5 हजार से कम बजट में घूम आएं भारत का 'स्कॉटलैंड', यहां है 3 दिनों का पूरा प्लान
अगर आप कम बजट में पहाड़ों की खूबसूरत वादियों का अनुभव लेना चाहते हैं, तो मात्र 5,000 रुपये में कूर्ग की 3 डे ट्रिप प्लान कर सकते हैं। ...और पढ़ें

भारत के 'स्कॉटलैंड' के लिए 3 दिनों का परफेक्ट ट्रैवल प्लान (Image Source: AI-Generated)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। क्या आप भी पहाड़ों की खूबसूरत वादियों में घूमना चाहते हैं, लेकिन आपका टाइट बजट आपको हर बार रोक देता है? अगर हां, तो आपको निराश होने की बिल्कुल जरूरत नहीं है। आज हम आपके लिए एक ऐसा ट्रिप प्लान लेकर आए हैं जो आपकी जेब पर भारी नहीं पड़ेगा और आपको एक शानदार अनुभव भी देगा।
हम बात कर रहे हैं कूर्ग की, जिसे अपनी बेइंतहा खूबसूरती के कारण 'भारत का स्कॉटलैंड' कहा जाता है। कर्नाटक में स्थित कूर्ग अपने कॉफी के बागानों, ऊंचे पहाड़ों, धुंध भरे नजारों और शानदार झरनों के लिए पूरी दुनिया में मशहूर है। आइए, जानते हैं कि कैसे आप मात्र 5,000 रुपये में कूर्ग की एक यादगार ट्रिप प्लान कर सकते हैं।

(Image Source: Magnific)
कूर्ग कैसे पहुंचें?
बजट में सफर करने के लिए सबसे अच्छा तरीका है कि आप पहले ट्रेन या बस से बेंगलुरु या मैसूर पहुंचें।
- मैसूर से: यहां से कूर्ग के लिए सरकारी बसें आसानी से मिल जाती हैं, जिसका किराया मात्र ₹150 से ₹250 के बीच होता है और सफर 3-4 घंटे का है।
- बेंगलुरु से: यहां से भी आपको सीधे बस मिल जाएगी, जिसका किराया ₹300 से ₹500 तक होता है।
क्या है 3 दिनों का पूरा प्लान?
पहला दिन
- सुबह: कूर्ग पहुंचकर किसी बजट होमस्टे या हॉस्टल में चेक-इन करें, जिसका किराया ₹500 - ₹800 प्रति रात होगा। थोड़ी देर आराम करने के बाद निकल पड़ें कूर्ग की खूबसूरती निहारने के लिए निकल सकते हैं।
- दोपहर: सबसे पहले अब्बी फॉल्स जाएं। कॉफी के बागानों के बीच से बहता यह झरना आपका मन मोह लेगा।
- शाम: शाम का समय राजा सीट पर बिताएं। यहां से डूबते हुए सूरज का नजारा इतना खूबसूरत दिखता है कि आप देखते ही रह जाएंगे। रात में मडिकेरी के लोकल मार्केट में घूमकर स्ट्रीट फूड का मजा लें।
दूसरा दिन
- सुबह: सुबह जल्दी उठकर दुबारे एलीफेंट कैंप की ओर निकलें। यहां आप हाथियों को नहाते हुए देख सकते हैं और उनके साथ समय बिता सकते हैं।
- दोपहर: इसके बाद कुशलनगर जाएं और वहां स्थित स्वर्ण मंदिर के दर्शन करें। यह तिब्बती संस्कृति को करीब से जानने का बेहतरीन मौका है और यहां बहुत शांति मिलती है।
- शाम: वापस आते समय आप कॉफी के बागानों में टहल सकते हैं और ताजा बनी कूर्ग कॉफी का स्वाद चख सकते हैं।
तीसरा दिन
- सुबह: अपनी ट्रिप को रोमांचक बनाने के लिए मंडलपट्टी व्यू पॉइंट जाएं। यहां पहुंचने के लिए आपको शेयरिंग जीप लेनी होगी। ऊपर पहुंचकर ऐसा लगता है जैसे आप बादलों के बीच खड़े हैं।
- दोपहर: इसके बाद आप तलाकवेरी जा सकते हैं, जिसे कावेरी नदी का उद्गम स्थल माना जाता है। यहां का आध्यात्मिक माहौल और प्राकृतिक नजारे बेहद खास हैं।
- शाम: खूबसूरत यादों और ढेर सारी तस्वीरों के साथ अपनी बस पकड़ें और घर की ओर वापसी करें।

(Image Source: Magnific)
खर्च का पूरा हिसाब
अगर आप सोच रहे हैं कि 5 हजार में यह सब कैसे होगा, तो यहां है पूरा ब्रेकडाउन:
- सफर का खर्च: बेंगलुरु/मैसूर से बस का आना-जाना (लगभग ₹800 - ₹1,000)
- रुकने का खर्च: 2 रातों के लिए हॉस्टल या बजट होमस्टे (लगभग ₹1,000 - ₹1,500)
- खाने-पीने का खर्च: 3 दिनों तक लोकल और स्ट्रीट फूड का आनंद (लगभग ₹1,200 - ₹1,500)
- घूमने और एंट्री फीस: लोकल बसें, शेयरिंग ऑटो और जगहों की टिकट (लगभग ₹800 - ₹1,000)
ऐसे में, आपका कुल खर्च लगभग ₹4,500 - ₹5,000 बैठेगा।