आज दुमका पहुंचेगी झारखंड जागरण गौरव यात्रा, स्वागत के लिए उपराजधानी तैयार
झारखंड जागरण गौरव यात्रा आज दुमका पहुंच रही है, जिसके स्वागत के लिए उपराजधानी तैयार है। इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य झारखंड की सांस्कृतिक धरोहर और गौरव को बढ़ावा देना है। दुमका में यात्रा का भव्य स्वागत किया जाएगा, जिसमें सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। यात्रा झारखंड की एकता और सद्भाव को बढ़ावा देने का प्रयास है।
-1762460420605.webp)
आज दुमका पहुंचेगी झारखंड जागरण गौरव यात्रा
संवाददाता जागरण, दुमका। झारखंड प्रदेश स्थापना के 25 साल पूरा होने पर दैनिक जागरण की ओर से रजत जयंती समारोह पर झारखंड गौरव यात्रा का आयोजन राज्य के सभी 24 जिलों में आयोजित किया जा रहा है। सात नवंबर यानि आज झारखंड गौरव यात्रा मशाल रथ का आगमन होगा।
उपराजधानी दुमका के लोग इसके स्वागत के लिए आतुर और पूरी तरह से तैयार हैं। इस आयोजन का उद्देश्य झारखंड गठन के इस रजत जयंती को यादगार व ऐतिहासिक बनाने के साथ 25 साल के गौरव गाथा से जन-जन को अवगत कराना है।
दुमका में गौरव मशाल यात्रा रथ यात्रा की शुरुआत सुबह नौ बजे से संत तेरेसा बालिका उच्च विद्यालय दुधानी दुमका से होगी। दुमका के सांसद नलिन सोरेन बतौर मुख्य अतिथि रथ का शहर भ्रमण के लिए रवाना करेंगे।
मौके पर बतौर विशिष्ट अतिथि जिला परिषद अध्यक्ष जायेस बेसरा, चार झारखंड गर्ल्स बटालियन एनसीसी के कर्नल अनिल यादव, संत तेरेसा बालिका उच्च विद्यालय की प्रिसिंपल मेरी तेरेसा भेंगरा के अलावा कई गण्यमान्य अतिथि मौजूद रहेंगे।
इस अवसर पर यहां एक झारखंड के समग्र विकास एवं यहां की जनता की सुख, शांति, समृद्धि व जनकल्याण के लिए सर्वधर्म प्रार्थना सभा और सांस्कृतिक कार्यक्रम के आयोजनों के बीच मशाल प्रज्ज्वलित कर रथ को रवाना किया जाएगा।
यह यात्रा दुधानी टावर चौक होते हुए प्लस टू नेशनल स्कूल, बक्शी बांध, पोपुलर क्लब, टाटा शोरूम चौक, टीन बाजार चौक, मारवाड़ी चौक, तिलकामांझी चौक, पटेल चौक, अंबेडकर चौक, बिरसा चौक, विवेकानंद चौक, सुभाष चौक, सिदो-कान्हु चौक, शिवपहाड़, करहड़बिल, एसपी कालेज, आइटीआइ, श्रीअमड़ा होते हुए फूलाझानो चौक पर पहुंचेगी।
इस दौरान तमाम प्रतिमा स्थलों को भव्य तरीके से सजाया जाएगा और महापुरुषों को माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी। कार्यक्रम के दौरान गाजा-बाजा के साथ भव्य तिरंगा यात्रा, पुष्प वर्षा, सांस्कृतिक कार्यक्रम, आदिवासी नृत्य का आयोजन पूरे कार्यक्रम के दौरान आकर्षण का केंद्र होगा। इसे भव्य व आकर्षक बनाने के लिए बुधवार को दुमका दैनिक जागरण कार्यालय में जुटे विभिन्न संघ-संगठन अपनी-अपनी तैयारियों को अंतिम रूप दे रहे हैं।
झारखंड अलग राज्य के लिए आंदोलन करने वाले आंदोलनकारी दुमका के बिरसा मुंडा की प्रतिमा स्थल पर केक काट कर झारखंड की 25 वीं वर्षगांठ मनाएंगे।विवेकानंद चौक पर लायंस क्लब की ओर से केक काटकर जश्न मनाने की जोरदार तैयारी है। वहीं पूरे आयोजन के दौरान विभिन्न राजनीतिक दल, स्वयंसेवी संगठन के माध्यम से अलग-अलग कार्यक्रमों के जरिए रथ का स्वागत किया जाएगा।
