Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    झारखंड गौरव यात्रा: मांदर की थाप पर झूम उठा चाईबासा, 'जय झारखंड' के नारे से गूंजा इलाका

    Updated: Sat, 08 Nov 2025 12:56 AM (IST)

    चाईबासा में झारखंड गौरव यात्रा के दौरान मांदर की थाप पर लोग उत्साह से झूम उठे। 'जय झारखंड' के नारों से पूरा इलाका गूंज उठा, जो राज्य के लोगों की एकता और गौरव को दर्शाता है। यात्रा में शामिल लोग पारंपरिक संगीत पर नृत्य कर रहे थे, जिससे वातावरण में ऊर्जा का संचार हो रहा था।

    Hero Image

    शहर में गूंजती रही मांदर की थाप। फोटो जागरण

    जागरण संवाददाता, चाईबासा। सुबह का सूरज जैसे ही चाईबासा की गलियों में सुनहरी किरणें बिखेरने लगा, शहर की फिज़ा में आज कुछ अलग ही गूंज थी। पोस्ट फिस चौक की ओर जाते ही कानों में मांदर की थाप, बैंड की धुन और बच्चों की खिलखिलाहट घुल रही थी।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    यह कोई आम शुक्रवार नहीं था। यह था झारखंड गौरव यात्रा के स्वागत का दिन। ढोल-नगाड़ों के बीच जब दैनिक जागरण के बैनर तले गौरव यात्रा चौक पर पहुंची, तो “जय झारखंड” के नारों से पूरा इलाका गूंज उठा।

    हवा में उड़ते फूलों के संग लोगों की आंखों में गर्व चमक रहा था। उपायुक्त चंदन कुमार, उप विकास आयुक्त संदीप कुमार मीणा, एसडीओ संदीप अनुराग टोपनो और एसडीपीओ बहामन टुटी ने वीर राम भगवान केरकेट्टा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धा जताई।

    मशाल की लौ जल उठी, और उसी के साथ शुरू हुई गौरव यात्रा की मशाल, जो झारखंड की आत्मा को शहर-शहर, गांव-गांव तक लेकर जाएगी। यात्रा के आगे स्कैटर्स टीम झंडे थामे फिसल रही थी, पीछे चाईबासा सदर कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय और पीएमश्री स्काट स्कूल की बैंड टीम कदमताल कर रही थी।

    मांगीलाल रूंगटा प्लस टू उच्च विद्यालय और डीपीएस स्कूल एंड कालेज के बच्चे रंग-बिरंगे परिधानों में नाचते-गाते आगे बढ़ रहे थे। मांदर की थाप पर आदिवासी युवक-युवतियां थिरक रहे थे जैसे चाईबासा की सड़कों ने खुद को झारखंडी संस्कृति के रंग में रंग दिया हो। रास्ते में हर मोड़ पर लोग खड़े थे। कोई फूल बरसा रहा था, कोई माला पहना रहा था।

    जब यात्रा रूंगटा हाउस के सामने पहुंची, तो उद्योगपति मुकुंद रूंगटा परिवार समेत स्वागत में खड़े मिले और यात्रा के साथ कदम मिलाया। कोर्ट रोड से होते हुए घंटाघर तक मांदर की थाप और जयघोष थमता नहीं दिखा।

    ओलंपिक संघ के अध्यक्ष नितिन प्रकाश, चैंबर आफ कामर्स के संजय चौबे, निरंजन गोयल, गुरुद्वारा कमेटी के गुरुमुख सिंह खोखर, बार एसोसिएशन के फादर अगस्टीन कुल्लू, भाजपा नेता प्रताप कटियार, अधिवक्ता राजाराम गुप्ता समेत शहर के गणमान्य लोग भी मशाल थामे यात्रा के साथी बने।

    लायंस क्लब, रोटरी क्लब, मारवाड़ी युवा मंच और हिंदू जागरण मंच के सदस्य भी उमंग से लबरेज थे। यात्रा जैसे-जैसे आगे बढ़ती गई, चाईबासा की धड़कनें तेज होती गईं।

    पोस्ट ऑफिस चौक से लेकर टाटा कालेज मोड़ तक, हर ओर बस एक ही नजारा था, गौरव, संस्कृति और एकता का संगम। अंत में उपायुक्त चंदन कुमार ने कहा कि दैनिक जागरण की यह पहल झारखंड की आत्मा को जन-जन तक पहुंचाने का सेतु बनेगी। राज्य की 25 वर्ष की यात्रा का यह उत्सव आने वाले वर्षों की नई दिशा तय करेगा।