रांची जा रही बस कोडरमा में पलटी, एक दर्जन से अधिक यात्री हुए घायल
कोडरमा जिले के सतगावां थाना क्षेत्र में एक यात्री बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई जिसमें दर्जन से अधिक यात्री घायल हो गए। दुर्घटना सतगावां से रांची जा रही सागर यात्री बस के अनियंत्रित होकर पलटने से हुई। स्थानीय ग्रामीणों और पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया और गंभीर रूप से घायल यात्रियों को कोडरमा सदर अस्पताल रेफर किया गया। दुर्घटना का कारण तेज गति और कोहरा बताया जा रहा है।

संवाद सूत्र, सतगावां (कोडरमा)। सोमवार की अलसुबह कोडरमा जिले के सतगावां थाना क्षेत्र अंतर्गत अंगार मोड़ के समीप बड़ा सड़क हादसा हो गया।
सतगावां से रांची जा रही सागर यात्री बस (संख्या जेएच-02बीटी-5673) अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसे में दर्जन से अधिक यात्री घायल हो गए। सभी घायल यात्री दर्द के कारण सड़क पर छटपटा रहे थे।
घटना के बाद घटनास्थल के आसपास अफरातफरी मच गई। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सतगावां पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद 11 गंभीर रूप से घायल यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए कोडरमा सदर अस्पताल रेफर किया गया।
घायलों में सचिन कुमार (18), रानी देवी (41), अंकित कुमार (20), रामस्वरूप प्रसाद यादव (55), काजल कुमारी (18), रिया कुमारी (17), दीपक कुमार (19), राहुल कुमार (25), राजेश कुमार (24), ललिता कुमारी (29), हर्षील कुमार (5), ब्रह्मदेव प्रसाद यादव (62), एसआई अरविंद सिंह (58) समेत कई अन्य शामिल हैं।
सभी लोग सड़गामा एवं इसके आसपास के इलाकों के रहने वाले हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस में लगभग 25 से अधिक यात्री सवार थे। घायल यात्रियों ने बताया कि तेज रफ्तार और सुबह कुहासे के कारण चालक ने अचानक मोड़ पर नियंत्रण खो दिया, जिसके बाद बस पलट गई।
ग्रामीणों ने त्वरित सहायता पहुंचाकर घायलों को अस्पताल भेजा। इधर, पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और वाहन को सड़क किनारे कराया। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।