Jamshedpur में तापमान में गिरावट, पांच दिनों तक सुबह में छाया रहेगा कोहरा
जमशेदपुर में तापमान गिरने से ठंड बढ़ गई है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले पांच दिनों तक सुबह कोहरा छाया रहेगा, जिससे दृश्यता कम होगी। ठंड बढ़ने से लोगों की दिनचर्या प्रभावित हो रही है। विभाग ने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है।

फाइल फोटो।
जासं, जमशेदपुर । झारखंड के जमशेदपुर और आसपास के क्षेत्रों में ठंड तेजी से बढ रही है। न्यूनतम तापमान में तेजी से गिरावट हो रही है। इस कारण पिछले कुछ दिनों से ठंड बढ़ गई है।
उत्तरी और पूर्वी हवाओं के कारण तापमान में गिरावट आई है। जिससे सुबह और शाम को सिहरन महसूस हो रही है। अगले पांच दिनों तक सुबह में कोहरा छाया रहेगा।
मंगलवार को जमशेदपुर का अधिकतम तापमान 28.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 1.5 डिग्री सेल्सियस कम रहा। जबकि न्यूनतम तापमान 13.0 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 2.3 डिग्री कम है।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले पांच दिनों तक पूर्वी सिंहभूम जिले में मौसम शुष्क बना रहेगा और आसमान साफ रहेगा। इस दौरान बारिश की कोई संभावना नहीं है। हालांकि, सुबह में कोहरा छा सकता है।
मौसम विज्ञान केंद्र रांची के अनुसार, जमशेदपुर में आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे वृद्धि हो सकती है। पूर्वानुमान के मुताबिक, 19 नवंबर को न्यूनतम तापमान 14 डिग्री, 20 नवंबर को 15 डिग्री और 21 नवंबर को 16 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है।
वहीं, अधिकतम तापमान 29 से 30 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रहेगा। हवा में नमी की मात्रा सुबह में 89 प्रतिशत और शाम को 39 प्रतिशत दर्ज की गई, जिससे सुबह की ठंड अधिक महसूस हुई।
गुमला रहा राज्य का सबसे ठंडा स्थान
पूरे झारखंड में ठंड का प्रकोप जारी है। राज्य के पश्चिमी और मध्य भागों में कई स्थानों पर शीतलहर जैसी स्थिति बनी हुई है। मंगलवार को गुमला राज्य का सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान 7.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
यह इस सीजन के सबसे कम तापमानों में से एक है। वहीं, राजधानी रांची में भी ठंड का असर दिखा और न्यूनतम तापमान 11.3 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।
मौसम विभाग का कहना है कि अगले दो-तीन दिनों तक राज्य के कई हिस्सों में सुबह के समय कोहरे का प्रभाव देखने को मिल सकता है। मौसम शुष्क रहने के कारण दिन में धूप निकलेगी।
लेकिन रात में ठंडक बनी रहेगी। चिकित्सकों ने बदलते मौसम में बच्चों और बुजुर्गों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है, ताकि वे ठंड से होने वाली बीमारियों से बच सकें।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।