Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Jamshedpur News: जेल से छूटा अंतर्राज्यीय अपराधी गिरफ्तार, हथियार और कारतूस बरामद

    By ANWESH AMBASHTHAEdited By: Shashank Baranwal
    Updated: Thu, 09 Oct 2025 10:54 PM (IST)

    जमशेदपुर के गोलमुरी थाना पुलिस ने कुख्यात अपराधी सौरभ चौधरी को हथियार के साथ गिरफ्तार किया। उस पर रंगदारी वसूलने का आरोप है और उसके पास से पिस्तौल बरामद हुई है। पुलिस को आशंका है कि वह किसी बड़ी वारदात की फिराक में था। उसके सहयोगी देवेंद्र सिंह की तलाश जारी है। पूरण पर झारखंड, बंगाल और राजस्थान में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।

    Hero Image

    गोलमुरी में जेल से छूटा अंतरराज्यीय अपराधी हथियार समेत गिरफ्तार। फोटो जागरण

    जागरण संवाददाता, जमशेदपुर। गोलमुरी थाना की पुलिस ने कुख्यात अंतर्राज्यीय अपराधी सौरभ चौधरी उर्फ पूरण चौधरी को हथियार के साथ गिरफ्तार कर लिया। 

    पुलिस को उसके पास से एक पिस्तौल और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं। पूरण कुछ माह पूर्व ही जेल से जमानत पर छूटा था, लेकिन बाहर आते ही फिर से आपराधिक गतिविधियों में सक्रिय हो गया था। आपराधिक मामले को लेकर वह सोशल मीडिया पर भी सक्रिय रहता है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    पुलिस को मिली जानकारी के अनुसार, पूरण चौधरी अपने सहयोगी देवेंद्र सिंह के साथ मिलकर गोलमुरी, सिदगोड़ा और आसपास के क्षेत्रों में व्यापारियों, दुकानदारों और ठेकेदारों से रंगदारी वसूल रहा था। 

    डर के कारण कोई भी खुलकर शिकायत नहीं कर रहा था, लेकिन पुलिस की खुफिया सूचना के आधार पर उसे हिरासत में लिया गया। पूछताछ में उसने देवेंद्र सिंह द्वारा हथियार देने की बात स्वीकार की, साथ ही यह भी स्वीकार किया कि वह वसूली कर रहा था। 

    गोलमुरी थाना प्रभारी संजय सुमन ने बताया कि आरोपित पर सीसीए का भी आरोपित रहा है। पंजाब और चंडीगढ़ में भी उसकी गतिविधि रही है। गोलमुरी थाना में उसके विरुद्ध आर्म्स एक्ट की प्राथमिकी दर्ज की गई है। उसके सहयोगी की तलाश पुलिस कर रही है।

    पूछताछ में बताया हथियार देवेंद्र सिंह ने उसे दिया

    पूरण चौधरी ने स्वीकार किया कि वह फिर से संगठित होकर रंगदारी वसूलने में लगा था। देवेंद्र सिंह ने ही उसे पिस्तौल और कारतूस उपलब्ध कराए थे। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने हथियार भी बरामद कर लिए हैं। 

    पुलिस ने वरीय अधिकारियों के निर्देश पर पूरण को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस को आशंका है कि पूरण चौधरी किसी बड़ी वारदात की फिराक में था। 

    उसकी लगातार बढ़ती सक्रियता ने प्रशासन को सतर्क कर दिया था। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी लगातार नजर रख रहे थे। गिरफ्तार कर पूछताछ के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

    अपराधों का लंबा इतिहास, 16 से अधिक मामले दर्ज 

    पूरण चौधरी के खिलाफ झारखंड, पश्चिम बंगाल और राजस्थान में संगीन धाराओं में कुल 16 से अधिक मामले दर्ज हैं। इनमें हत्या, लूट, रंगदारी, फायरिंग, पुलिस पर हमला और आर्म्स एक्ट के मामले शामिल हैं। 

    वह और उसकी बहन हथियार की सप्लाई करने के मामले में जेल जा चुके है। जिले के तत्कालीन एसएसपी किशोर कौशल के कार्यकाल में उसे एमजीएम थाना क्षेत्र से 2024 को गिरफ्तार किया गया था। 

    उसके विरुद्ध दर्ज मामले में अवैध रूप से हथियार रखने, लूटपाट करने, रंगदारी मांगने, धमकी देने, हथियार की खरीद-बिक्री करने के आरोप से संबंधित है। जयपुर के मुरारीपुरा में उस पर हथियार की खरीद-बिक्री के मामले दर्ज है।