Trending

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    गुमला हादसा: चारों दोस्त एक ही बाइक पर सवार थे, लापरवाही ने ले ली दो छात्रों की जान

    Updated: Wed, 11 Feb 2026 04:44 PM (IST)

    Jharkhand गुमला के बिशुनपुर में मैट्रिक परीक्षा देकर लौट रहे चार छात्रों की बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई। करम टोली गांव के पास हुए इस हृदयविदारक हादसे मे ...और पढ़ें

    News Article Hero Image

    मैट्रिक परीक्षा से लौट रहे दो छात्रों की मौत। जांच पड़ताल के लिए पहुंची पुलिस।

    संवाद सूत्र, (बिशुनपुर) गुमला। सड़क पर बच्चों की लापरवाही से करम टोली गांव में मातम का माहौल है। बिशुनपुर थाना क्षेत्र के करम टोली गांव के समीप बुधवार को हृदय विदारक सड़क हादसे में मैट्रिक परीक्षा देकर घर लौट रहे दो छात्रों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए।

    घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है और मृतक छात्रों के गांवों में सन्नाटा पसरा हुआ है। सब यही कह रहे थे कि काश किसी ने चारों बच्चों को एक ही बाइक पर जाने से रोका होता। 

    प्राप्त जानकारी के अनुसार अंकुरी ढाढ टोली निवासी अमित बरवा, संदरी निवासी रोशन टोप्पो, हराटोली निवासी नवनीत उरांव तथा आसिम लकड़ा बुधवार को मैट्रिक परीक्षा देकर अपने-अपने परीक्षा केंद्र से निकले थे।

    अमित बरवा और रोशन टोप्पो का परीक्षा केंद्र टाना भगत आवासीय बालिका उच्च विद्यालय, चापाटोली में था, जबकि नवनीत उरांव और आसिम लकड़ा का केंद्र एसएस हाई स्कूल, बिशुनपुर में पड़ा था।

    परीक्षा समाप्त होने के बाद चारों छात्र एक ही बाइक पर सवार होकर घर लौट रहे थे। बताया जाता है कि करम टोली गांव से आगे एक मोड़ पर बाइक चालक का संतुलन अचानक बिगड़ गया। बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने पुल के पिलर से जा टकराई।

    टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि अमित बरवा और नवनीत उरांव की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि रोशन टोप्पो और आसिम लकड़ा गंभीर रूप से घायल हो गए।

    घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और सभी को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, बिशुनपुर पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों छात्रों को मृत घोषित कर दिया। घायल छात्रों का प्राथमिक उपचार कर बेहतर इलाज के लिए उन्हें रेफर किए जाने की तैयारी की जा रही है।

    सूचना मिलने पर बिशुनपुर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि तेज रफ्तार और संतुलन बिगड़ने से हादसा हुआ, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की बारीकी से जांच कर रही है।

    इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतक छात्रों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परीक्षा देकर लौट रहे चार दोस्तों की खुशियां कुछ ही पलों में मातम में बदल गईं, जिससे पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।

    सड़क सुरक्षा में लापरवाही बनी जानलेवा

    इस हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। चार छात्रों का एक ही बाइक पर सवार होकर लौटना नियमों के खिलाफ है और ऐसी लापरवाही अक्सर बड़े हादसों का कारण बनती है।

    यदि यातायात नियमों का पालन किया जाता और ओवरलोडिंग नहीं होती, तो शायद यह दुर्घटना टाली जा सकती थी। विशेषज्ञों का कहना है कि नाबालिग या अनुभवहीन बच्चों को वाहन चलाने से रोकना अभिभावकों की जिम्मेदारी भी है।

    पेरेंट्स को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि उनके बच्चे बिना लाइसेंस वाहन न चलाएं और सुरक्षा नियमों का पालन करें। थोड़ी सी सतर्कता कई जिंदगियां बचा सकती है।

    यह भी पढ़ें- रिम्स में गंभीर लापरवाही: ब्रेन हैमरेज के मरीज को दी गई एक्सपायरी दवा, जांच शुरू

    यह भी पढ़ें- दंपती गिरफ्तार: रांची में प्रेम–शादी विवाद में चाय में जहर डालकर हत्या, दो दिन में दो मौतें