दूल्हे ने मंडप में दुल्हन के सामने कर दी ऐसी हरकत... हर कोई हो गया शर्मसार; लौट गई बरात
विवाह से संबंधित शेष रस्मों को निभाने के लिए दूल्हे को मंडप पर बुलाया गया। इस बीच महिलाओं ने दूल्हे के हाथ में अक्षत (चावल) दिया। बस यहीं से मामला बिगड़ गया। दूल्हा देवव्रत गाली-गलौज करने लगा और चावल फेंक दिया। उसने सिर पर बंधे सेहरा भी फेंक दिया और नशे की हालत में मंडप पर ही गिर पड़ा।

संवाद सूत्र, रंका (गढ़वा)। विवाह की खुशी पर अचानक ग्रहण लग गया, बरात वापस हो गई और शादी की जोड़े में सजी दुल्हन के हाथ में मेंहदी लगी रह गई। मामला रंका थाना क्षेत्र के बरदरी गांव का है। सोमवार की रात बरदरी गांव निवासी राम शरण रवि की पुत्री की शादी के लिए पलामू जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र के निमिया गांव से बरात आई थी।
सभी कार्यक्रम सामान्य तरीके से चल रहा था। बरातियों को नाश्ता-पानी कराया गया। फिर द्वार पूजा के लिए दूल्हा बरातियों के साथ आतिशबाजी के बीच डांस करता हुआ द्वार पर पहुंचा। जहां द्वार पूजा हुई। उत्साह के वातावरण में ही वरमाला का कार्यक्रम संपन्न हुआ। तब तक रात के करीब एक बजे चुके थे।
वरमाला के बाद दूल्हा अपने दोस्तों के साथ जनवासा गया, जहां वह लगभग दो घंटे तक यहां अपने दोस्तों के साथ रहा। बताया रहा है कि विवाह से संबंधित शेष रस्मों को निभाने के लिए दूल्हे को मंडप पर बुलाया गया। इस बीच महिलाओं ने दूल्हे के हाथ में अक्षत (चावल) दिया। बस, यहीं से मामला बिगड़ गया।
दूल्हा देवव्रत गाली-गलौज करने लगा और चावल फेंक दिया। उसने सिर पर बंधे सेहरा भी फेंक दिया और नशे की हालत में मंडप पर ही गिर पड़ा। इसके बाद वर व वधु पक्ष दोनों के बीच जमकर हंगामा हुआ। यह देख दुल्हन ने नशेड़ी दूल्हे से विवाह करने से साफ इनकार कर दिया।
इधर, अधिक नशापान के कारण दूल्हा अर्द्धबेहोशी की हालत में मंगलवार की दोपहर तक मंडप पर ही पड़ा रहा। बाद में उसके होश में आने के बाद उसके स्वजन उसे घर ले जाने की तैयारी करने लगे।
इस बीच दुल्हन पक्ष के लोगों ने दहेज में लिए रुपये, सामान तथा शादी का खर्च दिए बिना नहीं जाने देने का फरमान सुनाया। घटना की जानकारी रंका थाना तक भी पहुंची, जहां वरीय पदाधिकारियों की उपस्थिति में दूल्हा पक्ष ने दहेज में मिले नकद रुपये और अन्य सामान एक पखवाड़े के अंदर लौटाने पर सहमति जताई।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।