Skincare Decoded: ग्लोइंग स्किन के लिए न रहें विटामिन-C के भरोसे! Ferulic Acid कर सकता है कमाल
Ferulic Acid एक ऐसा पावरफुल स्किनकेयर एक्टिव है जो आपकी त्वचा प्रदूषण, धूप और त्वचा पर बढ़ती उम्र के लक्षणों से बचाता है। ...और पढ़ें

डर्मेटोलॉजिस्ट से जानिए क्या है फेरुलिक एसिड और ये क्यों है जरूरी (Image Source: AI-Generated)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। निखरी और बेदाग त्वचा की चाहत में हम कई तरह के प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल करते हैं, लेकिन क्या आपने Ferulic Acid के बारे में सुना है?
अगर नहीं, तो आइए हमारी स्किनकेयर एक्टिव्स सीरीज 'Skincare Decode' के 11वें पार्ट में कैलाश दीपक अस्पताल की कंसल्टेंट डर्मेटोलॉजिस्ट, डॉ. जैस्मीन कौर कोहली से आसान भाषा में समझते हैं कि फेरुलिक एसिड क्या है और यह आपकी त्वचा के लिए कैसे काम करता है।

(Image Source: AI-Generated)
सवाल 1: फेरुलिक एसिड क्या है?
जवाब: यह प्राकृतिक रूप से पौधों में पाया जाता है- जैसे चावल, ओट्स और कुछ फलों में। स्किनकेयर में इसे मुख्य रूप से एक एंटीऑक्सीडेंट के रूप में इस्तेमाल किया जाता है। इसका काम आपकी त्वचा को प्रदूषण, धूप और पर्यावरण के तनाव से बचाना है। यह तुरंत असर दिखाने के बजाय, समय के साथ त्वचा को स्वस्थ और सुरक्षित रखने का काम करता है।
सवाल 2: क्या फेरुलिक एसिड स्किन को एक्सफोलिएट करता है?
जवाब: बिल्कुल नहीं। इसके नाम में 'एसिड' होने की वजह से लोग अक्सर कन्फ्यूज हो जाते हैं। यह ग्लाइकोलिक या सैलिसिलिक एसिड की तरह त्वचा को एक्सफोलिएट या पील नहीं करता, और न ही इससे कोई झुनझुनाहट होती है। इसे डेड स्किन निकालने वाले एसिड के बजाय, एक 'सुरक्षा देने वाले' इंग्रीडिएंट के तौर पर देखना चाहिए।
सवाल 3: फेरुलिक एसिड को अक्सर विटामिन C के साथ ही क्यों मिलाया जाता है?
जवाब: क्योंकि ये दोनों एक साथ बेहतरीन काम करते हैं। विटामिन C अपने आप में बहुत अस्थिर होता है और हवा या रोशनी के संपर्क में आते ही जल्दी खराब हो जाता है। फेरुलिक एसिड इसे स्थिर करने में मदद करता है ताकि यह लंबे समय तक असरदार रहे। इसके अलावा, दोनों को साथ मिलाने से त्वचा को बहुत बेहतर एंटीऑक्सीडेंट सुरक्षा मिलती है।
खबरें और भी
सवाल 4: त्वचा के लिए फेरुलिक एसिड के मुख्य फायदे क्या हैं?
जवाब: इसका सबसे बड़ा फायदा त्वचा को सुरक्षा देना है। यह 'फ्री रेडिकल्स' से लड़ता है, जो त्वचा को डैमेज करते हैं और बुढ़ापे की प्रक्रिया को तेज करते हैं। यह डैमेज कम करके त्वचा को स्वस्थ बनाता है। इसके इस्तेमाल से त्वचा का फीकापन और असमान रंगत भी ठीक होती है।
सवाल 5: फेरुलिक एसिड को सुबह लगाना चाहिए या रात में?
जवाब: इसे लगाने का सबसे अच्छा समय सुबह है। चूंकि इसका मुख्य काम पर्यावरण के नुकसान से बचाना है, इसलिए दिन के समय (जब आप धूप और प्रदूषण के संपर्क में आते हैं) इसका इस्तेमाल सबसे सही रहता है। आप इसे रात में भी लगा सकते हैं, लेकिन सुबह सनस्क्रीन के साथ इसे लगाना सबसे ज्यादा असरदार होता है।
सवाल 6: क्या सेंसिटिव स्किन वाले लोग फेरुलिक एसिड का इस्तेमाल कर सकते हैं?
जवाब: हां, ज्यादातर मामलों में। फेरुलिक एसिड काफी जेंटल होता है और इससे वैसी जलन नहीं होती जैसी कुछ स्ट्रॉन्ग स्किनकेयर एक्टिव्स से होती है, लेकिन हर किसी की त्वचा अलग होती है, इसलिए हमेशा पहले पैच टेस्ट जरूर करें। अगर आपकी स्किन जल्दी रिएक्ट करती है, तो शुरुआत में इसे बहुत कम मात्रा में इस्तेमाल करें।
सवाल 7: अगर फेरुलिक एसिड UV डैमेज से बचाता है, तो क्या फिर भी सनस्क्रीन लगाना जरूरी है?
जवाब: 100 प्रतिशत हां! यह एक बहुत बड़ी गलतफहमी है। फेरुलिक एसिड धूप से होने वाले नुकसान को कुछ हद तक कम जरूर करता है, लेकिन यह सूरज की किरणों को ब्लॉक नहीं करता। यह सनस्क्रीन का विकल्प नहीं है, बल्कि एक एक्स्ट्रा सपोर्ट है। इसलिए, हर दिन सनस्क्रीन लगाना बहुत जरूरी है।
सवाल 8: क्या इसे रेटिनॉल वाले रूटीन में इस्तेमाल कर सकता हूं?
जवाब: हां, आप कर सकते हैं। फेरुलिक एसिड त्वचा को 'बचाने' का काम करता है, जबकि रेटिनॉल त्वचा को 'नया बनाने' पर काम करता है। इसलिए ये दोनों आपस में नहीं टकराते। हालांकि, रेटिनॉल कुछ लोगों के लिए थोड़ा स्ट्रॉन्ग हो सकता है। इसलिए सबसे सुरक्षित तरीका यह है कि आप सुबह फेरुलिक एसिड लगाएं और रात में रेटिनॉल का इस्तेमाल करें। इससे बिना किसी जलन के दोनों के फायदे मिलेंगे।
सवाल 9: फेरुलिक एसिड वाले प्रोडक्ट्स को कैसे रखना चाहिए?
जवाब: इसका स्टोरेज बहुत मायने रखता है। एंटीऑक्सीडेंट होने के कारण, यह रोशनी, हवा या गर्मी के संपर्क में आने पर खराब हो सकता है। इसलिए इन प्रोडक्ट्स को हमेशा किसी ठंडी, सूखी जगह पर और सीधी धूप से दूर रखना चाहिए। सही तरीके से रखने पर प्रोडक्ट लंबे समय तक काम करता है।
सवाल 10: मैं पता करें कि फेरुलिक एसिड सीरम खराब हो गया है?
जवाब: आपका प्रोडक्ट खराब होने पर खुद संकेत दे देगा। अगर सीरम का रंग गहरा हो जाए, या उसकी महक में कोई अजीब-सा बदलाव आ जाए, तो समझ लें कि वह खराब हो गया है। टेक्सचर में बदलाव भी इसका एक संकेत है। खराब होने के बाद यह असरदार नहीं रहता। शक होने पर, खराब प्रोडक्ट इस्तेमाल करने का जोखिम उठाने के बजाय उसे लगाना बंद कर देना ही बेहतर है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।