Trending

    loading ads...
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    झारखंड में कुएं से मिली लापता 15 वर्षीय किशोरी की लाश, प्रेम प्रसंग में हत्या की आशंका

    Updated: Wed, 08 Apr 2026 11:02 AM (IST)

    तरहसी के नवाडीह गांव में 15 वर्षीय किशोरी का शव कुएं से मिला है। परिजनों ने प्रेम प्रसंग के चलते हत्या की आशंका जताई है, क्योंकि पहले भी इस संबंध में ...और पढ़ें

    News Article Hero Image

    तरहसी थाना क्षेत्र के नवाडीह गांव में प्रेम प्रसंग की आशंका से गांव में सनसनी। (फोटो: जागरण)

    संवाद सूत्र, तरहसी (पलामू)। तरहसी थाना क्षेत्र के उदयपुरा वन पंचायत अंतर्गत नवाडीह गांव में एक 15 वर्षीय किशोरी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। लड़की की मां हत्या का आरोप लगा रही है।

    मृतका की पहचान रेशम कुमारी (पिता– संजय साव) के रूप में की गई है। उसका शव गांव के तरी के पास स्थित विनोद साव के सरकारी कुएं से बरामद किया गया। घटना के बाद जहां परिजनों में मातम पसरा है, वहीं पूरे गांव में दहशत और तरह-तरह की चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।

    परिजनों के अनुसार, रेशम कुमारी मंगलवार की शाम करीब 4 बजे अचानक घर से लापता हो गई थी। काफी देर तक जब वह वापस नहीं लौटी तो परिवार के लोगों ने उसकी खोजबीन शुरू की। रातभर आसपास के गांवों और संभावित स्थानों पर तलाश की गई, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल सका।

    बुधवार सुबह ग्रामीणों ने पीड़ित के घर से करीब 100 मीटर पश्चिम दिशा में स्थित कुएं में एक शव तैरता देखा। जब लोग पास पहुंचे और पहचान की, तो वह रेशम कुमारी निकली। यह दृश्य देखते ही परिजनों में कोहराम मच गया और गांव में सनसनी फैल गई।

    घटना की सूचना मिलते ही तरहसी थाना प्रभारी आनंद राम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने तत्परता दिखाते हुए ग्रामीणों की मदद से कुएं से शव को बाहर निकलवाया और पूरे घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया।

    मां का आरोप, हत्या कर कुएं में फेंका

    पुलिस ने मौके से साक्ष्य एकत्र किए और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए मेदिनीनगर स्थित एमएमसीएच भेज दिया। मृतका की मां सपूरण देवी ने इस घटना को लेकर हत्या की आशंका जताई है।

    उनका कहना है कि उनकी बेटी का किसी युवक के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था, जिसे लेकर पहले भी विवाद की स्थिति बनी थी। परिजनों का आरोप है कि इसी प्रेम प्रसंग के कारण उसकी हत्या कर शव को कुएं में फेंक दिया गया है।

    उन्होंने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। इधर, थाना प्रभारी आनंद राम ने बताया कि शव पर किसी प्रकार के स्पष्ट चोट के निशान नहीं पाए गए हैं।

    पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

    उन्होंने कहा, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि मौत किन परिस्थितियों में हुई है। फिलहाल किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। उन्होंने यह भी बताया कि पुलिस प्रेम प्रसंग सहित सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है तथा संबंधित लोगों से पूछताछ जारी है।

    घटना के बाद नवाडीह गांव में शोक और भय का माहौल बना हुआ है। ग्रामीण इस घटना से स्तब्ध हैं और जल्द से जल्द सच्चाई सामने आने की उम्मीद कर रहे हैं।

    पुलिस प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि जांच निष्पक्ष और गंभीरता से की जा रही है तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा। फिलहाल यह घटना कई सवाल खड़े कर रही है, जिनके जवाब जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएंगे।

    यह भी पढ़ें- इंस्टाग्राम पर दोस्ती के शक में पिता-पुत्र ने गला घोंटा, साक्ष्य छिपाने को वाराणसी से पंडित बुला कराई 'शांति पूजा'

    यह भी पढ़ें- 20वीं किस्त के साथ 51 लाख महिलाओं के खाते में पहुंचा 2500 रुपये, ₹30,000 सालाना कैसे बदल रहा जीवन

    यह भी पढ़ें- चापाकल खराब है या वाटर सप्लाई का संकट? इस नंबर पर करें कॉल या WhatsApp, तुरंत घर पहुंचेगी टीम