झारखंड में एसीबी का शिकंजा, रिश्वत लेते दो अधिकारी रंगे हाथ गिरफ्तार
झारखंड में भ्रष्टाचार के खिलाफ एसीबी ने बड़ी कार्रवाई की है। चतरा के आयुष अधिकारी डॉ. राम प्रकाश वर्मा को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा ...और पढ़ें

चतरा में दिसंबर–जनवरी के बकाया भुगतान के लिए मांगी जा रही थी रिश्वत।
जागरण टीम, रांची। झारखंड में भ्रष्टाचार पर एसीबी ने बड़ा शिकंजा कसा है। चतरा जिले के आयुष अधिकारी और रांची के बुंडू ब्लॉक को-ऑर्डिनेटर को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया। यह कार्रवाई राज्य में भ्रष्टाचार के खिलाफ एसीबी की सतर्कता और प्रभावी कार्रवाई को उजागर करती है।
एसीबी ने दस हजार घूस लेते जिला आयुष चिकित्सा पदाधिकारी को दबोचा
संवाद सहयोगी, चतरा। एसीबी ने मंगलवार को जिला आयुष कार्यालय में जिला आयुष चिकित्सा पदाधिकारी डाॅ. राम प्रकाश वर्मा को दस हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार डाॅ. राम प्रकाश टंडवा में पदस्थापित आयुष सामुदायिक स्वास्थ्य चिकित्सक पदाधिकारी डाॅ. प्रिया कुमारी से बतौर रिश्वत यह राशि ले रहा था।
जानकारी के अनुसार डा. प्रिया कुमारी को दिसंबर और जनवरी माह का मानदेय अब तक नहीं मिला था। भुगतान जारी करने के नाम पर जिला आयुष पदाधिकारी द्वारा लगातार दबाव बनाया जा रहा था और इसके लिए रुपये की मांग की जा रही थी। लगातार परेशान किए जाने के बाद डाॅ. प्रिया ने भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, हजारीबाग कार्यालय में लिखित शिकायत दर्ज कराई।
जिसके बाद भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के पुलिस अधीक्षक ने मामले शिकायत को गंभीरता से लेते हुए पहले सत्यापन कराया। सत्यापन के दौरान रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई। इसके बाद एसीबी की आरे से ट्रैप टीम का गठन कर पूरे मामले की रणनीति बनाई गई।
पूर्व निर्धारित योजना के तहत पहले से घात लगाए एसीबी के पदाधिकारियों ने उन्हें मौके पर ही पकड़ लिया। कार्रवाई दो स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में की गई। गिरफ्तार जिला आयुष पदाधिकारी डाॅ. रामप्रकाश वर्मा मूल रूप से खूंटी जिले के रहने वाले है।
उन्होंने 16 अगस्त 2023 को जिला आयुष पदाधिकारी, चतरा के पद पर योगदान दिया था। गिरफ्तारी के बाद एसीबी आरोपी पदाधिकारी को अपने साथ हजारीबाग ले गई। जहां भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
ब्लाॅक को-आर्डिनेटर जगरनाथ गोप 25 हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार
राज्य ब्यूरो, रांची। एसीबी रांची की टीम ने बुंडू प्रखंड के ब्लाॅक को-आर्डिनेटर जगरनाथ गोप को सोमवार को 25 हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार कर लिया। उसकी गिरफ्तारी पेयजल एवं स्वच्छता अवर प्रमंडल बुंडू के सहायक अभियंता के कार्यालय से की गई है।
एसीबी की टीम उसे लेकर रांची पहुंची, जहां न्यायालय में प्रस्तुत करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। एसीबी इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है। शिकायतकर्ता साहिबगंज जिले के राजमहल थाना क्षेत्र के पश्चिम नारायण टोला स्थित हसनटोला गांव निवासी शाहिद रजा हैं।
उन्होंने एसीबी रांची थाने में लिखित शिकायत की थी कि उन्होंने बुंडू प्रखंड के सभी पंचायतों में जल एवं स्वच्छ भारत मिशन के तहत लगभग 169 नाडेप सोकपीट का निर्माण कराया था। इस निर्माण कार्य के भुगतान के एवज में आरोपित ब्लाक को-आर्डिनेटर जगन्नाथ गोप ने एक लाख 81 हजार 475 रुपये की रिश्वत की मांग की थी।
शिकायतकर्ता ने एसीबी से इसकी शिकायत की। उनकी शिकायत का एसीबी ने सत्यापन कराया। सत्यापन में एसीबी ने आरोपों को सही पाया। इसके बाद एसीबी रांची ने एक फरवरी को एसीबी थाना कांड संख्या 04/2026 में प्राथमिकी दर्ज की। अगले ही दिन यानी दो फरवरी को आरोपित ब्लाक को-आर्डिनेटर जगरनाथ गोप को एसीबी ने गिरफ्तार किया।
यह भी पढ़ें- साल सूरज से इश्क लड़ाता तो अर्जुन दर्द पर मरहम; सतपुड़ा भूल जाओगे, कभी आओ तो सारंडा के जंगल
यह भी पढ़ें- रांची में मानसिक स्वास्थ्य संकट गहराया: दो महीनों में कई आत्महत्या के मामले, विशेषज्ञों की चेतावनी
यह भी पढ़ें- फ्री मेडिकल-इंजीनियरिंग व क्लैट कोचिंग का मौका, फिर भी कम आवेदन? बढ़ी आकांक्षा परीक्षा की तिथि
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।