Pakur News: नगर निकाय चुनाव की घोषणा का इंतजार, अंतिम चरण में वार्डवार मतदाता सूची
पाकुड़ में नगर निकाय चुनाव की सुगबुगाहट तेज हो गई है। जिला प्रशासन तैयारियों में जुटा है और मतदाता सूची का पुनरीक्षण अंतिम चरण में है। शहरवासियों में ...और पढ़ें

चंदन रक्षित, पाकुड़। लंबे इंतजार के बाद नगर निकाय चुनाव की उम्मीद बलवती हुई है। नगर निकाय चुनाव को लेकर जिला प्रशासन तैयारी में जुट गया है। पूर्व पार्षद के साथ साथ चुनाव में भाग्य आजमाने को आतुर उम्मीदवार अपने अपने क्षेत्र में सक्रिय हो गए हैं। वोटरों को साधने की कवायद तेज हो गई है। जल्द ही नगर निकाय चुनाव का बिगुल बजने वाला है।
नए वर्ष के प्रथम तिमाही में चुनाव होने की संभावना जताई जा रही है। पिछले दिनों प्रेस कांफ्रेंस में डीसी ने चुनावी तैयारियों को लेकर जानकारी दी थी। उन्होंने कहा था कि जिला प्रशासन पूरी तरह तैयार है। जल्द ही कोषांग का गठन कर लिया जाएगा और चुनाव संबंधी निर्देशों का अनुपालन समय पर किया जाएगा।
इधर, नगर निकाय चुनाव को लेकर शहरवासियों में उत्साह का माहौल देखा जा रहा है। चुनाव तिथि की घोषणा का बेसब्री से इंतजार है। चौक-चौराहों पर भी चुनावी चर्चा आम हो गई है। वहीं, चुनाव में अपनी किस्मत आजमाने वाले संभावित उम्मीदवार भी सक्रिय हो गए हैं।
नगर परिषद क्षेत्र के 39 बूथों पर प्री-विशेष मतदाता पुनरीक्षण का कार्य तेजी से चल रहा है। सुपरवाइजर और बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं के नामों का वोटर सूची से मिलान कर रहे हैं। पुनरीक्षण कार्य अंतिम चरण में पहुंच गया है।
नगर परिषद क्षेत्र के इन 39 बूथों पर अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और 21 पार्षदों के चुनाव के लिए कुल 36,796 मतदाता अपने मनपसंद उम्मीदवार का चयन करेंगे। नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या 14 में सबसे अधिक मतदाता हैं, जबकि वार्ड संख्या 05 में सबसे कम मतदाताओं की संख्या दर्ज है।
नगर निकाय चुनाव की तिथि अभी घोषित नहीं हुई है। नगर परिषद ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। जल्द ही चुनाव तिथि घोषित होने की उम्मीद है। - अमरेंद्र कुमार चौधरी, नगर प्रशासक, पाकुड़
कहां है कितने वोटर (वार्डवार मतदाता संख्या)
| मतदाता | वार्ड संख्या |
|---|---|
| 1588 | 01 |
| 1617 | 02 |
| 1782 | 03 |
| 2111 | 04 |
| 1150 | 05 |
| 1662 | 06 |
| 1423 | 07 |
| 1803 | 08 |
| 1901 | 09 |
| 1769 | 10 |
| 1945 | 11 |
| 1713 | 12 |
| 1889 | 13 |
| 2115 | 14 |
| 1889 | 15 |
| 2114 | 16 |
| 1539 | 17 |
| 1751 | 18 |
| 1683 | 19 |
| 1376 | 20 |
| 2076 | 21 |

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।