Jamshedpur News: पति की बेवफाई से आहत महिला चढ़ी हाईटेंशन टावर पर, दो घंटे बाद सकुशल उतारी गई
जमशेदपुर के सोनारी में एक युवती के हाईटेंशन टावर पर चढ़ जाने से हड़कंप मच गया। प्रेम-प्रसंग में धोखा मिलने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस मौके पर पहुंचकर युवती को सुरक्षित नीचे उतारने का प्रयास कर रही है। यह घटना स्थानीय लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है।

जागरण संवाददाता, जमशेदपुर। जमशेदपुर के सोनारी थाना क्षेत्र में मंगलवार दोपहर एक महिला द्वारा हाईटेंशन टावर पर चढ़ने की घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। घटना लगभग 3:30 बजे की है, जब एक 28 वर्षीय महिला अचानक 60 फीट ऊंचे हाइटेंशन टावर पर चढ़ गई और नीचे उतरने से इनकार कर दिया। उसका कहना था कि उसका पति उसे धोखा दे रहा है और जब तक वह सामने नहीं आएगा, वह नीचे नहीं उतरेगी।
मौके पर पहुंची पुलिस, जुस्को कर्मियों और स्थानीय लोगों ने तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। इस दौरान टावर के आसपास भारी भीड़ जमा हो गई और सड़क पर यातायात भी बाधित हो गया। लोगों में महिला की जान को लेकर चिंता बढ़ती जा रही थी।
पति पर लगाया धोखा देने का आरोप
महिला की पहचान सरायकेला-खरसावां जिले के कुचाई थाना क्षेत्र की निवासी के रूप में हुई है। उसने बताया कि वह और उसका पति दोनों रांची के लालपुर इलाके में एक साथ एक निजी संस्थान में काम करते थे। महिला का आरोप है कि उसका पति अब किसी अन्य युवती के संपर्क में है और उससे बात नहीं कर रहा। पति का मोबाइल बंद रहने से वह मानसिक रूप से परेशान हो गई और यह कदम उठा लिया।
युवक ने दिखाया साहस, टावर पर चढ़कर की समझाने की कोशिश
रेस्क्यू के दौरान स्थानीय युवक रौशन सिंह ने साहसिक कदम उठाते हुए टावर पर चढ़कर महिला तक पहुंचने की कोशिश की और उसे समझाने का प्रयास किया। पुलिस और जुस्को की टीम ने भी समन्वय बनाते हुए रेस्क्यू प्लान तैयार किया। जुस्को की ओर से एक्सवेटर (उन्नत ऊंचाई तक पहुंचने वाली मशीन) की सहायता ली गई, ताकि महिला को सुरक्षित नीचे लाया जा सके।
दो घंटे की मशक्कत के बाद सकुशल उतारी गई महिला
लगभग दो घंटे की कड़ी मशक्कत और बातचीत के बाद आखिरकार महिला को सकुशल नीचे उतार लिया गया। रेस्क्यू के दौरान महिला थोड़े समय के लिए बेहोश भी हो गई थी, जिसके बाद उसे तत्काल प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाया गया।
पुलिस ने दिलाया भरोसा, होगी जांच
सोनारी थाना प्रभारी एस. आनंद ने बताया कि महिला की मानसिक स्थिति उस वक्त बेहद अस्थिर थी। उसे सुरक्षित नीचे उतारना प्राथमिकता थी, जो सफलतापूर्वक कर लिया गया। उन्होंने बताया कि महिला द्वारा लगाए गए आरोपों की जांच की जाएगी और उसके पति से भी पूछताछ की जाएगी।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
इस घटना का वीडियो वहां मौजूद लोगों द्वारा सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल किया जा रहा है, जिसमें महिला टावर पर चढ़ी नजर आ रही है और नीचे रेस्क्यू टीम उसे उतारने की कोशिश कर रही है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।