Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    धनबाद से छापामारी कर लौट रही हजारीबाग पुलिस की गाड़ी खड़े ट्रेलर से टकराई, एक सिपाही की मौत; 4 की हालत गंभीर

    Updated: Tue, 14 Jul 2026 11:33 AM (IST)

    हजारीबाग पुलिस की टीम धनबाद से छापेमारी कर लौटते समय जीटी रोड पर एक खड़े ट्रेलर से टकरा गई। इस भीषण हादसे में एक आरक्षी राम लखन यादव की मौके पर ही मौत ...और पढ़ें

    हजारीबाग पुलिस की गाड़ी खड़े ट्रेलर से टकराई

    हजारीबाग पुलिस की गाड़ी खड़े ट्रेलर से टकराई

    संवाद सूत्र, हजारीबाग। धनबाद के मैथन से छापेमारी कर लौट रही चलकुशा थाना पुलिस की टीम मंगलवार की सुबह भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गई। जीटी रोड पर सड़क किनारे खड़े ट्रेलर से पुलिस वाहन की जोरदार टक्कर हो गई। 

    हादसे में आरक्षी राम लखन यादव (43) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि वाहन चालक समेत चार अन्य पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

    सड़क किनारे खड़े ट्रेलर से टक्कर

    जानकारी के अनुसार चलकुशा थाना की पुलिस टीम एक मामले में छापेमारी के लिए धनबाद के मैथन गई थी। कार्रवाई पूरी कर सभी पुलिसकर्मी सरकारी वाहन से हजारीबाग लौट रहे थे। मंगलवार सुबह जीटी रोड पर सफर के दौरान वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे खड़े ट्रेलर के पिछले हिस्से से जा टकराया।

    टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पुलिस वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार जवान बुरी तरह फंस गए।

    चार अन्य जवानों की हालत गंभीर

    हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची स्थानीय पुलिस व बचाव दल ने काफी मशक्कत के बाद वाहन में फंसे पुलिसकर्मियों को बाहर निकाला। सभी घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने आरक्षी राम लखन यादव को मृत घोषित कर दिया। चालक समेत चार अन्य जवानों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

    खबरें और भी

    अनियंत्रित होकर खड़े ट्रेलर से टकराने की बात 

    घटना की सूचना मिलते ही हजारीबाग पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई। वरीय पुलिस अधिकारी अस्पताल पहुंचे और घायलों के इलाज की जानकारी ली। अधिकारियों ने दुर्घटनास्थल का भी निरीक्षण किया। पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। 

    WhatsApp Image 2026-07-14 at 11.12.11 AM

    प्रारंभिक जांच में वाहन के अनियंत्रित होकर खड़े ट्रेलर से टकराने की बात सामने आई है, हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।

    हजारीबाग पुलिस परिवार में मातम

    आरक्षी राम लखन यादव के निधन से पुलिस विभाग में गहरा शोक है। सहकर्मियों ने उन्हें कर्तव्यनिष्ठ, अनुशासित और मिलनसार जवान बताते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की। 

    WhatsApp Image 2026-07-14 at 11.12.12 AM

    पुलिस विभाग ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद उनके पार्थिव शरीर का पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार कराया जाएगा, जबकि घायल जवानों के बेहतर इलाज की व्यवस्था की जा रही है। घटना के बाद चलकुशा थाना सहित पूरे हजारीबाग पुलिस परिवार में मातम का माहौल है।

    यह भी पढ़ें- हजारीबाग के सरकारी स्कूल में चोरों ने अंडा बनाकर की शराब पार्टी, मिड-डे मील का राशन और बायोमेट्रिक मशीन गायब