IAS विनय चौबे की विदेश यात्रा का ब्यौरा जुटा रही एसीबी, खर्च उठाने वाली साली के बैंक खाते भी खंगाले जा रहे
झारखंड में आईएएस विनय चौबे की विदेश यात्राओं की जांच एसीबी कर रही है। एसीबी विनय चौबे के यात्रा खर्चों की जानकारी जुटा रही है। साथ ही, एसीबी उनकी साली ...और पढ़ें

निलंबित आइएएस विनय कुमार चौबे व उनकी पत्नी स्वप्ना संचिता ने वर्ष 2017 से 2024 के बीच दस विदेशी यात्राएं कीं।
राज्य ब्यूरो, रांची। आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले की जांच कर रही एसीबी ने जांच में पाया है कि निलंबित आइएएस विनय कुमार चौबे व उनकी पत्नी स्वप्ना संचिता ने वर्ष 2017 से 2024 के बीच दस विदेशी यात्राएं कीं। इस पर एक करोड़ रुपये से अधिक के खर्च आए हैं। विदेश यात्रा पर हुए खर्च का वहन विनय चौबे की पत्नी स्वप्ना संचिता की बहन शिखा ने किया है।
विनय चौबे की साली के माध्यम से किए गए खर्च को एसीबी चौबे की काली कमाई का हिस्सा मान रही है। काली कमाई को सफेद बनाने के उद्देश्य से खर्च साली के माध्यम से कराया गया। इस राशि से चौबे व उनके पारिवारिक सदस्यों ने डेनमार्क, अमेरिका, ब्रिटेन, आस्ट्रिया, इटली व थाईलैंड आदि देशों दौरा किया है।
एसीबी अब चौबे की साली के बैंक खाते का भी विश्लेषण कर रही है। उनके खाते में कहां से कितनी राशि आई। निलंबित आइएएस विनय कुमार चौबे व उनके करीबियों ने शिखा के बैंक खाते में कब कितने का भुगतान किया, इसका एसीबी पता लगा रही है।
रिश्वत लेने वाला राजस्व उप निरीक्षण पर आरोप तय
एसीबी की विशेष अदालत ने पांच हजार रिश्वत लेने के मामले में आरोपित तत्कालीन राजस्व उप निरीक्षक अरविंद बिहारी दास पर आरोप तय कर दिया है। अदालत ने मामले में एसीबी को 15 जनवरी से साक्ष्य प्रस्तुत करने का निर्देश दिया। अदालत ने पिछले दिनों उसकी ओर से दाखिल डिस्चार्ज याचिका खारिज कर दी थी।
घटना एक जून 2023 की है, जब खूंटी प्रखंड के तहसील कचहरी कार्यालय में कार्यरत तत्कालीन राजस्व उप निरीक्षक अरविंद बिहारी दास को एसीबी की टीम ने पांच हजार रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया था। उसने हूटार निवासी काली महतो से जाति प्रमाण पत्र निर्गत करने के बदले घूस की मांग की थी। पीड़ित ने एसीबी से इसकी शिकायत की थी। शिकायत की पुष्टि के बाद एसीबी ने जाल कर अधिकारी को रंगे हाथ गिरफ्तार किया था।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।