Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    रांची में गेल की गैस पाइपलाइन फटी, 20 हजार से अधिक लोग प्रभावित; कई इलाकों में अफरा-तफरी की स्थिति

    Updated: Sun, 28 Jun 2026 10:14 PM (IST)

    रांची के टाटीसिलवे में गेल इंडिया की मुख्य गैस पाइपलाइन फटने से 20 हजार से अधिक आबादी प्रभावित हुई और कई इलाकों में गैस आपूर्ति बाधित रही। उपभोक्ताओं ...और पढ़ें

    गैस रिसाव से मची अफरा-तफरी, कई इलाकों में घंटों नहीं जला चूल्हा। (फोटो: फाइल)

    गैस रिसाव से मची अफरा-तफरी, कई इलाकों में घंटों नहीं जला चूल्हा। (फोटो: फाइल)

    HighLights

    1. टाटीसिलवे में गेल की मुख्य गैस पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हुई।

    2. 20 हजार से अधिक आबादी प्रभावित, गैस आपूर्ति बाधित।

    3. देर रात मरम्मत के बाद सेवा बहाल, सुरक्षा पर सवाल।

    जागरण संवाददाता, रांची। टाटीसिलवे के पास रविवार दोपहर गेल इंडिया की मुख्य गैस पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने से शहर के कई इलाकों में गैस आपूर्ति बाधित हो गई। पाइपलाइन फटने के बाद आसपास के क्षेत्रों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

    स्थानीय लोगों ने आशंका जताई कि यदि समय रहते स्थिति पर नियंत्रण नहीं पाया जाता तो कोई बड़ी दुर्घटना भी हो सकती थी। घटना के कारण टाटीसिलवे, खेलगांव, बरियातू, बूटी मोड़, मोरहाबादी, लालपुर समेत कई क्षेत्रों में घरेलू गैस आपूर्ति ठप हो गई।

    अनुमान है कि 20 हजार से अधिक आबादी इस समस्या से प्रभावित हुई। कई घरों में चूल्हा नहीं जल सका, जिसके कारण लोगों को होटल, रेस्टोरेंट अथवा ऑनलाइन भोजन मंगवाने पर निर्भर होना पड़ा।

    फोन करते रहे उपभोक्ता, देर रात बहाल हुई सेवा

    गैस आपूर्ति बंद होने के बाद बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं ने गेल के टोल फ्री नंबर पर संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन लोगों का आरोप है कि उन्हें स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी। इससे उपभोक्ताओं में नाराजगी देखी गई।

    कई लोगों ने कहा कि शहर में गैस पाइपलाइन सेवा को लेकर बार-बार ऐसी समस्याएं सामने आ रही हैं, जिससे उपभोक्ताओं का भरोसा प्रभावित हो रहा है। हालांकि मरम्मत कार्य के बाद देर रात आपूर्ति बहाल कर दी गई।

    एक ही सड़क के नीचे कई विभागों की लाइनें

    स्थानीय लोगों का कहना है कि शहर की अधिकांश सड़कों के नीचे पानी, गैस, बिजली और केबल की अंडरग्राउंड लाइनें एक साथ बिछी हुई हैं। विभिन्न विभागों के बीच समन्वय की कमी के कारण निर्माण या खुदाई कार्य के दौरान अक्सर गैस पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने की घटनाएं सामने आती रहती हैं।

    खबरें और भी

    जानकारी के अनुसार बोकारो से आने वाली मुख्य गैस पाइपलाइन रिंग रोड होते हुए टाटीसिलवे के रास्ते रांची शहर के विभिन्न इलाकों तक गैस पहुंचाती है। इसी मुख्य लाइन के क्षतिग्रस्त होने से व्यापक क्षेत्र प्रभावित हुआ।

    घटना के दौरान बड़ी मात्रा में गैस वातावरण में रिस गई, जिससे न केवल आर्थिक नुकसान हुआ बल्कि सुरक्षा को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों ने भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए बेहतर समन्वय और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।