पैसों की तंगी के कारण छूटी पढ़ाई, फिर बनाई ‘Tom and Jerry’ की दुनिया; पढ़ें विलियम हैना की कहानी
विलियम हैना, टॉम एंड जैरी के सह-निर्माता, का जन्म 14 जुलाई को हुआ था। उनकी पढ़ाई महामंदी के कारण अधूरी रह गई थी, लेकिन उन्होंने एनीमेशन की दुनिया में ...और पढ़ें

कहानी टॉम एंड जैरी की दुनिया बनाने वाले की (Picture Courtesy: Instagram)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। बचपन में टॉम एंड जैरी की नोंकझोक हम सभी ने देखी है। टीवी की स्क्रीन पर एक-दूसरे के पीछे दौड़ते ये चूहा-बिल्ली हर बच्चे के फेवरेट हुआ करते थे, लेकिन क्या आप जानते हैं इस कार्टून को बनाने वाला शख्स कौन था?
टॉम एंड जैरी को स्क्रीन पर लाने का श्रेय अमेरिकी एनीमेटर, डायरेक्टर और प्रोड्यूसर विलियम डेन्बी हैना को जाता है। अब आप सोच रहे होंगे कि आज अचानक हम इनके बारे में क्यों बात कर रहे हैं, तो आपको बता दें कि आज के ही दिन यानी 14 जुलाई को टॉम एंड जैरी बनाने वाले विलियम हैना का जन्म हुआ था। आइए इस मौके पर जानें उनकी जिंदगी से जुड़ी कुछ दिलचस्प बातें।
इंजीनियरिंग की पढ़ाई छूटी, तो खुला नया रास्ता
विलियम डेन्बी हैना का जन्म न्यू मौक्सिको में एक आयरिश-अमेरिकी परिवार के घर 14 जुलाई 1910 में हुआ था। बचपन से ही हैना को म्युजिक, आर्ट और क्रिएटिव कामों में काफी दिलचस्पी थी। वे स्काउटिंग का सर्वोच्च सम्मान ईगल स्काउट भी हासिल कर चुके थे।
स्कूल के बाद हैना ने कैलिफोर्निया के कॉम्पटन सिटी कॉलेज से स्ट्रक्चरल इंजीनियरिंग और पत्रकारिता की पढ़ाई शुरू की। हालांकि, साल 1929 की महामंदी के कारण उन्हें अपनी पढ़ाई बीच में ही छोड़नी पड़ी। पैसों की जरूरत के कारण 1930 में हैना काम की तलाश में हार्मन-आइसिंग एनीमेशन स्टूडियो पहुंचे और यहां उन्होंने एनीमेशन की बारीकियों को सीखा और समझा।
खबरें और भी
जोसेफ बारबेरा के साथ ऐतिहासिक पार्टनरशिप
साल 1937 हैना की जिंदगी का सबसे बड़ा टर्निंग पॉइन्ट साबित हुआ। वे मेट्रो गोल्डविन मेयर (एमजीएम) के कार्टून डिपार्टमेंट में शामिल हुए, जहां उनकी मुलाकात जोसेफ बारबेरा से हुई। जोसेफ एक लेखक और आर्टिस्ट थे। इन दोनों की मुलाकात ने ही आगे चलकर कार्टून की दुनिया के सबसे मशहूर किरदारों टॉम और जैरी को जन्म दिया। विलियम हैना और जोसेफ बारबेरा की साझेदारी सबसे सफल पार्टनरशिप में से एक मानी जाती है।
टॉम की चीख के पीछे हैना की आवाज
साल 1940 में हैना और बारबेरा ने पुस गेट्स द बूट नाम की एक शॉर्ट फिल्म बनाई, जिससे आगे चलकर टॉम एंड जैरी के अमर किरदारों का जन्म हुआ। टॉम एंड जैरी की सबसे खास बात थी कि ये साइलेंट कार्टून था। इसमें चूहे और बिल्ले के बीच मजेदार लड़ाई होती और सारी कहानी उनके एक्सप्रेशन और म्युजिक से समझ आती थी। विजुअल कॉमेडी का ये बेहतरीन नमूना बने। हालांकि, कार्टून में चीखें और जोश से चिल्लाने की आवाजें जरूर इस्तेमाल की गई थीं। विलियम हैना ने खुद टॉम एंड जैरी को ये आवाजें दी थीं।
अवॉर्ड्स की बारिश
विलियम हैना और जोसेफ बारबेरा की जोड़ी ने एनीमेशन की दुनिया में नई ऊंचाइयां छूईं। 1943 से 1953 के बीच टॉम एंड जैरी की फिल्मों को 7 सर्वश्रेष्ठ एनिमेटेड शॉर्ट फिल्म का एकेडमी अवार्ड (ऑस्कर) मिले। टेलीविजन एनीमेशन में अपने योगदान के लिए साल 1967 में इस जोड़ी को पहला एमी अवॉर्ड मिला और कुल मिलाकर इन्होंने 8 एमी पुरस्कार जीते।
साल 1973 में विलियम हैना और जोसेफ बारबेरा को हॉलीवुड वॉक ऑफ फेम से भी सम्मानित किया गया। साल 1994 में दोनों को एनीमेशन के सबसे बड़ा सम्मान विन्सर मैके अवॉर्ड से नवाजा गया और इसी साल उन्हें टेलीविजन अकादमी हॉल ऑफ फेम से भी सम्मानित किया गया।
कई सुपरहिट कार्टून सीरिज बनाए
1957 में एमजीएम कार्टून विभाग बंद होने के बाद विलियम हैना और जोसेफ बारबेरा ने मिलकर हैना बारबेरा प्रोडक्शन शुरू किया। इस स्टूडियो ने फ्लिंटस्टोन्स, द जेटसन्स, स्कूबी-डू, योगी बियर और हकलबेरी हाउंड जैसी कार्टून सीरिज बनाई, जिन्हें लोगों ने खूब पसंद किया। इन कार्टून सीरिज में द फ्लिंटस्टोन्स एक ऐसा प्राइम टाइम एनिमेटेड शो बना, जिसने लोगों की सोच बदल दी कि कार्टून सिर्फ बच्चों के लिए होते हैं।
2001 में दुनिया को कहा अलविदा
22 मार्च 2001 को 90 वर्ष की उम्र में विलियम हैना ने इस दुनिया को अलविदा कह दिया। भले ही आज वे हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनके बनाए गए टॉम एंड जैरी जैसे जादुई किरदार आज भी लोगों के दिलों में जिंदा हैं।