गर्मी में ताजगी का एहसास दिलाएगा पुरानी दिल्ली का यह फेमस मोहब्बत का शरबत, नोट करें रेसिपी
गर्मी के मौसम में मेहमानों को सर्व करने के लिए मोहब्बत का शरबत काफी अच्छा ऑप्शन है। ...और पढ़ें
-1776772974689_m.webp)
घर पर बनाएं ठंडा-ठंडा मोहब्बत का शरबत (Picture Courtesy: Instagram)
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। पुरानी दिल्ली की तंग गलियों से निकलकर पूरे देश में मशहूर हुआ मोहब्बत का शरबत एक ऐसी ड्रिंक है, जो तपती गर्मी से राहत दिलाने में काफी कारगर साबित होती है। इसका गुलाबी रंग और ताजगी भरी मिठास किसी को भी अपना दीवाना बना सकती है।
मोहब्बत का शरबत आपके शरीर को ठंडक तो पहुंचाता ही है। साथ ही, मेहमानों को सर्व करने के लिए भी यह एक अच्छा ऑप्शन है। अच्छी बात यह है कि इसके लिए आपको घर से बाहर जाने की जरूरत नहीं है। जामा मस्जिद के पास मिलने वाला यह शरबत अब घरों की रसोई तक पहुंच चुका है। इस शरबत को बहुत आसानी से आप अपने घर में कुछ सामग्रियों की मदद से बना सकते हैं। आइए जानते हैं इसे घर पर बनाने की आसान रेसिपी।
सामग्री
- ठंडा दूध- 1 लीटर
- तरबूज- 2 कप (छोटे टुकड़ों में कटा हुआ, बीज निकले हुए)
- रूह अफजा- 4-5 बड़े चम्मच
- चीनी- 2-3 बड़े चम्मच
- बर्फ के टुकड़े
- गुलाब की पंखुड़ियां- सजावट के लिए
बनाने की विधि
- सबसे पहले एक बड़े जग या बर्तन में एकदम ठंडा दूध लें। अगर आपने दूध पहले से उबाल कर रखा है, तो इस बात का ध्यान रखें कि वह फ्रिज में पूरी तरह ठंडा हो चुका हो।
- अब इस दूध में चीनी डालें और तब तक घोलें जब तक चीनी पूरी तरह घुल न जाए। इसके बाद इसमें रूह अफजा या गुलाब का सिरप मिलाएं। जैसे ही आप इसे मिलाएंगे, दूध का रंग हल्का गुलाबी और खुशबूदार हो जाएगा।
- तरबूज को बहुत ही छोटे-छोटे क्यूब्स में काट लें। ध्यान रहे कि इसके बीज निकाल दिए गए हों। अब इन टुकड़ों को तैयार गुलाबी दूध में डाल दें। तरबूज के ये छोटे टुकड़े ही इस ड्रिंक को असली फ्रेशनेस देते हैं।
- लास्ट में इसमें बर्फ डालें। यह शरबत जितना ठंडा होगा, पीने में उतना ही लाजवाब लगेगा।
- इसे कांच के गिलासों में डालें और ऊपर से थोड़े और तरबूज के टुकड़े या ताजी गुलाब की पंखुड़ियां डालकर ठंडा-ठंडा सर्व करें।
स्पेशल टिप
- इस रेसिपी में असली स्वाद तरबूज के क्रंच से आता है। तरबूज को कभी भी ब्लेंड या मिक्स न करें, इसे हमेशा हाथों से बारीक काटकर ही डालें। अगर आप चाहें तो इसमें थोड़े से सब्जा के बीज भी भिगोकर डाल सकते हैं, जो पेट को और ज्यादा ठंडक देते हैं।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।