Chhath Puja Special Train: छठ पूजा के लिए रांची स्टेशन से चलेंगी 7 स्पेशल ट्रेनें, यूपी-बिहार जाना हुआ आसान!
रांची रेलवे स्टेशन पर छठ पर्व को लेकर यात्रियों की भारी भीड़ उमड़ी। रेलवे प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए। यात्रियों की सुविधा के लिए रांची और हटिया से सात विशेष ट्रेनें चलाई जाएंगी, जो गोरखपुर, जयनगर, पटना जैसे शहरों को जाएंगी। रेलवे ने यात्रियों से सामान की सुरक्षा का ध्यान रखने और कर्मचारियों का सहयोग करने की अपील की है।
-1761358365938.webp)
रांची से चलेगी सात स्पेशल ट्रेन। (जागरण)
जागरण संवाददाता, रांची। छठ पर्व को लेकर रांची रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार को बिहार जाने वाले यात्रियों की भीड़ प्लेटफार्म पर ठसाठस रही। ट्रेन के पहुंचते ही सामान्य कोचों में यात्री तेजी से चढ़ गए, जबकि शेष यात्रियों ने स्लीपर कोच का रुख किया।
भीड़ प्रबंधन के लिए रेलवे प्रशासन की ओर से आरपीएफ के अतिरिक्त बल की तैनाती की गई थी। सभी कोचों के सामने जवान मुस्तैदी से तैनात रहे और बारी-बारी से यात्रियों को चढ़ने के लिए एनाउंसमेंट करते रहे।
मुख्य प्रवेश द्वार पर टीटीई की ड्यूटी लगाई गई थी, जो टिकट जांच के बाद ही यात्रियों को स्टेशन परिसर में प्रवेश की अनुमति दे रहे थे।
वहीं, शनिवार को भी यात्रियों की भारी भीड़ की संभावना को देखते हुए रेलवे ने रांची और हटिया स्टेशन से कुल सात विशेष ट्रेनों के परिचालन का निर्णय लिया है, जिससे श्रद्धालुओं को छठ मनाने के लिए बिहार और अन्य गंतव्यों तक पहुंचने में सुविधा मिलेगी।
इन ट्रेनों के संचालन से कई यात्रियों को कंफर्म टिकट मिल सकेगी। गोरखपुर, जयनगर, पटना सहित अन्य प्रमुख स्टेशनों के लिए ट्रेनों का परिचालन होगा। त्योहारी सीजन में यात्रियों की संख्या में हो रही वृद्धि को ध्यान में रखते हुए इस वर्ष नवरात्र, दुर्गा पूजा, दीपावली एवं छठ पर्व के अवसर पर अब तक की सर्वाधिक 20 जोड़ी विशेष ट्रेनें चलाई जा रही हैं।
चलेंगी ये ट्रेनें
रांची रेल मंडल से शनिवार को जिन प्रमुख छठ स्पेशल ट्रेनों का परिचालन होगा, उनमें 08629 रांची–गोरखपुर साप्ताहिक छठ स्पेशल ट्रेन शामिल है, जो रांची से शाम 4:50 बजे प्रस्थान करेगी और बोकारो स्टील सिटी, धनबाद, जसीडीह, पटना होते हुए गोरखपुर पहुंचेगी।
दूसरी 08105 रांची–जयनगर साप्ताहिक छठ स्पेशल ट्रेन रात 9:25 बजे रांची से रवाना होगी और बोकारो स्टील सिटी, धनबाद, जसीडीह, बरौनी, दरभंगा, मधुबनी होते हुए जयनगर पहुंचेगी।
08621 रांची–कामाख्या साप्ताहिक छठ स्पेशल ट्रेन रात 8:00 बजे रांची से प्रस्थान करेगी तथा बोकारो स्टील सिटी, धनबाद, जसीडीह, कटिहार, न्यू बोंगाईगांव, रंगिया होते हुए कामाख्या जाएगी।
इसके अलावा 08795 दुर्ग–पटना छठ स्पेशल (वाया रांची) ट्रेन दोपहर 12:40 बजे रांची से रवाना होगी और हटिया, रांची, बोकारो स्टील सिटी, धनबाद, जसीडीह होते हुए पटना पहुंचेगी।
इसी तरह 08889 गोंदिया–पटना छठ स्पेशल (वाया रांची) ट्रेन 26 अक्टूबर की रात 2:40 बजे रांची से प्रस्थान करेगी और हटिया, बोकारो स्टील सिटी, धनबाद, जसीडीह होते हुए पटना पहुंचेगी।
वहीं 02831, धनबाद–भुवनेश्वर स्पेशल (वाया रांची) ट्रेन शाम 7:45 बजे रांची से प्रस्थान करेगी और हटिया, राउरकेला, झारसुगुड़ा होते हुए भुवनेश्वर पहुंचेगी।
इसके विपरीत दिशा में 02832 भुवनेश्वर–धनबाद स्पेशल (वाया रांची) ट्रेन सुबह 6:35 बजे रांची से रवाना होगी और राउरकेला, हटिया, रांची होते हुए धनबाद पहुंचेगी।
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा के दौरान अपने टिकट और सामान की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें तथा स्टेशन पर व्यवस्था बनाए रखने में रेलवे कर्मचारियों और आरपीएफ का सहयोग करें।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।