घाटशिला उपचुनाव में एनडीए क्राइम और करप्शन को बनाएगा मुद्दा, मजबूती से उतरेगा मैदान में
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय में मंगलवार को आजसू जदयू लोजपा समेत एनडीए दलों की बैठक हुई। बैठक के बाद एनडीए दलों के नेताओं ने संयुक्त रूप से प्रेस वार्ता कर चुनावी मुद्दों पर चर्चा की। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि झामुमो-कांग्रेस गठबंधन की पार्ट टू सरकार में लूट हत्या और भ्रष्टाचार में बढ़ोतरी हुई है। एनडीए इसे मुद्दा बनाएगा।

राज्य ब्यूरो,रांची। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय में मंगलवार को आजसू, जदयू, लोजपा समेत एनडीए दलों की बैठक हुई। Ghatshila assembly byelection
घाटशिला में 11 नवंबर को होने वाले उप चुनाव के लिए यह बैठक भाजपा अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी की अध्यक्षता में आयोजित की गई थी।
भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष आदित्य साहू भी इसमें उपस्थित थे। बैठक के बाद एनडीए दलों के नेताओं ने संयुक्त रूप से प्रेस वार्ता कर चुनावी मुद्दों पर चर्चा की।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि झामुमो-कांग्रेस गठबंधन की पार्ट टू सरकार को भी अब एक साल होने को हैं। पिछले छह सालों में राज्य में लूट, हत्या और भ्रष्टाचार में भारी बढ़ोतरी हुई है।
इसी परिदृश्य में घाटशिला का उप चुनाव हो रहा है। एनडीए प्रत्याशी को यहां से विजय बनाने के लिए सभी दल मिलकर लड़ेंगे और लोगों को राज्य की स्थिति से अवगत कराएंगे।
मरांडी ने कहा कि राज्य में संसाधनों की लूट के खिलाफ घाटशिला के लोगों से समर्थन मांगा जाएगा।आजसू प्रमुख सुदेश महतो ने इस अवसर पर कहा कि जनता इस उपचुनाव में सरकार से किए गए वादों का हिसाब मांगेगी।
उन्होंने कहा कि घाटशिला में एनडीए एकजुट होकर झामुमो के सामने चुनौती देगा। जदयू के प्रदेश अध्यक्ष खीरू महतो ने कहा कि उपचुनाव में जीत का लक्ष्य तय कर एनडीए के कार्यकर्ता उतरेंगे।
बैठक में लोजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र प्रधान और लोजपा विधायक जनार्दन पासवान भी उपस्थित थे। लोजपा नेताओं ने भी एनडीए प्रत्याशी की जीत का संकल्प दोहराया।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।