पास्ता के साथ रेस्टोरेंट वाले फ्री में क्यों देते हैं ब्रेड? इटली की सदियों पुरानी परंपरा से जुड़ा है जवाब
जब भी आप किसी कैफे रेस्टोरेंट में पास्ता ऑर्डर करते हैं, तो आपने गौर किया होगा कि प्लेट में पास्ता के साथ ब्रेड की स्लाइस जरूर परोसी जाती है। ...और पढ़ें

क्या आप जानते हैं पास्ता के साथ गार्लिक ब्रेड खाने का असली कारण? (Image Source: AI-Generated)
HighLights
इटली की 'फेयर ला स्कारपेटा' प्रथा, खाने की बर्बादी रोकना
ब्रेड पास्ता की बची हुई स्वादिष्ट सॉस को पूरी तरह सोखती है
क्रिस्पी ब्रेड और सॉफ्ट पास्ता का टेक्सचर तालमेल शानदार अनुभव
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। अक्सर जब हम किसी कैफे या इटैलियन रेस्टोरेंट में अपने लिए पास्ता ऑर्डर करते हैं, तो प्लेट में उसके साथ एक या दो क्रिस्पी गार्लिक ब्रेड जरूर मिलती है।
हम में से ज्यादातर लोग यही मान लेते हैं कि यह सिर्फ प्लेट को सजाने, या फिर ग्राहकों का पेट भरने की एक तरकीब है, लेकिन असल में, इस चलन के पीछे एक बहुत ही खास ऐतिहासिक परंपरा और स्वाद का विज्ञान छिपा है। आइए जानते हैं क्या है वो असली वजह।

(Image Source: Pexels)
इटली की खास रस्म
पास्ता के साथ ब्रेड खाने की यह कहानी इटली से ही शुरू हुई है। बता दें, इटली की संस्कृति में खाने की बर्बादी को अच्छा नहीं माना जाता। इसी सोच से वहां 'फेयर ला स्कारपेटा' नाम की एक दिलचस्प प्रथा का जन्म हुआ। इस कहावत का सीधा सा मतलब होता है- ब्रेड के टुकड़े से अपनी प्लेट को एकदम पोंछकर साफ कर देना। ऐसा करना न सिर्फ खाने को बर्बाद होने से बचाता है, बल्कि यह डिश तैयार करने वाले शेफ को सम्मान देने का भी एक पारंपरिक तरीका है।
पास्ता का कोई भी स्वाद न छूटे
पास्ता की असली जान उसकी सॉस में बसती है, जिसे ऑलिव ऑयल, चीज, ताजे टमाटर और बेहतरीन मसालों को धीमी आंच पर पकाकर बनाया जाता है। परेशानी तब आती है जब हम फॉर्क से पास्ता खाते हैं, क्योंकि ऐसा करने पर पास्ता तो मुंह में चला जाता है, लेकिन वह लाजवाब और गाढ़ी सॉस प्लेट में ही रह जाती है।
यहां ब्रेड बिल्कुल एक स्पंज की तरह काम करती है। जब आप अपनी क्रिस्पी गार्लिक ब्रेड को उस बची हुई टोमैटो या क्रीमी सॉस में डुबोते हैं, तो वह सारे जायके को सोख लेती है और आप डिश के असली स्वाद का पूरा लुत्फ उठा पाते हैं।
खबरें और भी
क्रंची और सॉफ्ट का मजेदार तालमेल
सिर्फ परंपरा ही नहीं, बल्कि खाने का मजा उसके टेक्सचर पर भी बहुत निर्भर करता है। जरा सोचिए, जहां एक तरफ पास्ता बेहद सॉफ्ट और जूसी होता है, वहीं गार्लिक ब्रेड को अच्छे से टोस्ट करके क्रिस्पी बनाया जाता है। जब मुलायम और कुरकुरे टेक्सचर एक साथ मिलते हैं, तो खाने का अनुभव कई गुना ज्यादा शानदार हो जाता है।
पेट भरने का परफेक्ट फॉर्मूला
समय के साथ जब इटैलियन खाना इटली की सीमाओं से बाहर निकलकर अमेरिका और दुनिया के बाकी हिस्सों में मशहूर होने लगा, तो रेस्टोरेंट मालिकों ने इस परंपरा को एक नए नजरिए से अपनाया। उन्होंने पास्ता के साथ ब्रेड देना इसलिए भी जारी रखा ताकि डिश थोड़ी और भारी हो जाए। इससे ग्राहकों का पेट अच्छे से भर जाता है और वे रेस्टोरेंट से पूरी तरह संतुष्ट होकर घर लौटते हैं।