बच्चों को लौकी पसंद नहीं? ब्रेकफास्ट में तैयार करें इससे बनने वाली 3 डिशेज, बिना नखरे किए कर जाएंगे चट
बच्चों को लौकी खिलाना अक्सर मुश्किल होता है, लेकिन यह सेहत के लिए बहुत फायदेमंद है। ...और पढ़ें

लौकी से 3 टेस्टी डिश बनाने के आसान तरीके (Image Source: AI-Generated)
HighLights
बच्चों को लौकी खिलाने की समस्या का समाधान
लौकी से बनने वाले 3 स्वादिष्ट नाश्ते के विकल्प
क्रिस्पी चीला, टेस्टी पराठा और अप्पे करें ट्राई
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। हर घर की एक ही कहानी है - "मम्मी, मैं लौकी नहीं खाऊंगा!" लौकी या घिया का नाम सुनते ही अक्सर बच्चों का मुंह बन जाता है, लेकिन दूसरी तरफ, लौकी सेहत के लिए बहुत फायदेमंद होती है। इसमें विटामिन, मिनरल्स और भरपूर मात्रा में पानी होता है जो बच्चों के विकास के लिए जरूरी है। ऐसे में हर मां के लिए यह एक बड़ा टास्क होता है कि बच्चों को लौकी कैसे खिलाएं।
अब आपको फिक्र करने की कोई जरूरत नहीं है। आज हम आपको लौकी से बनने वाले 3 ऐसे टेस्टी और हेल्दी नाश्तों के बारे में बताएंगे, जिन्हें आपके बच्चे उंगलियां चाट-चाट कर खाएंगे। सबसे मजेदार बात तो यह है कि उन्हें पता भी नहीं चलेगा कि उन्होंने लौकी खाई है।
लौकी का क्रिस्पी चीला
लौकी का चीला बनाना बहुत ही आसान है और यह देखने में एकदम स्वादिष्ट पैनकेक जैसा लगता है। इसे खाने में बच्चे बिल्कुल नखरे नहीं करते।
सबसे पहले एक लौकी को छीलकर कद्दूकस कर लें। अब एक बर्तन में कद्दूकस की हुई लौकी, एक कप बेसन, थोड़ी-सी सूजी , बारीक कटा प्याज, हरा धनिया और अपने स्वाद के अनुसार हल्के मसाले (नमक, चुटकी भर हल्दी, जीरा पाउडर) मिला लें। जरूरत के हिसाब से पानी डालकर एक घोल तैयार करें। तवे पर हल्का-सा तेल या घी लगाएं और घोल फैलाकर दोनों तरफ से सुनहरा होने तक सेंक लें। इसे टोमैटो केचअप या हरी चटनी के साथ परोसें।
लौकी का टेस्टी पराठा
अगर आपके बच्चे को सुबह नाश्ते में पराठे खाना पसंद है, तो यह डिश उनके लिए एकदम परफेक्ट है। यह पराठा इतना मुलायम और स्वादिष्ट होता है कि बच्चे इसे टिफिन में भी ले जाना पसंद करेंगे।
खबरें और भी
कद्दूकस की हुई लौकी का एक्स्ट्रा पानी हाथों से अच्छे से निचोड़ लें। इस पानी को फेंकने के बजाय आटा गूंथने में इस्तेमाल कर लें, ताकि पूरा पोषण मिले। अब सूखी हुई लौकी में थोड़ी सी अजवाइन, गरम मसाला, नमक, कद्दूकस किया हुआ अदरक और हरा धनिया मिला लें। अब सामान्य आटे की लोई में इस मसाले को भरें, हल्के हाथों से बेलें और तवे पर घी या मक्खन लगाकर क्रिस्पी होने तक सेंक लें। दही या मीठे अचार के साथ यह लौकी का पराठा कमाल का लगता है।
लौकी और सूजी के अप्पे
अप्पे देखने में छोटे-छोटे बॉल्स जैसे लगते हैं। इनका आकार और रूप बच्चों को बहुत आकर्षित करता है, और वे इसे खेल-खेल में ही खा जाते हैं।
एक बर्तन में एक कप सूजी, आधा कप दही और कद्दूकस की हुई लौकी मिला लें। आप चाहें तो इसमें बारीक कटी गाजर भी डाल सकते हैं। इसमें थोड़ा-सा नमक और राई-कड़ी पत्ते का तड़का डालकर मिला लें। 10 मिनट के लिए बैटर को ढककर रख दें। जब अप्पे बनाने हों, तो चुटकी भर बेकिंग सोडा डालकर मिला लें। अप्पे मेकर में हल्का तेल लगाकर इस बैटर को भरें और धीमी आंच पर ढककर पकाएं। ये बाहर से बहुत क्रिस्पी और अंदर से बेहद सॉफ्ट होते हैं।