Jharkhand Politics: भाजपा ने लगाया आरोप- राज्य में नए टेंडर घोटाले की पृष्ठभूमि लिखी जा रही, बिना अनुमानित राशि के निकाली जा रही निविदा
झारखंड में भाजपा ने राज्य सरकार पर टेंडर घोटाले का आरोप लगाया है। भाजपा का कहना है कि सरकार बिना अनुमानित राशि के निविदाएं निकाल रही है, जिससे भ्रष्टाचार की आशंका बढ़ गई है। भाजपा ने इस मामले की गहन जांच की मांग की है।

भाजपा ने आरोप लगाया है कि झारखंड में नए टेंडर घोटाले की पृष्ठभूमि लिखी जा रही है।
राज्य ब्यूरो, रांची। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने शुक्रवार को एक प्रेस वक्तव्य जारी कर कहा कि राज्य में नए टेंडर घोटाले की पृष्ठभूमि लिखी जा रही है। प्रतुल ने कहा कि भवन निर्माण विभाग के प्रमंडल संख्या-1 का जो भी टेंडर अखबारों में या वेबसाइट पर निकाला जा रहा है, उसमें किए जाने वाले कार्य की राशि का जिक्र ही नहीं हो रहा।
यानी इच्छुक लोगों को यह अंदाज ही नहीं होगा कि यह टेंडर कितने का है। जब आप पैसा देकर टेंडर पेपर और बीओक्यू को खरीदते हैं तब जाकर आपको अनुमानित राशि का पता चलता है।
प्रतुल ने इसे एक नए टेंडर घोटाले की पृष्ठभूमि बताया है। सामान्य तौर पर नए आने वाले टेंडर में कार्य का नाम और खर्च होने वाली अनुमानित राशि का जिक्र होता है। लेकिन प्रमंडल-1 में निकल रहे टेंडर के नोटिस में इसका जिक्र नहीं हो रहा।
भाजपा प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि विभाग उन्हीं ठेकेदारों को यह राशि अनौपचारिक रूप से बताता है जिसे काम आवंटित करना चाहता है। उन्होंने कहा कि पहले आफलाइन टेंडर में बड़ा घोटाला होता था। जिसके कारण टेंडर को आनलाइन किया गया। लेकिन राज्य सरकार में आइलाइन टेंडर में भी सेटिंग का नया तरीका निकाल लिया गया है।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।