तेजी से कैलोरी बर्न करने के लिए रोज करें 30 मिनट ब्रिस्क वॉक, हार्ट डिजीज का खतरा भी होगा कम
क्या आप जानते हैं रोजाना सिर्फ 30 मिनट ब्रिस्क वॉक करने से आपकी सेहत को क्या-क्या फायदे (Brisk Walking Benefits) मिल सकते हैं। दरअसल ब्रिस्क वॉक करने से कैलोरी बर्न होती हैं और वजन कम करने में काफी मदद मिलती है। लेकिन ये फायदे यहीं खत्म नहीं होते हैं। आइए जानें रोजाना सिर्फ 30 मिनट वॉक करने से सेहत को क्या-क्या फायदे मिल सकते हैं।

लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। वॉक करना सेहत के लिए कितना फायदेमंद होता है, ये तो आप जानते ही हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं अगर आप रोजाना सिर्फ 30 मिनट ब्रिस्क वॉक करना शुरू कर दें, तो क्या होगा (Brisk Walk Benefits)? आपको बता दें कि ब्रिस्क वॉकिंग न सिर्फ फिजिकल हेल्थ, बल्कि मेंटल हेल्थ के लिए भी काफी फायदेमंद है।
आइए जानते हैं कि अगर रोज सिर्फ 30 मिनट ब्रिस्क वॉक करना शुरू कर दें, तो आपकी सेहत में क्या-क्या बदलाव (Benefits of 30 Minute Brisk Walk) नजर आ सकते हैं।
दिल की सेहत में सुधार
तेज चलने से दिल की धड़कन बढ़ती है, जिससे ब्लड सर्कुलेशन बेहतर होता है और दिल की मांसपेशियां मजबूत होती हैं। नियमित रूप से ब्रिस्क वॉक करने से हाई ब्लड प्रेशर, कोलेस्ट्रॉल और हार्ट अटैक का खतरा कम होता है। इसलिए रोजाना ब्रिस्क वॉक करने से दिल की बीमारियों का खतरा कई प्रतिशत तक कम हो सकता है।
यह भी पढ़ें- ज्यादा कैलोरी बर्न करने का आसान तरीका है Nordic Walking, इस तरीके से तेजी से कम होगा वजन
वजन घटाने में सहायक
अगर आप वजन कम करना चाहते हैं, तो ब्रिस्क वॉक एक बेहतरीन ऑप्शन है। 30 मिनट की तेज चाल से लगभग 150-200 कैलोरी बर्न होती है। यह शरीर की एक्स्ट्रा चर्बी को कम करने और मेटाबॉलिज्म को बढ़ाने में मदद करती है। नियमित रूप से चलने से मोटापे की समस्या धीरे-धीरे कम होने लगती है।
डायबिटीज का खतरा कम होता है
ब्रिस्क वॉक ब्लड शुगर लेवल को कंट्रोल करने में मदद करती है। यह इंसुलिन सेंसिटिविटी बढ़ती है, जिससे टाइप-2 डायबिटीज का खतरा कम होता है। इसलिए रोजाना 30 मिनट की ब्रिस्क वॉक करने से डायबिटीज का खतरा काफी कम हो जाता है।
स्ट्रेस और डिप्रेशन से राहत
चलने से एंडोर्फिन हार्मोन रिलीज होता है, जिसे "फील गुड हार्मोन" भी कहा जाता है। यह स्ट्रेस, एंग्जायटी और डिप्रेशन को कम करने में मददगार है। सुबह की ताजी हवा में ब्रिस्क वॉक करने से मूड फ्रेश होता है और मानसिक शांति मिलती है।
हड्डियों और जोड़ों को मजबूत बनाए
ब्रिस्क वॉक करने से हड्डियों की डेंसिटी बढ़ती है, जो ऑस्टियोपोरोसिस से बचाव करता है। इस परेशानी में हड्डियां काफी कमजोर हो जाती हैं। यह जोड़ों के दर्द और अकड़न को भी कम करती है, विशेषकर घुटनों और कूल्हों के लिए फायदेमंद है।
पाचन तंत्र को दुरुस्त रखे
तेज चलने से पाचन क्रिया सुचारू होती है और कब्ज की समस्या दूर होती है। यह आंतों को हेल्दी बनाकर खाने को अच्छे से पचाने में मदद करती है।
इम्यून सिस्टम को बूस्ट करे
नियमित रूप से ब्रिस्क वॉक करने से शरीर की बीमारियों से लड़ने की क्षमता बढ़ती है, जिससे सर्दी-जुकाम और दूसरे इन्फेक्शन से लड़ने में मदद मिलती है।
एनर्जी लेवल बढ़ता है
कई लोग सुस्ती और थकान महसूस करते हैं, लेकिन रोजाना 30 मिनट की ब्रिस्क वॉक शरीर में एनर्जी का लेवल बढ़ा देती है। यह शरीर में ऑक्सीजन के सर्कुलेशन को बेहतर बनाता है, जिससे आप पूरे दिन एक्टिव महसूस करते हैं।
नींद की गुणवत्ता में सुधार
अगर आपको नींद न आने की समस्या है, तो ब्रिस्क वॉक आपके लिए फायदेमंद हो सकती है। शाम के समय तेज चलने से नींद अच्छी आती है और इनसोम्निया की समस्या दूर होती है।
यह भी पढ़ें- वॉक करते समय आप भी तो नहीं कर रहे ये गलतियां? वरना फायदे की जगह ज्वाइंट्स होने लग जाएंगे डैमेज
Source:
Better Health: https://www.betterhealth.vic.gov.au/health/healthyliving/walking-for-good-health
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।