'चंपई सोरेन का हाल होगा कोल्हान के तीन पूर्व सीएम जैसा', दीपक बिरुआ ने कसा तंज
पूर्व विधायक दीपक बिरुआ ने मुख्यमंत्री चंपई सोरेन पर कटाक्ष करते हुए कहा कि उनका हाल भी कोल्हान के तीन पूर्व मुख्यमंत्रियों जैसा होगा, जिनका कार्यकाल पूरा नहीं हो सका। उन्होंने बाबूलाल मरांडी, अर्जुन मुंडा और मधु कोड़ा का उदाहरण दिया और सिंहभूम में राजनीतिक समीकरण बदलने की बात कही।

बीजेपी नेता चंपई सोरेन। PTI
राज्य ब्यूरो, रांची। घाटशिला विधानसभा उपचुनाव (Ghatshila By-Election 2025) को लेकर सियासी तापमान चरम पर है। हेमंत सोरेन सरकार के मंत्री दीपक बिरुआ ने शुक्रवार को पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन पर मौकापरस्त होने का तीखा आरोप लगाते हुए खूब तंज कसा।
एक्स पोस्ट में बिरुआ ने चंपई को कोल्हान क्षेत्र के तीन पूर्व भाजपाई मुख्यमंत्रियों अर्जुन मुंडा, मधु कोड़ा और रघुवर दास की तरह राजनीतिक पारी के आखिरी पायदान पर पहुंचने की चेतावनी दी। उन्होंने भाजपा प्रत्याशी चंपई सोरेन के पुत्र बाबूलाल सोरेन की बहुत बड़ी हार की भी भविष्यवाणी कर दी।
बिरुआ लिखते हैं - आपकी (चंपई सोरेन) व्याकुलता आपकी व्यथा बता रही है। जीवन में आपसे बहुत कुछ सीखा लेकिन आप खुद की जमीर को मार कर सिर्फ पद और पुत्र के लिए अपने राजनीतिक अस्तित्व के अंत की तरफ अग्रसर हो गए। आपकी मजबूरी सिर्फ झारखंड मुक्ति मोर्चा परिवार ही नहीं, अपितु पूरा झारखंड जानता है। आप सदैव सम्माननीय रहेंगे लेकिन आपको लोग सदा मौकापरस्त ही कहेंगे।
चंपई को अनुकंपा से सीएम बनाए जाने का जिक्र कर बिरुआ ने कहा कि उन्होंने मर्यादा का पालन नहीं किया। बहुत बड़ी हार बाबूलाल का इंतजार कर रही है। तीन पूर्व भाजपाई मुख्यमंत्री कोल्हान के अपने राजनीतिक पारी के आखिरी पायदान पर आपका बेसब्री से राह देख रहे, जो 14 नवंबर को स्वतः चरितार्थ हो जाएगा।
उन्होंने पोस्ट के साथ चार तस्वीरें टैग की है, जिसमें चंपई सोरेन दिवंगत दिशोम गुरु शिबू सोरेन और दिवंगत मंत्री रामदास सोरेन के साथ नजर आ रहे हैं।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।