पढ़ाने के बहाने बच्ची को ले गया और पांच साल करता रहा हैवानियत, गर्भवती होने पर घर से निकाला
दुमका के गोपीकांदर में एक 45 वर्षीय व्यक्ति ने 13 साल की किशोरी को पढ़ाने के बहाने घर लाया। पांच साल तक उसका यौन शोषण किया जिसके बाद वह गर्भवती हो गई। आरोपी ने गर्भपात कराने के बाद उसे घर से निकाल दिया। पुलिस ने पीड़िता की मां की शिकायत पर आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। घटना दुमका में महिला सुरक्षा पर सवाल उठाती है।

जागरण संवाददाता, (गोपीकांदर) दुमका। पढ़ने-लिखने का सपना लिए एक 13 साल की किशोरी को उसके घर से दुमका के गोपीकांदर लाया गया। लेकिन, वहां उसका सपना हकीकत नहीं बना, बल्कि उसे यौन शोषण का शिकार बनाया गया।
एक 45 साल के शख्स ने पहले किशोरी को अपनी हवस का शिकार बनाया और बाद में जब वह गर्भवती हो गई, तो उसे दवा देकर गर्भपात कराया और घर से बाहर निकाल दिया। शिकायत के बाद इस मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पढ़ाने के बहाने लाया था घर
यह घटना झारखंड के गोपीकांदर की है। पांच साल पहले 45 साल का संतोष मुर्मू पाकुड़ गया। वहां उसने एक महिला से कहा कि वह उसकी 13 साल की बेटी को अपने साथ ले जाकर घर के काम के अलावा पढ़ाएगा भी।
महिला उसकी बातों में आ गई और भरोसा कर अपनी बेटी को उसके साथ भेज दिया।
दरवाजा बंद कर किया दुष्कर्म
पीड़िता की मां ने पुलिस को बताया कि 12 अक्टूबर 2024 को संतोष ने उनकी बेटी को खाना देने के बहाने अपने कमरे में बुलाया। जैसे ही वह अंदर गई, उसने दरवाजा बंद कर दिया और उसके साथ दुष्कर्म किया।
उसने किशोरी को धमकी दी कि अगर वह किसी को भी इस बारे में बताएगी तो वह उसे जान से मार देगा। इस धमकी की वजह से वह लगातार किशोरी का यौन शोषण करता रहा।
गर्भपात कराया और घर से निकाला
जब किशोरी को पता चला कि वह तीन महीने की गर्भवती है, तो उसने यह बात संतोष को बताई। इसके बाद संतोष ने बाहर से दवा लाकर उसे जबरदस्ती खिला दी, जिससे उसका गर्भपात हो गया।
पांच सितंबर को उसने पीड़िता को डरा-धमका कर अपने घर से भगा दिया। घर पहुंचने के बाद किशोरी ने सारी बात अपनी मां को बताई।
आरोपी गिरफ्तार, भेजा गया जेल
इसके बाद पीड़िता अपनी मां के साथ गोपीकांदर थाने पहुंची और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी संतोष मुर्मू को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया।
थाना प्रभारी सुमित भगत ने बताया कि आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने पीड़िता की मेडिकल जांच भी कराई है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।