Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    झारखंड में डकैतों का तांडव, कनपटी पर पिस्टल सटा शिक्षक दंपती को बनाया बंधक; 4 घंटे तक घर में की लूटपाट

    By SachidanandEdited By: Piyush Pandey
    Updated: Fri, 21 Nov 2025 12:39 PM (IST)

    पलामू के हैदरनगर में एक दिल दहला देने वाली डकैती हुई। 15 डकैतों ने एक शिक्षक दंपती को चार घंटे तक बंधक बनाकर रखा और घर में लूटपाट की। डकैतों ने दंपती को पीटा और जेवरात, नकदी सहित कई कीमती सामान लूट लिए। इस घटना से ग्रामीणों में दहशत है और उन्होंने पुलिस गश्ती बढ़ाने की मांग की है।

    Hero Image

    चोटिल शिक्षक व लूटा हुआ सामान। (जागरण)

    सच्चिदानंद, हैदरनगर (पलामू)। हैदरनगर थाना क्षेत्र के कुकही टोला मुगलजान में गुरुवार देर रात हुई भीषण डकैती ने पूरे गांव को दहला दिया है।

    एक पखवाड़े से क्षेत्र में बढ़ती आपराधिक वारदातों के बीच 15 की संख्या में आए डकैतों ने शिक्षक दंपती को चार घंटे तक बंधक बनाए रखा और घर में जमकर उत्पात मचाया।

    ग्रामीणों का कहना है कि यह घटना हाल के वर्षों की सबसे भयावह डकैती है, जिसने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

    जानें कैसे हुई वारदात

    मुगलजान निवासी मृत्युंजय मेहता (45 वर्ष), शिक्षक सरस्वती शिशु मंदिर जपला और उनकी पत्नी अनिता देवी, पैरा शिक्षिका, रात करीब 11 बजे सो चुके थे।

    इसी दौरान मृत्युंजय मेहता शौच के लिए उठे तो छत पर कुछ लोगों की आहट मिली। नीचे लौटते ही उनका सामना एक डकैत से हो गया। हल्की हाथापाई हुई, तभी चार और डकैत घर में घुस आए और बाकी बाहर पहरा देते रहे।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    डकैत पिस्तौल, चाकू और लोहे की रॉड से लैस थे। उन्होंने शिक्षक दंपती की बेरहमी से पिटाई की, दहशत में डालने के लिए पिस्टल सटा दी और उन्हें बंधक बनाकर रख दिया। इसके बाद पूरा गिरोह घर के हर बक्से, बैग और अलमारी को खंगालता रहा। जेवरात, नकदी, मूल्यवान वस्त्र और अन्य सामान लूटकर अपने साथ ले गए।

    चार घंटे तक घर के अंदर तांडव

    डकैतों ने दंपती से बार-बार चाबी और नकदी की मांग की। इतना ही नहीं, घरवालों से खाना पकाने तक को कहा और करीब चार घंटे तक घर में तांडव मचाते रहे। पूरी घटना रात 11 बजे से शुक्रवार तड़के 3 बजे तक चलती रही। जाते-जाते डकैतों ने जान से मारने की धमकी दी।

    घटना की जानकारी मिलने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायल दंपती को हुसैनाबाद अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया।

    प्रशासन की सक्रियता पर सवाल

    घटना की सूचना पर हैदरनगर थाना प्रभारी अफजल अंसारी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और निरीक्षण किया। बाद में डीएसपी एस. मो. याकूब भी कुकही पहुंचे और पीड़ित दंपती से पूछताछ की। हालांकि ग्रामीणों में जबरदस्त नाराजगी है।

    लोगों का कहना है कि शिक्षक दंपती जैसे सामान्य परिवार को निशाना बनाए जाना क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोलता है। रातभर गिरोह का बेखौफ घूमना और चार घंटे तक घर में उत्पात मचाना पुलिस गश्ती पर भी सवाल उठाता है।

    ग्रामीणों ने प्रशासन से शीघ्र गिरफ्तारी, रात्रि गश्ती बढ़ाने और क्षेत्र में अपराधियों की गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।