Jharkhand Crime News: माओवादियों का प्रतिरोध सप्ताह आज से, झारखंड पुलिस चौकस
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की भाकपा माओवादियों से बातचीत से इंकार करने हाल के दिनों में मुठभेड़ में अपने साथियों के मारे जाने से आक्रोशित माओवादियों का प्रतिरोध सप्ताह बुधवार से शुरू होने जा रहा है। यह सप्ताह 14 अक्टूबर तक चलेगा। 15 अक्टूबर को माओवादियों ने छह राज्यों में एक दिवसीय बंद भी बुलाया है। इन राज्यों में झारखंड बिहार पश्चिम बंगाल असम ओड़िशा व छत्तीसगढ़ शामिल हैं।

राज्य ब्यूरो, रांची। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की भाकपा माओवादियों से बातचीत से इंकार करने, हाल के दिनों में मुठभेड़ में अपने साथियों के मारे जाने से आक्रोशित माओवादियों का प्रतिरोध सप्ताह बुधवार से शुरू होने जा रहा है।
यह सप्ताह 14 अक्टूबर तक चलेगा। 15 अक्टूबर को माओवादियों ने छह राज्यों में एक दिवसीय बंद भी बुलाया है। इन राज्यों में झारखंड, बिहार, पश्चिम बंगाल, असम, ओड़िशा व छत्तीसगढ़ शामिल हैं।
सभी जिलों को सतर्क करते हुए गश्त तेज करने का निर्देश
माओवादियों के प्रतिरोध सप्ताह व बंद के मद्देनजर झारखंड पुलिस भी अलर्ट पर है। पुलिस मुख्यालय ने सभी जिलों को सतर्क करते हुए गश्त तेज करने, खुफिया सूचना तंत्र को सक्रिय करने, सभी सूचनाओं का सत्यापन करने और हर परिस्थितियों से सख्ती से निपटने का निर्देश दिया है।
पुलिस मुख्यालय में आइजी अभियान डा. माइकल राज एस. ने मंगलवार को प्रेस वार्ता में अपनी तैयारियों की जानकारी दी और कहा कि पुलिस माओवादियों की किसी भी साजिश को विफल करने को तैयार है। राज्य में शांति एवं सुरक्षा बनाए रखना झारखंड पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
सरकारी कार्यालयों, रेल, सड़क मार्गों पर बढ़ाई गई सुरक्षा
इसके लिए झारखंड पुलिस ने सभी आवश्यक कदम उठाए गए हैं। माओवादियों के बंद के मद्देनजर सभी जिलों को अपनी गोपनीय सूचनाओं को मजबूत करने को कहा गया है।
इसके मद्देनजर सभी संवेदनशील स्थानों, सरकारी कार्यालयों, रेल, सड़क मार्ग आदि पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बलों को प्रतिनियुक्ति की गई है।
झारखंड पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि बंद के मद्देनजर निर्भिक होकर रोजमर्रा का कार्य करें। किसी भी तरह की परेशानी हो तो पुलिस को अविलंब सूचित करें। पुलिस सदैव आम जनता की सेवा में तत्पर है। आम लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की भी अपील की गई है।
बिहार विधानसभा चुनाव के मद्देनजर सीमा रहेगा सील
आइजी अभियान डा. माइकल राज एस. ने कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव के मद्देनजर झारखंड-बिहार की सीमा पर चौकसी तेज की जा रही है। सीमा सील रहेगी।
अवैध शराब, काले धन, मादक पदार्थ आदि के आवागमन को रोकने के लिए सीमावर्ती जिलों के एसपी को विशेष रूप से निर्देश जारी किया गया है।
बिहार-झारखंड के बीच के सभी गुप्त रास्तों पर भी पुलिस की नजर है। अस्थाई रूप से कई चेक-पोस्ट बनेंगे, जिसके माध्यम से सीमा की निगरानी होगी।
बिहार विधानसभा चुनाव में किसी तरह का व्यवधान न पहुंचे, इसके लिए झारखंड पुलिस भी सीमा पर गहन चेकिंग अभियान चलाएगी। भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देश के अनुरूप पुलिस सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करेगी।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।