महंगे शैम्पू या तेल नहीं, आपकी थाली में छिपा है लंबे-घने बालों का राज! इन फूड्स को बनाएं डाइट का हिस्सा
सुंदर और घने बालों का राज महंगे प्रोडक्ट्स में नहीं, बल्कि हमारी डाइट में छिपा है। इसलिए हेल्दी बालों के लिए अपने खान-पान में सुधार करना जरूरी है। ...और पढ़ें

कैसे बनाएं अपने बालों को हेल्दी? (Picture Courtesy: Freepik)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। सुंदर और घने बाल सिर्फ अच्छे शैम्पू या तेल से नहीं मिलते, बल्कि यह इस बात का संकेत भी होते हैं कि आपका शरीर अंदर से कितना हेल्दी है। अक्सर हम बालों के झड़ने या धीमी ग्रोथ की वजह बाहर खोजते हैं, जबकि असली कारण हमारी थाली में छुपा होता है।
जब शरीर को सही पोषण मिलता है, तब सबसे पहले उसका असर बालों की जड़ों पर दिखता है। अगर आप चाहते हैं कि बाल तेजी से बढ़ें, मजबूत रहें और उनमें हमेशा नेचुरल शाइन बनी रहे, तो अपनी रोज की डाइट में कुछ जरूरी फूड्स को जरूर शामिल करें।
हेल्दी बालों के लिए फूड्स
- प्रोटीन बेस्ड फूड्स- बालों का मुख्य कंपोनेंट केराटिन, प्रोटीन से बनता है। दालें, मूंग, चना, राजमा, सोयाबीन, पनीर, दूध, दही और अंडे प्रोटीन के बेस्ट सोर्स हैं। इसलिए रोज इनमें से किसी एक को अपनी थाली में जरूर रखें, जिससे बालों की ग्रोथ लगातार बनी रहे।
- आयरन से भरपूर हरी सब्जियां- पालक, मेथी, सरसों और बथुआ जैसी हरी पत्तेदार सब्जियां आयरन और फोलेट से भरपूर होती हैं। ये ब्लड सर्कुलेशन को बेहतर बनाती हैं, जिससे बालों की जड़ों तक ऑक्सीजन और पोषण सही मात्रा में पहुंचता है।
- नट्स और सीड्स- मजबूती और शाइन के लिए बादाम, अखरोट, काजू, अलसी, चिया सीड्स और सूरजमुखी के बीज ओमेगा-3 फैटी एसिड, बायोटिन और विटामिन-ई से भरपूर होते हैं। ये तत्व बालों की जड़ों को मजबूत करते हैं, ड्राइनेस कम करते हैं और बालों में नेचुरल चमक बनाए रखते हैं।
- विटामिन-सी से भरपूर फल- आंवला, संतरा, नींबू, कीवी, अमरूद और पपीता विटामिन-सी के अच्छे सोर्स हैं। विटामिन-सी कोलेजन बनाने में मदद करता है, जिससे बालों की मजबूती बढ़ती है और हेयर फॉल कंट्रोल में रहता है।
- साबुत अनाज- ओट्स, ब्राउन राइस, जौ, बाजरा और रागी में जिंक, आयरन और बी-कॉम्प्लेक्स विटामिन्स होते हैं। ये पोषक तत्व बालों की ग्रोथ साइकल को बैलेंस रखते हैं और समय से पहले बालों के झड़ने को रोकते हैं।
- डेयरी प्रॉडक्ट्स- दूध, दही और पनीर में कैल्शियम, प्रोटीन और विटामिन-बी12 होता है। ये स्कैल्प को पोषण देते हैं और बालों को अंदर से मजबूत बनाते हैं। दही पाचन को भी सुधारता है, जिससे शरीर पोषक तत्वों को बेहतर तरीके से अब्जॉर्ब करता है।
- पानी और हेल्दी फैट्स- दिनभर में 8-10 गिलास पानी पीना बालों को हाइड्रेट रखता है। साथ ही, देसी घी, मूंगफली का तेल और ऑलिव ऑयल जैसे हेल्दी फैट्स बालों की ड्राइनेस दूर कर उन्हें सॉफ्ट और शाइनी बनाते हैं।