के साथ चौथे स्थान पर और धनबाद 1058.8 मिमी वर्षा के साथ पांचवें स्थान पर है। धनबाद में अब तक सामान्य 697.2 मिमी वर्षा की तुलना में 52 प्रतिशत अधिक वर्षा दर्ज की गई है।

    तापमान में गिरावट के संकेत

    बारिश की गतिविधियों में वृद्धि के कारण तापमान में गिरावट आने की संभावना है। मौसम विभाग ने दो से तीन डिग्री की गिरावट का अनुमान लगाया है। अधिकतम तापमान जो 31-32 डिग्री तक पहुँच गया था, इस सप्ताह 29-30 डिग्री के बीच रह सकता है। न्यूनतम तापमान 25 डिग्री पर स्थिर रहेगा।