Jharkhand Weather: सावधान! झारखंड में मोथा का प्रकोप जारी, इन जिलों में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश का अलर्ट
रांची समेत झारखंड में चक्रवाती तूफान 'मोंथा' का असर जारी है, जिससे भारी बारिश हुई और जनजीवन प्रभावित हुआ। मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। तूफान के बाद तापमान में गिरावट आने से ठंड बढ़ने की संभावना है। 2 नवंबर से मौसम में सुधार की उम्मीद है और कोहरा छाने की भी आशंका है।
-1761789209851.webp)
प्रस्तुति के लिए इस्तेमाल की गई तस्वीर। (जागरण)
जागरण संवाददाता, रांची। राजधानी रांची समेत पूरे झारखंड में चक्रवाती तूफान मोंथा का असर लगातार जारी है। बुधवार को सुबह से लेकर शाम तक शहर में रुक-रुककर भारी बारिश होती रही।
इस अचानक बदले मौसम ने लोगों की दिनचर्या को प्रभावित कर दिया। बारिश के कारण कई जगहों पर सड़कों पर पानी भीर भर गया। इस दौरान ऑफिस व स्कूल जाने वाले लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
सुबह से रूक-रूक कर हुई झमाझम बारिश के कारण कई यात्री सड़क किनारे फंसे नजर आए। यात्रियों को बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन तक पहुंचने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
मौसम विभाग के मुताबिक, चक्रवाती तूफान मोंथा का असर 31 अक्टूबर तक राज्यभर में बना रहेगा। इस दौरान रांची, बोकारो, हजारीबाग, रामगढ़ और धनबाद समेत कई जिलों में बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है। हालांकि, 2 नवंबर से मौसम में सुधार की उम्मीद जताई गई है।
ठंड की होगी शुरुआत
मौसम विज्ञानी अभिषेक आनंद ने बताया कि जैसे ही बादल छटेंगे, रांची समेत पूरे राज्य में तापमान में अचानक गिरावट दर्ज की जाएगी। अगले कुछ दिनों में रांची का न्यूनतम तापमान 4 से 5 डिग्री सेल्सियस तक नीचे जा सकता है। यानी, बारिश थमते ही शहर में ठंड के मौसम की शुरुआत हो जाएगी।
हालांकि, अगले पांच दिनों में न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा परिवर्तन नहीं होगा, लेकिन नवंबर के पहले हफ्ते से ठंड का असर महसूस किया जा सकेगा।
येलो अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने झारखंड के अधिकांश हिस्सों में येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग की ओर से लोगों को सावधानी बरतने की अपील की गई है। गुरुवार को राज्य के उत्तर-पश्चिमी और मध्य भागों में कुछ स्थानों पर भारी वर्षा की संभावना जताई गई है। इसके अलावा, कई इलाकों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है।
धुंध और कोहरा देगा दस्तक
2 नवंबर को रांची में कोहरा और धुंध छाने की संभावना है। मौसम विभाग का अनुमान है कि सुबह के समय दृश्यता कम हो सकती है, जबकि दोपहर के बाद मौसम शुष्क रहेगा। इससे यात्रियों और वाहन चालकों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
मौसम में लगातार उतार-चढ़ाव
पिछले कुछ दिनों से झारखंड में मौसम में लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। वहीं, दूसरी ओर अचानक बढ़ी ठंड ने सर्दी की आहट दे दी है। दुकानदारों ने गर्म कपड़ों की बिक्री शुरू कर दी है और सुबह-शाम लोगों ने हल्के ऊनी कपड़े पहनने शुरू कर दिए हैं।
मौसम विभाग की अपील
मौसम विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि तेज हवाओं और बारिश के दौरान अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलें। पेड़ों या बिजली के खंभों के नीचे खड़े होने से बचें और मौसम विभाग के नवीनतम अपडेट पर नजर रखें। चक्रवाती तूफान मोंथा के गुजरने के बाद जहां मौसम साफ होगा, वहीं ठंड की दस्तक भी महसूस की जाएगी।
आने वाले दिनों में रांची की सुबहें कोहरे से ढकी और शामें ठंडी हवा से सिहराती नजर आएंगी। कुल मिलाकर, मोंथा के जाते-जाते झारखंड में सर्दी का मौसम अपने कदम रखता हुआ दिखाई दे रहा है।
यह भी पढ़ें-
झारखंड की राजधानी रांची समेत दूसरे जिलों के मौसम का हाल जानने के लिए यहां क्लिक करें।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।