दुमका में झारखंड गौरव मशाल यात्रा के लिए तय रूट चार्ट व टाइम
| स्थल | संस्थान | संभावित समय |
|---|---|---|
| दुमका-देवघर मुख्य पथ दुधानी | संत तेरेसा बालिका उच्च विद्यालय | 9:00 बजे |
| टावर चौक से प्लस टू नेशनल स्कूल | प्लस टू नेशनल स्कूल | 9:45 बजे |
| प्लस टू नेशनल स्कूल से टाटा शोरूम चौक | संत जोसेफ उच्च विद्यालय, ग्रीन माउंट स्कूल, संत मेरीस स्कूल, श्रीश्री गौशाला, दुमका, पोपुलर क्लब दुमका, तनिष्क, न्यू केयर हास्पिटल | 10:05 बजे |
| टाटा शोरूम चौक से टीन बाजार कर्पूरी चौक होते हुए मारवाड़ी चौक | प्लस टू जिला स्कूल, सिविल सोसाइटी दुमका | 10:15 बजे |
| मारवाड़ी चौक से वीर कुंवर सिंह चौक | मारवाड़ी युवा मंच, प्रेरणा शाखा, मारवाड़ी विवाह सम्मेलन, अखिल भारतीय मारवाड़ी विवाह सम्मेलन, मारवाड़ी बालिका उच्च एवं मध्य विद्यालय, बाल भारती स्कूल | 10:30 बजे |
| वीर कुंवर सिंह चौक से तिलकामांझी चौक | भाजपा व जिला खेलकूद समिति दुमका | 10:35 बजे |
| तिलकामांझी चौक से गांधी मैदान प्रतिमा स्थल | राजद, ब्रह्म कुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय दुमका, द हेराल्ड स्कूल | 10:40 बजे |
| गांधी मैदान प्रतिमा स्थल से पटेल चौक | द हेराल्ड स्कूल | 10:55 बजे |
| पटेल चौक से बिरसा मुंडा चौक | पेटल सेवा संघ, द हेराल्ड स्कूल | 11:10 बजे |
| बिरसा मुंडा चौक से अंबेडकर चौक | - | 11:20 बजे |
| अंबेडकर चौक से स्वामी विवेकानंद चौक | बालिका उच्च विद्यालय, दुमका व एसपी महिला कालेज | 11:30 बजे |
| स्वामी विवेकानंद चौक से सुभाष चौक | सिदो-कान्हु उच्च विद्यालय, लायंस क्लब, चैंबर आफ कामर्स, भारत विकास परिषद, चैंबर आफ कामर्स | 12:05 बजे |
| सुभाष चौक से सिदो-कान्हु चौक | चैंबर आफ कामर्स, सिदो-कान्हु उच्च विद्यालय, ग्रीन माउंट, होप हास्पिटल, मां नीलम डेंटल क्लिनिक | 12:10 बजे |
| सिदो-कान्हु चौक से शिव पहाड़ चौक | - | - |
| शिवपहाड़ चौक से कड़हलबिल चौक से एसपी कालेज तक | झामुमो, द वेस्टर्न इंग्लिश स्कूल, ज्ञान मंजरी, भारती हास्पिटल, पतांजलि महिला मोर्चा, एकल विद्यालय अभियान, सरस्वती शिशु मंदिर, शिवपहाड़ महिला समिति, कड़हलबिल उच्च विद्यालय एवं कड़हलबिल मध्य विद्यालय | 12:20 बजे |
| एसपी कालेज से फूलोझानो चौक तक | एसपी कालेज, छात्र समन्वय समिति, आइटीआइ, लिटिल एंजेल स्कूल, कांग्रेस | 12:35 बजे |
झारखंड राज्य स्थापना के रजत जयंती को यादगार व ऐतिहासिक बनाया जाएगा। दुमका से झारखंड की पहचान है। दैनिक जागरण की पहल निसंदेह स्वागत योग्य है। - राजेश कुमार अग्रवाल, अध्यक्ष मारवाड़ी युवा मंच, दुमका
सात नवंबर का दिन दुमका के लिए यादगार होगा। पूरा दुमका एक होकर झारखंड गौरव मशाल यात्रा को अद्वितीय व अविस्मरणीय बनाएगा। हर स्तर पर पुरजोर तैयारी होगी। - मुकेश भुवानियां, सदस्य मारवाड़ी युवा मंच, दुमका

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।