Trending

    एयर फ्रायर में इस तरीके से बनाएं बेकरी जैसी क्रिस्पी 'कोकोनट कुकीज', चाय का मजा हो जाएगा दोगुना

    Updated: Mon, 09 Mar 2026 03:13 PM (IST)

    घर पर एयर फ्रायर में बेकरी जैसी कुरकुरी कोकोनट कुकीज बनाना अब बेहद आसान है। ...और पढ़ें

    News Article Hero Image

    एयर फ्रायर में ऐसे बनाएं मुंह में घुल जाने वाली नारियल कुकीज (Image Source: AI-Generated) 

    लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। शाम की कड़क चाय हो और साथ में बेकरी जैसी कुरकुरी और ताजी कोकोनट कुकीज मिल जाएं, तो दिन की सारी थकान छूमंतर हो जाती है। हम अक्सर बाजार से महंगे बिस्किट लाते हैं, लेकिन क्या आपको पता है कि आप अपने घर पर रखे एयर फ्रायर में बहुत ही आसानी से एकदम परफेक्ट कुकीज बना सकते हैं?

    सबसे अच्छी बात यह है कि घर पर बनी इन कुकीज में कोई मिलावट नहीं होती और घर के बने ताजे स्वाद की बात ही कुछ और होती है। आइए, बिना किसी झंझट के बनाते हैं मुंह में घुल जाने वाली मजेदार कोकोनट कुकीज।

    Eggless Coconut Biscuits

    (Image Source: AI-Generated) 

    कोकोनट कुकीज बनाने के लिए सामग्री

    • मैदा या गेहूं का आटा: 1 कप (आप हेल्दी ऑप्शन के लिए आटा भी ले सकते हैं)
    • नारियल का बुरादा: तीन चौथाई कप (थोड़ा-सा बुरादा कुकीज को ऊपर से लपेटने के लिए अलग रख लें)
    • पिसी हुई चीनी: आधा कप
    • घी या मक्खन: आधा कप (यह कमरे के तापमान पर होना चाहिए, न ज्यादा सख्त और न ही पिघला हुआ)
    • बेकिंग पाउडर: आधा छोटा चम्मच
    • इलायची पाउडर: एक चौथाई छोटा चम्मच (बढ़िया खुशबू के लिए)
    • दूध: 1 से 2 चम्मच (अगर डो बनाने में जरूरत लगे तो)

    कोकोनट कुकीज बनाने की विधि

    • सबसे पहले एक बड़े बर्तन में घी या मक्खन और पिसी हुई चीनी लें। इसे चम्मच या व्हिस्कर की मदद से तब तक फेंटें जब तक कि यह एकदम हल्का, फूला हुआ और क्रीमी न हो जाए। इसमें लगभग 4-5 मिनट लगेंगे।
    • इसके बाद, अब इस क्रीमी पेस्ट में मैदा या आटा, बेकिंग पाउडर और इलायची पाउडर को छलनी से छानकर डाल लें।
    • इसी बर्तन में नारियल का बुरादा डालें और अपने हाथों से हल्के-हल्के मिलाते हुए इसका एक मुलायम डो तैयार कर लें। ध्यान रखें, इसे रोटी के आटे की तरह बहुत ज्यादा नहीं गूंधना है, बस सारी चीजों को एक साथ इकट्ठा करना है। अगर मिश्रण ज्यादा सूखा लगे, तो सिर्फ 1 या 2 चम्मच दूध मिला लें।
    • अब इस डो में से नींबू के आकार की छोटी-छोटी लोइयां तोड़ें और अपनी हथेलियों के बीच रखकर हल्का सा चपटा कर लें।
    • जो सूखा नारियल का बुरादा हमने अलग रखा था, उसमें इन तैयार कुकीज को हल्का सा लपेट लें। इससे कुकीज दिखने में बिल्कुल बेकरी जैसी लगेंगी और ऊपर से भी क्रिस्पी बनेंगी।
    • अपने एयर फ्रायर को 160°C पर 5 मिनट के लिए प्रीहीटकर लें। एयर फ्रायर की बास्केट में बटर पेपर लगाएं और कुकीज को थोड़ी-थोड़ी दूरी पर रख दें (क्योंकि पकते समय ये थोड़ी फैलती हैं)। अब इन्हें 160°C पर 10 से 12 मिनट तक बेक करें।
    • जब आप कुकीज को एयर फ्रायर से बाहर निकालेंगे, तो वे छूने में थोड़ी नरम लग सकती हैं। घबराएं नहीं, यह बिल्कुल नॉर्मल है। इन्हें 10-15 मिनट के लिए एक जाली पर ठंडा होने के लिए छोड़ दें। ठंडी होते ही ये एकदम करारी और क्रिस्पी हो जाएंगी।

    यह भी पढ़ें- डिनर में कुछ हटकर चाहिए? आज ही बनाएं स्पेशल 'भरवां तंदूरी आलू', स्वाद ऐसा कि सब पूछेंगे रेसिपी

    यह भी पढ़ें- रोज के पोहा-पराठे से हो गए हैं बोर? नाश्ते में बनाएं चुकंदर का चीला, स्वाद और सेहत दोनों में बेमिसाल