Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Jamshedpur women's univ के दीक्षा समारोह में राज्यपाल ने बेटियों की शिक्षा और सशक्तिकरण पर दिया जोर

    Updated: Wed, 19 Nov 2025 10:17 PM (IST)

    जमशेदपुर महिला विश्वविद्यालय के दीक्षा समारोह में राज्यपाल ने बेटियों की शिक्षा और सशक्तिकरण पर बल दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षा महिलाओं को सशक्त बनाती है और समाज के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। राज्यपाल ने छात्राओं को उच्च शिक्षा प्राप्त करने और अपने सपनों को साकार करने के लिए प्रोत्साहित किया, साथ ही महिला सशक्तिकरण के महत्व पर प्रकाश डाला।

    Hero Image

    बुधवार को जमशेदपुर महिला विश्वविद्यालय के तृतीय दीक्षा समारोह में मंच पर मौजूद राज्‍यपाल संतोष कुमार गंगवार।

    जागरण संवाददाता, जमशेदपुर। जमशेदपुर महिला विश्वविद्यालय के तृतीय दीक्षा समारोह में राज्यपाल सह कुलाधिपति संतोष कुमार गंगवार ने महिला शिक्षा और सशक्तिकरण पर जोर देते हुए कहा कि झारखंड की प्रतिभाशाली बेटियां विकसित भारत@2047 के संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। उन्होंने विश्वविद्यालय के एक्सएलआरआई सभागार में आयोजित समारोह में छात्राओं को उपाधि प्रदान करते हुए उन्हें भविष्य के लिए प्रेरित किया।

    राज्यपाल ने कहा कि राज्य के सभी विश्वविद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, नियमित कक्षाएं, समय पर परीक्षाएं और समयबद्ध परिणाम सुनिश्चित करना प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जमशेदपुर महिला विश्वविद्यालय महिला शिक्षा के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्टता का आदर्श केंद्र बने और इसके लिए तेजी से प्रयास किए जाने चाहिए।

    संतोष कुमार गंगवार ने कहा कि नया वर्ष कालेज के शिक्षकों की बहाली और प्रोन्नति का वर्ष होगा। इस दिशा में झारखंड सरकार भी लगातार प्रयासरत है। 

    उन्होंने कहा कि बेटियों की शिक्षा किसी भी समाज की वास्तविक प्रगति का आधार है। राज्यपाल ने उपाधि प्राप्त सभी छात्राओं को हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता उनके परिश्रम, अनुशासन और समर्पण का परिणाम है।

    राज्यपाल ने विश्वविद्यालय की यात्रा का उल्लेख करते हुए कहा कि यह एक इंटरमीडिएट कालेज से पूर्ण विश्वविद्यालय बनने तक की महिला शिक्षा, सशक्तिकरण और सामाजिक परिवर्तन की प्रेरक कहानी है। उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त की कि विश्वविद्यालय की पूर्व छात्राएं शिक्षा, प्रशासन, विज्ञान, उद्यमिता, कला और खेल सहित सभी क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान दे रही हैं।

    संतोष कुमार गंगवार ने प्रधानमंत्री द्वारा नारी सशक्तिकरण, बेटियों की शिक्षा, सुरक्षा और सम्मान के लिए चलाए जा रहे अभियानों का भी उल्लेख किया। उन्होंने विशेष रूप से बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ्र, कौशल विकास और महिला उद्यमिता कार्यक्रमों की सफलता पर जोर दिया और कहा कि इनके सकारात्मक परिणाम पूरे देश में दिखाई दे रहे हैं। 

    उन्होंने कहा कि भारत की बेटियां आज विश्व स्तर पर नए कीर्तिमान स्थापित कर रही हैं और झारखंड की बेटियां भी इस दिशा में तेज़ी से आगे बढ़ रही हैं। राज्यपाल ने अपने संबोधन में यह स्पष्ट किया कि दीक्षा केवल शिक्षा का समापन नहीं, बल्कि जीवन की एक नई यात्रा का आरंभ है। 

    उन्होंने छात्राओं को सलाह दी कि वे किसी भी क्षेत्र में जाएं- चाहे वह शिक्षा, न्याय, प्रशासन, विज्ञान, उद्योग या सामाजिक सेवा हो, उनकी सफलता हमेशा मानवीय संवेदनाओं, नैतिक मूल्यों और जिम्मेदारियों से परिपूर्ण होनी चाहिए।

    उन्होंने छात्राओं को अनुशासन, निरंतर सीखने की प्रवृत्ति और आत्मविश्वास को जीवन का आधार बनाने की प्रेरणा दी। साथ ही उन्होंने कहा कि अवसर स्वयं नहीं आते, उन्हें परिश्रम और संकल्प से हासिल करना पड़ता है। 

    उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि राज्य के विभिन्न दीक्षांत समारोहों में पदक प्राप्त करने वाली छात्राओं की संख्या लड़कों से अधिक देखना,  राज्य की उभरती नारी-शक्ति का प्रमाण है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें
    image

    बुधवार को जमशेदपुर महिला विश्वविद्यालय के तृतीय दीक्षा समारोह में मौजूद छात्राएं।