Health Tips : शाकाहारी हैं तो प्रोटीन की कमी को दूर करने रोज खाएं यह चीजें
Health Tips मांसाहारी के लिए प्रोटीन के ढेर सारे विकल्प हैं। लेकिन शाकाहारी शरीर में प्रोटीन की कमी कैसे दूर करें। प्रोटीन शरीर के लिए जरूरी होता है। अगर किसी का वजन 80 किलो है तो उसे कम से कम 60 ग्राम प्रोटीन रोजाना चाहिए...

जमशेदपुर : प्रोटीन एक ऐसा पोषक तत्व है, जिसे प्रत्येक मनुष्य को जरूरत होती है। प्रोटीन शरीर के विभिन्न कोशिकाओं की मरम्मत करता है और नई कोशिका बनाने में मदद करता है। इसके अलावा प्रोटीन की सही मात्रा में खाने से वजन कम करने और मसल्स को बनाने में मदद करता है।
महात्मा गांधी मेमोरियल मेडिकल अस्पताल की डायटीशियन अनु सिन्हा कहती हैं कि सभी लोगों को अपने शरीर के वजन का 0.75 प्रति किलोग्राम बाडी वेट प्रोटीन का सेवन करना चाहिए। यानि अगर किसी का वजन 80 किलो है तो उसे 60 ग्राम प्रोटीन का सेवन किसी न किसी रूप में करना चाहिए।
जो लोग शारीरिक मेहनत करते हैं उन्हें शरीर के वजन का 1-1.5 प्रति किलोग्राम बाडी वेट के हिसाब से चिकित्सक या डायटीशियन से जरूर सलाह लेनी चाहिए। जो लोग शाकाहारी हैं, उन लोगों के पास प्रोटीन प्राप्त करने के काफी कम सोर्स होते हैं। इसलिए आज हम आपको बता रहे शाकाहारी प्रोटीन फूड के बारे में, जिसका सेवन हर कोई कर सकता है।
सोया चंक - सोया चंक यानि सोयाबरी। यह भी प्रोटीन का अच्छा सोर्स होता है। 50 ग्राम सोया चंक में 25 ग्राम प्रोटीन पाया जाता है। डायटीशियन अनु सिन्हा कहती हैं कि पुरूषों को 50 ग्राम प्रतिदिन से अधिक सोया चंक नहीं खाना चाहिए। क्योंकि सोया में फाइटोएस्ट्रोजेन पाया जाता है। जो पुरूषों के लिए सही नहीं होता।
टोफू - टोफू पनीर की तरह ही होता है। इसे सोयाबीन से बनाया जाता है। इसलिए इसे सोया पनीर भी कहा जाता है। यह पौधों से मिलने वाला प्रोटीन का अच्छा सोर्स है। 100 टोफू से लगभग 21-12 ग्राम प्रोटीन मिल जाता है। प्लेन टोफू का ही सेवन करना चाहिए।
पनीर - पनीर को दूध से बनाया जाता है। 100 ग्राम पनीर में लगभग 18-20 ग्राम प्रोटीन होता है। पनीर को किसी भी रूप में खाया जा सकता है।
मूंगफली - मूंगफली में हेल्दी फैट और प्रोटीन काफी अधिक मात्रा में पाया जाता है। 100 ग्राम मूंगफली में लगभग 25 ग्राम प्रोटीन पाया जाता है। यह टेस्ट में भी काफी अच्छी लगती हैँ। आसानी से सभी जगह उपलब्ध हो जाती है।
दालें - दालें प्रोटीन का काफी अच्छा सोर्स होती है। दालों में प्रोटीन काफी मात्रा में पाई जाती है। आधा कप पीली या हरी दाल में लगभग 8-9 ग्राम प्रोटीन मिल जाती है। प्रोटीन के लिए मूंग, अरहर, चने की दाल का सेवन कर सकते हैं।
चना - चना पका हुआ या छोले प्रोटीन से भरपूर होते हैं। आधा कप में लगभग सवा सात ग्राम प्रोटीन होता है। छोले को रोटी या चावल के साथ खाया जाता है। जो काफी स्वादिष्ट लगता है। चने व छोले का प्रयोग निश्चित मात्रा में करें, क्योंकि इनमें कैलोरी काफी अधिक होती है।
हरी मटर -सर्दियों के मौसम में आने वाली हरी मटर प्रोटी का अच्छा सोर्स है। 100 ग्राम मटर के दानों में 5.4 ग्राम प्रोटीन होता है। स्वाद के साथ पोषण में भी यह काफी अच्छी होती है।
बादाम - बादाम में काफी अधिक प्रोटीन पाया जाता है। 28 ग्राम बादाम में लगभग छह ग्राम प्रोटीन और 14 ग्राम हेल्दी फैट पाया जाता है। इसमें कैलोरी अधिक होती है, लेकिन यह शरीर को काफी फायदा पहुंचाता है।
चिया बीज - चिया बीज पोषक तत्वों से भरपूर होते हैं। 28 ग्राम चिया बीज में चार ग्राम प्राेटीन होता है। इसका किसी भी रूप में सेवन किया जा सकता है। यह रात की भूख को 50 प्रतिशत तक कम कर सकता है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।