IPL की तर्ज पर दुमका में क्रिकेट खिलाड़ियों की हुई नीलामी, आनंद दुबे सबसे महंगे बिके
Dumka Premier League Player Auction:आईपीएल की तर्ज पर दुमका में प्रीमियर लीग सीजन-2 के लिए खिलाड़ियों की नीलामी हुई। मंगलवार शाम आयोजित इस नीलामी में ...और पढ़ें

नीलामी प्रक्रिया में भाग लेतीं टीमें।
जागरण संवाददाता, दुमका। इस समय देश में IPL चल रहा है। Indian Premier League 2026 का 19वां सीजन जारी है। यह टूर्नामेंट मई के अंत तक चलेगा। देश में IPL का बुखार चढ़ा हुआ है। इसी बीच झारखंड के दुमका में IPL की तर्ज पर दुमका प्रीमियर लीग सीजन-2 के लिए क्रिकेट खिलाड़ियों की नीलामी हुई।
अप्रैल माह में प्रस्तावित दुमका प्रीमियर लीग सीजन-2 के लिए मंगलवार शाम शहर के एक होटल में खिलाड़ियों की नीलामी आयोजित की गई। नीलामी प्रक्रिया में कुल छह टीमें-अशोका लायंस, दुमका चैलेंजर्स, दुमका रॉयल्स, बासुकी इलेवन, विजनरी इलेवन और एम एंड एस इलेवन-ने फ्रेंचाइजी के रूप में भाग लिया।
जिला क्रिकेट संघ के अध्यक्ष भास्कर अजीत सिंह ने सभी टीम मालिकों को प्रक्रिया के नियमों की जानकारी दी। मुख्य प्रायोजक डॉ. तुषार ज्योति ने DPL के साथ-साथ भविष्य में भी कई अवसर उपलब्ध कराने की बात कही और खिलाड़ियों को अनुशासित रहने की सलाह दी।
कुल 149 खिलाड़ियों में से 93 खिलाड़ियों की सफल नीलामी हुई। टीम मालिकों ने उन खिलाड़ियों को प्राथमिकता दी, जो खेल के साथ-साथ अनुशासित हों और टीम के संतुलन में फिट बैठते हों।
संघ के सचिव शावर्ण मनोज कुणाल ने बताया कि दुमका रॉयल्स ने सबसे अधिक बोली लगाते हुए आनंद दुबे को 8100 रुपये में खरीदा। वहीं बासुकी इलेवन ने प्रीत सिंह और विजनरी इलेवन ने मोहित सिंह को 7600-7600 रुपये में अपने साथ जोड़ा।
उन्होंने सभी टीम मालिकों और खिलाड़ियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जिन खिलाड़ियों की नीलामी नहीं हो सकी है, उन्हें पंजीकरण शुल्क (500 रुपये) वापस किया जाएगा। मौके पर जिला क्रिकेट संघ के सभी पदाधिकारी, प्रायोजक अशोक न्यू केयर की पूरी टीम और उसके मालिक उपस्थित थे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।