रांची में 'वॉट्सएप' पर बुकिंग, गर्ल्स हॉस्टल से सीधे होटलों में भेजी जाती थीं लड़कियां
रांची में गर्ल्स हॉस्टल की आड़ में देह व्यापार का खुलासा। लालपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने की कार्रवाई पश्चिम बंगाल की 10 युवतियां हिरासत में ली गईं। वाट्सएप के जरिए होती थी ग्राहकों की बुकिंग। होटल तक भेजी जाती थीं लड़कियां। मुख्य सरगना को नहीं पकड़ सकी पुलिस। हॉस्टल संचालक की भूमिका संदिग्ध। शहर के अन्य इलाकों में भी सक्रिय हो सकता है देह व्यापार का रैकेट।

जागरण संवाददाता, रांची। राजधानी रांची में पुलिस ने लालपुर थाना क्षेत्र स्थित ओम गर्ल्स हास्टल में देह व्यापार के संगठित गिरोह का भंडाफोड़ किया है। रविवार सुबह पुलिस की एक विशेष टीम ने छापेमारी कर पश्चिम बंगाल की 10 लड़कियों को हिरासत में लिया।
जांच में यह बात सामने आई कि युवतियों को वॉट्सएप के जरिए बुक किया जाता था और हॉस्टल से सीधे होटलों तक पहुंचाया जाता था। युवती को ग्राहक की जानकारी नहीं होती।
वाट्सएप से होती थी बुकिंग
पूछताछ में युवतियों ने बताया कि वे सभी पश्चिम बंगाल की रहने वाली हैं। कोई 10 दिन पहले आई थी तो कोई एक माह से रैकेट में शामिल थी। उन्हें एक युवक हॉस्टल में रखता था, जो खुद को उनका गार्जियन बताता था और ग्राहकों से वाट्सएप पर डील करता था।
ग्राहक तय होते ही गाड़ी भेजी जाती, होटल में कमरे का नंबर ड्राइवर बताता और काम खत्म होने पर लड़कियों को वापस हास्टल छोड़ दिया जाता। खास बात यह रही कि लड़कियों का सीधा संपर्क कभी ग्राहकों से नहीं होता था।
हॉस्टल संचालक पर गिरेगी गाज
रांची के एसएसपी चंदन कुमार सिन्हा को गर्ल्स हॉस्टल की आड़ में देह व्यापार की सूचना मिली थी। इसके बाद उन्होंने छापेमारी के लिए विशेष टीम गठित की थी। सिटी डीएसपी ने बताया कि मुख्य आरोपित युवक की पहचान हो गई है।
वह रांची का निवासी है और फिलहाल फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। साथ ही हास्टल संचालक की भूमिका भी संदिग्ध पाई गई है, जिस पर कार्रवाई की तैयारी है।
होटलों पर भी शिकंजा
पुलिस अब संबंधित होटलों की सीसीटीवी फुटेज, रजिस्टर और कमरे बुक कराने वालों की जानकारी खंगाल रही है। आशंका है कि यह रैकेट केवल लालपुर ही नहीं, बल्कि शहर के अन्य इलाकों में भी सक्रिय हो सकता है।
छापेमारी के दौरान जैसे ही युवतियों को बाहर निकाला गया, मौके पर भीड़ उमड़ पड़ी और लोग वीडियो बनाने लगे। इससे पहले भी राजधानी में रैकेट पकड़ा जा चुका है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।