Trending

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    रांची के रातू में भीषण हादसा: तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार को रौंदा, मौत के बाद ग्रामीणों ने जाम लगाया

    Updated: Thu, 05 Feb 2026 11:31 PM (IST)

    Jharkhand रातू थाना क्षेत्र के मुरगू गांव में एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार जौरा उरांव (35) की मौके पर ही मौत हो गई। तेज रफ्तार कार ने बाइक को ट ...और पढ़ें

    News Article Hero Image

    तेज रफ्तार कार की टक्कर से हादसा हुआ।

    संवाद सूत्र, रातू(रांची)। रातू थाना क्षेत्र के मुरगू गांव के पास गुरुवार शाम करीब साढ़े पांच बजे एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई।

    मृतक की पहचान जौरा उरांव (35 वर्ष) के रूप में हुई है। वह खेती-बाड़ी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। प्राप्त जानकारी के अनुसार जौरा उरांव बाइक से जा रहा था।

    कार और बाइक दोनों रांची से मांडर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि जौरा उरांव सड़क पर गिर पड़ा और गंभीर चोट लगने के कारण उसने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

    हादसे के बाद कुछ देर के लिए सड़क पर अफरा-तफरी मच गई। घटना की खबर मिलते ही आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।

    आक्रोशित लोगों ने संदेह पर एक कार चालक को घटनास्थल के पास पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी। ग्रामीणों का आरोप था कि कार चालक नशे की हालत में था और लापरवाही से वाहन चला रहा था, जिस कारण यह हादसा हुआ।

    लोगों का कहना था कि तेज रफ्तार और शराब के नशे में वाहन चलाना आम लोगों की जान के लिए खतरा बनता जा रहा है। बाद में पता चला कि जिस कार चालक की पिटाई हुई है, वह दूसरा कार चालक है। धक्का मारने वाले कार चालक फरार हो गया था।

    सूचना मिलने पर रातू थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने भीड़ से कार चालक को बचाते हुए थाना ले गई।

    हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर सड़क पर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा और सरकारी सहायता देने की मांग की।

    इस दौरान सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई, जिससे यातायात काफी देर तक बाधित रहा। राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

    पुलिस और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद लोगों को शांत कराया गया और जाम हटाया गया। इसके बाद यातायात सामान्य हो सका।

    पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और दोषी के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।