Trending

    जिम के बाद होने वाले हर दर्द को न समझें मामूली, जानिए कब नॉर्मल है और कब 'खतरे की घंटी'?

    Updated: Mon, 09 Mar 2026 01:29 PM (IST)

    एक्सरसाइज के बाद मांसपेशियों में हल्का दर्द सामान्य है, लेकिन कुछ संकेत गंभीर चोट का भी इशारा कर रहे होते हैं। ...और पढ़ें

    News Article Hero Image

    वर्कआउट के बाद दिखने वाले ये लक्षण हो सकते हैं खतरनाक (Image Source: AI-Generated) 

    timer icon

    समय कम है?

    जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

    संक्षेप में पढ़ें

    लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। रेगुलर एक्सरसाइज करना हमारे शरीर के लिए बहुत फायदेमंद होता है, लेकिन क्या आपने कभी महसूस किया है कि नई एक्सरसाइज शुरू करने या लंबे समय के बाद वर्कआउट करने पर शरीर में दर्द या जकड़न होने लगती है?

    बता दें कि शुरुआत में मांसपेशियों में होने वाला यह हल्का दर्द बिल्कुल स्वाभाविक है। इसे 'मसल सोरनेस' कहा जाता है, जो आमतौर पर 24 से 48 घंटों के अंदर अपने आप धीरे-धीरे ठीक हो जाता है।

    हालांकि, हर तरह का दर्द सामान्य नहीं होता। आइए, डॉ. लक्ष्य भक्तियानी (पीटी), हेड फिजियोथेरेपी, पीएसआरआई अस्पताल, दिल्ली से जानते हैं कि एक्सरसाइज का दर्द कब किसी गंभीर चोट का संकेत बन जाता है और आपको कब डॉक्टर की जरूरत पड़ सकती है।

    gym recovery tips

    (Image Source: AI-Generated) 

    खतरे के इन संकेतों को न करें नजरअंदाज

    अगर एक्सरसाइज के बाद होने वाला दर्द अचानक से बहुत तेज हो जाए या लगातार कई दिनों तक खत्म न हो, तो इसे हल्के में नहीं लेना चाहिए। अगर दर्द के साथ आपको शरीर के उस हिस्से में सूजन, रेडनेस, चलने-फिरने में परेशानी या उसे हिलाने में भी दिक्कत महसूस हो रही है, तो सावधान हो जाएं। यह आपकी मांसपेशियों, जोड़ों या लिगामेंट में चोट का साफ संकेत हो सकता है, जिसके लिए डॉक्टर से सलाह लेना बेहद जरूरी है।

    दर्द सहकर वर्कआउट करना पड़ सकता है भारी

    कई बार लोग दर्द को सहते हुए भी अपनी एक्सरसाइज जारी रखते हैं। ऐसा करना आपकी चोट को और भी ज्यादा गंभीर बना सकता है। उदाहरण के लिए, अगर आपके कंधे, घुटने या पीठ में लगातार दर्द बना हुआ है और आराम करने के बाद भी उसमें कोई सुधार नहीं हो रहा है, तो यह 'ओवरयूज इंजरी' या मांसपेशियों में खिंचाव का लक्षण हो सकता है। अगर समय रहते इसका इलाज या जांच नहीं कराई गई, तो यह समस्या लंबे समय तक आपको परेशान कर सकती है।

    muscle strain symptoms

    (Image Source: AI-Generated)

    गंभीर समस्याएं जिन्हें तुरंत डॉक्टर को दिखाना चाहिए

    कुछ लक्षण ऐसे होते हैं जो शरीर के अंदर किसी बड़ी गड़बड़ी का इशारा करते हैं:

    • नसों की समस्या: अगर दर्द के साथ शरीर सुन्न पड़ने लगे, झनझनाहट महसूस हो, कमजोरी आ जाए या अचानक से ताकत कम लगने लगे, तो यह नसों से जुड़ी समस्या का संकेत है।
    • सीरियस मसल इंजरी: अगर मांसपेशियों के दर्द के साथ आपको तेज बुखार आ जाए, बहुत अधिक थकान महसूस हो या आपके पेशाब का रंग गहरा हो जाए, तो बिना देरी किए तुरंत मेडिकल मदद लें।

    दर्द से बचाव और रिकवरी के आसान तरीके

    इन समस्याओं से बचने का सबसे आसान तरीका है सही नियमों का पालन करना। एक्सरसाइज करते समय हमेशा सही तकनीक का इस्तेमाल करें और अपनी एक्सरसाइज की तीव्रता को एक साथ बढ़ाने के बजाय धीरे-धीरे बढ़ाएं। वर्कआउट शुरू करने से पहले पर्याप्त 'वार्म-अप' और खत्म करने के बाद 'कूल-डाउन' जरूर करें। इसके अलावा, मांसपेशियों की अच्छी रिकवरी के लिए शरीर को पूरा आराम दें, बैलेंस डाइट लें और भरपूर मात्रा में पानी पिएं।

    यह भी पढ़ें- वर्कआउट के बाद हो रहा मसल्स में दर्द? ऑर्थोपेडिक सर्जन ने बताया कब है नॉर्मल और कब चिंता की बात

    यह भी पढ़ें- क्या 'Foam Roller' वाकई असरदार है या सिर्फ एक दिखावा? जानें इसके पीछे का सच