Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Jharkhand Weather: मूसलाधार बारिश से कोल्हान में बाढ़ का खतरा, जमशेदपुर अलर्ट पर

    Updated: Thu, 10 Jul 2025 07:53 AM (IST)

    पिछले 24 घंटों में कोल्हान में भारी बारिश से बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। जमशेदपुर के कई इलाकों में पानी घुस गया है जिससे लोगों को काफी नुकसान हुआ है। स्वर्णरेखा और खरकई नदी का जलस्तर बढ़ने से स्थिति और गंभीर हो गई है। जिला प्रशासन ने अलर्ट जारी कर लोगों को सतर्क रहने की चेतावनी दी है।

    Hero Image
    कोल्हान में बाढ़ जैसे हालात, लोगों की बढ़ी मुश्किल

    जागरण संवाददाता, जमशेदपुर। पिछले 24 घंटे से पूर्वी सिंहभूम समेत पूरे कोल्हान प्रमंडल में मूसलाधार बारिश के कारण बाढ़ जैसी स्थिति बन गई है। जमशेदपुर सहित घाटशिला, बहरागोड़ा, गुड़ाबांधा, धालभूमगढ़, चाईबासा, चांडिल और अन्य इलाकों में भारी वर्षा दर्ज की गई है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, सबसे अधिक बारिश घाटशिला में 83.6 एमएम और जमशेदपुर के आस-पास 82.6 एमएम दर्ज की गई। कुल मिलाकर कोल्हान में 854.5 एमएम बारिश हुई। बारिश का असर जमशेदपुर के कदमा, सोनारी, बागबेड़ा, साकची, बिष्टुपुर जैसे क्षेत्रों में स्पष्ट दिखाई दे रहा है।

    कदमा अनिल सूर पथ में हालात बेहद गंभीर हो गए हैं। वहां तालाब और नाली का पानी दर्जनों घरों में घुस गया है। दो दिनों से बुजुर्ग और बच्चे घरों में कैद हैं।

    स्थानीय निवासी विकी कुमार, संतोष शर्मा, अंजली तिवारी और सुमन ने बताया कि घरों में लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। लोग चंदा कर नाली बनवा रहे हैं ताकि पानी निकाला जा सके।

    स्थानीय लोगों का आरोप है कि जुस्को प्रबंधन की लापरवाही से यह स्थिति बनी। उन्होंने कहा कि पानी निकलने की कोई व्यवस्था नहीं है। विधायक और नगर निगम से भी कोई मदद नहीं मिल रही है।

    इधर, स्वर्णरेखा और खरकई नदी का जलस्तर खतरे के निशान के करीब पहुंच गया है। निचले इलाकों में पानी घुसने लगा है, जिससे बाढ़ की आशंका और गहरा गई है।

    जिला प्रशासन ने ऐहतियातन अलर्ट जारी कर दिया है। 13 जुलाई तक पूरे कोल्हान में येलो अलर्ट जारी किया गया है और लोगों से सतर्क रहने को कहा गया है। बारिश के कारण शहर की प्रमुख सड़कों पर जल-जमाव की स्थिति बन गई है। यातायात भी प्रभावित हो रहा है।

    जमशेदपुर में 83 एमएम वर्षा दर्ज

    मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार को जमशेदपुर में दिनभर वर्षा होते रही। शाम 8 बजे तक कुल 83 एमएम वर्षा दर्ज की गई।

    वहीं, शहर का अधिकतम तापमान 26.1 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। गुरुवार को शहर का न्यूनतम तापमान 23 और अधिकतम तापमान 30.0 डिग्री सेल्सियस होने की संभावना है।