अपने आप में जीता-जागता म्यूजियम है दिल्ली, वीकेंड पर करिए इन खूबसूरत हेरिटेज साइट्स का दीदार
दिल्ली में कई ऐतिहासिक इमारतें हैं, जिनकी खूबसूरती और इतिहास आपको हैरान कर देंगी। ...और पढ़ें

दिल्ली में जरूर करें इन जगहों की सैर (Picture Courtesy: Freepik)
HighLights
हुमायूं का मकबरा यूनेस्को वर्ल्ड हेरिटेज साइट है
लोधी गार्डन प्रकृति और इतिहास का अनोखा संगम
कुतुब मीनार दुनिया की सबसे ऊंची ईंटों की मीनार है
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। दिल्ली सिर्फ एक शहर नहीं है, बल्कि एक जीता-जागता म्यूजियम है, जो अपने अंदर सदियों का इतिहास समेटे बैठा है। यहां की इमारतें अपने अंदर कहानियां समेटे हुए हैं। अगर आप इतिहास में दिलचस्पी रखते हैं या सिर्फ रोज की जिंदगी से सुकून भरा ब्रेक लेना चाहते हैं, तो इस वीकेंड दिल्ली की कुछ हेरिटेज साइट्स देखने निकल जाइए।
इन इमारतों की एक-एक ईंट और पत्थर में कहानी छिपी है और खूबसूरती में तो इनकी कोई मिसाल ही नहीं है। आइए जानते हैं दिल्ली की कुछ हेरिटेज साइट्स के बारे में, जहां आप वीकेंड पर घूमने जा सकते हैं।
हुमायूं का मकबरा
अगर शांत इतिहास और फोटोग्राफी के शौकीन हैं, तो हुमायूं का मकबरा आपकी पहली पसंद होना चाहिए। चारबाग शैली और लाल बलुआ पत्थर से बनी यह इमारत यूनेस्को की वर्ल्ड हेरिटेज साइट में शामिल है। ताजमहल का डिजाइन भी इसी से प्रेरित है। आप शाम के समय यहां हरियाली के बीच शांति से बैठकर वक्त बिता सकते हैं। इसके पास ही सुंदर नर्सरी भी, जहां आप वीकेंड पर पिकनिक का आनंद ले सकते हैं।

(Picture Courtesy: Freepik)
लोधी गार्डन
लोधी गार्डन दिल्लीवालों की सबसे पसंदीदा स्पॉट्स में से एक है। यहां 15वीं शताब्दी के लोधी और सैयद वंश के मकबरे हैं। यहां आपको मोहम्मद शाह, सिकंदर लोधी और शीश गुंबद देखने को मिलेंगे, जो इंडो-इस्लामिक वास्तुकला का अनोखा नमूना है। यह जगह ऐतिहासिक होने के साथ-साथ प्राकृतिक सुंदरता से घिरी है। यहां आप शांति से बैठकर फोटोग्राफी कर सकते हैं, किताब पढ़ सकते हैं या सिर्फ प्रकृति की खूबसूरती का आनंद ले सकते हैं।
खबरें और भी

(Picture Courtesy: Freepik)
कुतुब मीनार
साऊथ दिल्ली के महरौली में स्थित कुतुब मीनार दुनिया की सबसे ऊंची ईंटों से बनी मीनार है। कुतुब मीनार कॉम्प्लेक्स में मीनार के साथ-साथ और भी काफी कुछ है, जैसे- लौह स्तंभ। लोहे का यह स्तंभ सदियों से इस जगह है, लेकिन खास बात है कि इस पर आज भी जंग नहीं लगा है। इसके अलावा, इल्तुतमिश का मकबरा और अलाई दरवाजा भी इस कॉम्प्लेक्स में हैं। शाम में जब मीनार को लाइट्स से रोशन किया जाता है, तो इसकी भव्यता देखने लायक होती है।

(Picture Courtesy: Freepik)
पुराना किला
पुराना किला दिल्ली की सबसे पुरानी इमारतों में से एक है। माना जाता है यह पांडवों की राजधानी इंद्रप्रस्थ की जगह पर बना है। किले की विशाल दीवारें, किला-ए-कुहना मस्जिद और शेरशाह सूरी की बनवाई गई लाइब्रेरी शेर मंडल, पुराने किले की खासियत हैं। किले के ठीक बगल में एक झील भी है, जहां आप बोटिंग का आनंद ले सकते हैं। शाम को यहां लाइट एंड साउंड शो भी होता है, जो आपको दिल्ली के इतिहास की सैर पर ले जाएगा।

(Picture Courtesy: Freepik)