Jharkhand Weather: बारिश के बाद अब गर्मी करेगी बेहाल, कूलर-पंखे होंगे फेल; IMD के नए अपडेट से बढ़ेगी मुश्किल
जमशेदपुर में बीते 24 घंटे में 37 एमएम बारिश हुई। मौसम विभाग के अनुसार शहर में बादल छाए रहेंगे और तापमान में उतार-चढ़ाव होगा। अगले छह दिनों में तापमान में तीन डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है। जमशेदपुर और आसपास के क्षेत्रों में हल्की वर्षा दर्ज की गई। रविवार को मौसम सामान्य रहने की संभावना है।

जागरण संवाददाता, जमशेदपुर। प्रदेश के मौसम में लगातार बदलाव देखने को मिल रहा है। राजधानी रांची में रविवार को बादल छाए रहने की संभावना है। शनिवार को भी उमस भरी गर्मी के बीच आसमान में बादल छाए रहे। वहीं, शाम में जमशेदपुर के आस-पास क्षेत्र आदित्यपुर, गम्हरिया में वर्षा हुई। इस दौरान 1.4 एमएम वर्षा दर्ज की गई। वहीं, भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, बीते 24 घंटे में जमशेदपुर क्षेत्र में 37 एमएम वर्षा दर्ज की गई।
आज बारिश के आसार नहीं
मौसम विभाग के अनुसार, रविवार से मौसम सामान्य रहने की संभावना है। रविवार को आसमान में बादल देखने को मिल सकता हैं, लेकिन वर्षा होने की संभावना नहीं है। वहीं, अगले छह जून तक आसमान में बादल देखने को मिलेंगे। इस दौरान तापमान में भी उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा।
शनिवार को शहर का अधिकतम तापमान 33.8 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया दया। अगले छह दिनों में तापमान में तीन डिग्री की बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है।
निमियाघाट: गर्मी व बारिश से बढ़े मौसमी बीमारी के मरीज
डुमरी प्रखंड क्षेत्र में मौसम में आ रहे लगातार बदलाव से स्वास्थ्य समस्याएं बढ़ गई हैं। रेफरल अस्पताल डुमरी की ओपीडी में शनिवार को उल्टी-दस्त, बुखार, खांसी और जुकाम के पचास से अधिक मरीज पहुंचे। निजी अस्पतालों में भी इन्हीं बीमारियों के मरीजों की संख्या अधिक रही।
ओपीडी में इलाज के दौरान डॉ पोवेल पराशर ने बताया कि तेज गर्मी के बीच होने वाली बारिश स्वास्थ्य के लिए संवेदनशील होती है। इस मौसम में फंगल और बैक्टीरियल इंफेक्शन, दूषित पानी से होने वाली बीमारियां, वायरल फीवर, मलेरिया, टाइफाइड और डायरिया का खतरा बढ़ जाता है। त्वचा संबंधी बीमारियां हो सकती हैं।
बच्चों और बुजुर्गों को विशेष सावधानी की जरूरत है। बच्चों की रोग प्रतिरोधक क्षमता कमजोर होती है। इस मौसम में घर और आसपास पानी जमा न होने दें। साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें। शरीर में पानी की कमी न होने दें। बारिश में भीगने से बचें, क्योंकि इससे त्वचा संबंधी बीमारियां हो सकती हैं।
खानपान का रखें विशेष ध्यान
चिकित्सक ने कहा कि खानपान पर विशेष ध्यान दें। इस मौसम में मच्छर भी तेजी से पनपते हैं। स्वच्छ पेयजल का सेवन करें। कपड़ों की सफाई का भी ध्यान रखें। समय पर उचित चिकित्सा लें। छोटी-सी लापरवाही स्वास्थ्य के लिए हानिकारक हो सकती है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।