दुमका में शादी का दबाव देने पर विधवा प्रेमिका को पेट्रोल डालकर जलाया, पुलिस ने किया गिरफ्तार
एक विधवा महिला को शादी का दबाव बनाने पर उसके प्रेमी ने पेट्रोल डालकर जला दिया। पीड़िता वर्तमान में वर्धमान के एक अस्पताल में भर्ती है और बोलने में असमर्थ है। पुलिस ने पीड़िता की मां की शिकायत पर आरोपी प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है। घटना की पूरी जानकारी पीड़िता के बयान के बाद ही मिल पाएगी।
-1763222082995.webp)
शिकारीपाड़ा थाना पुलिस की गिरफ्त में आरोपित। (जागरण)
जागरण संवाददाता, दुमका। शिकारीपाड़ा के सीतासाल गांव में 13 नवंबर की रात शादी का दबाव देने पर प्रेमी ने 21 साल की विधवा आदिवासी प्रेमिका पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी।
पुलिस की मदद से झुलसी महिला को पहले पश्चिम बंगाल के रामपुरहाट अस्पताल में भर्ती कराया गया, हालत में सुधार नहीं होने पर उसे वर्धमान रेफर कर दिया।
विधवा की मां के बयान पर पुलिस ने शुक्रवार की शाम आरोपित और उसकी पत्नी पर मामला दर्ज किया। शनिवार को पुलिस ने आरोपित युवक को शिकारीपाड़ा से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पुलिस महिला के होश में आने का इंतजार कर रही है।
दरअसल शिकारीपाड़ा थाना की पुलिस को 13 नवंबर की रात सूचना मिली कि सीतासाल में घर में ही आदिवासी महिला आग से झुलस गई है। पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को इलाज के लिए रामपुरहाट अस्पताल में भर्ती कराया।
चिकित्सकों ने गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए वर्धमान रेफर कर दिया। इस मामले में सरसडंगाल में रहने वाली पीड़िता की मां ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि मंझलाडीह के युवक और उसकी पत्नी ने मिलकर बेटी पर पेट्रोल छिड़क कर आग लगा दी है। उसने पुलिस को बताया कि बेटी के पति की पहले ही मौत हो चुकी है।
विधवा बेटी अपने ससुराल में ही रहती है। शादी का झांसा देकर युवक ने बेटी को वश में कर लिया और तीन साल से उसका यौन शोषण कर रहा था। उसने युवक से कई बार शादी करने की बात कही, लेकिन शादीशुदा होने के कारण वह लगातार टालता रहा। इस बात को लेकर कुछ महीनों से दोनों में झगड़ा भी होता था।
13 नवंबर की रात युवक अपनी पत्नी के साथ बेटी के ससुराल आया और मिलकर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। जिससे वह बुरी तरह से झुलस गई। पुलिस ने तुंरत मामला दर्ज कर आरोपित की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी। शनिवार को पुलिस ने बाजार से आरोपित को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पीड़िता का अभी वर्धमान में इलाज चल रहा है। वह बोल पाने की स्थिति में नहीं है। बयान लेने के बाद ही घटना क्लियर होगी। अभी पीड़िता की मां की प्राथमिकी के आधार पर प्रेमी को गिरफ्तार किया गया है।
-अमित लाकड़ा, थाना प्रभारी शिकारीपाड़ा

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।