Jharkhand Crime: बड़े नक्सली, गैंगस्टर व डान का ठिकाना बना मेदिनीनगर केंद्रीय कारा, सुरक्षा के ख्याल से 200 कैदी भेजे जाएंगे हजारीबाग
मेदिनीनगर केंद्रीय कारा से 200 कैदियों को जेपी केंद्रीय कारा हजारीबाग ट्रांसफर किया जाएगा। यह प्रक्रिया कई चरणों में पूरी होगी। ट्रांसफर के दौरान कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की जाएगी। मेदिनीनगर केंद्रीय कारा की क्षमता 760 कैदियों की है जबकि फिलहाल यहां 925 कैदी बंद हैं। इनमें से 300 से अधिक सजायाफ्ता और फांसी की सजा पाए तीन कैदी भी शामिल हैं।

जागरण संवाददाता, मेदिनीनगर (पलामू) । मेदिनीनगर केंद्रीय कारा में क्षमता से अधिक कैदी बंद होने के मामले को प्रशासन ने गंभीरता से लेते हुए बड़ा कदम उठाया है।
200 कैदियों को जेपी केंद्रीय कारा हजारीबाग ट्रांसफर किया जाएगा। यह प्रक्रिया कई चरणों में पूरी होगी और हर चरण में लगभग 25 कैदियों को शिफ्ट किया जाएगा। ट्रांसफर के दौरान कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की जाएगी।
760 क्षमता वाला कारा में बंद हैं 925 कैदी
मेदिनीनगर केंद्रीय कारा की क्षमता 760 कैदियों की है, जबकि फिलहाल यहां 925 कैदी बंद हैं। इनमें से 300 से अधिक सजायाफ्ता कैदी और फांसी की सजा पाए तीन कैदी भी शामिल हैं। क्षमता से करीब 200 कैदी अधिक होने की वजह से जेल पर दबाव बढ़ा है।
हाई-प्रोफाइल कैदियों से बनी संवेदनशील जेल
मेदिनीनगर केंद्रीय कारा इन दिनों पूरे झारखंड में चर्चा का केंद्र है। पीएलएफआइ सुप्रीमो दिनेश गोप महीनों से यहीं बंद है। हाल ही में कुख्यात गैंगस्टर सुजीत सिन्हा को यहां ट्रांसफर किया गया। गैंगस्टर डब्लू सिंह आत्मसमर्पण के बाद इसी जेल में है।
साथ ही कोयलांचल और जमशेदपुर के कई हाई- प्रोफाइल वाले कैदी भी यहीं हैं। इतने बड़े अपराधियों की मौजूदगी ने इस जेल को झारखंड की सबसे संवेदनशील जेलों में ला खड़ा कर दिया है।
सुरक्षा को लेकर सतर्कता
मेदिनीनगर केंद्रीय कारा में पहले से ही नक्सल संगठन से जुड़े कई बड़े कैदी बंद हैं। ऐसे में सुरक्षा को लेकर प्रशासन और सतर्क है। इसी वजह से आइजी और डीआइजी को विशेष पत्र लिखकर सुरक्षा के लिए कई निर्देश दिए गए हैं।
कारा महानिरीक्षक के निर्देश पर 200 कैदियों को जेपी केंद्रीय कारा हजारीबाग भेजा जाएगा। ट्रांसफर कई चरणों में होगा। हर चरण में करीब 25 कैदियों को भेजा जाएगा। इसमें केवल सामान्य कैदी होंगे, कोई हाई प्रोफाइल या हार्डकोर कैदी शामिल नहीं रहेगा।
-भगीरथ करजी, जेल अधीक्षक, मेदिनीनगर केंद्रीय कारा
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।