दुनिया की इकलौती फ्लाइट जो सिर्फ 53 सेकंड हवा में रहती है, पलक झपकते ही पूरी हो जाती है यात्रा
क्या आप जानते हैं एक फ्लाइट ऐसी भी है, जो सिर्फ एक मिनट के अंदर अपनी मंजिल पर पहुंच जाती है। यह दुनिया की सबसे छोटी फ्लाइट मानी जाती है। ...और पढ़ें

कहां से उड़ान भरती है दुनिया की सबसे छोटी फ्लाइट? (Picture Courtesy: Freepik)
HighLights
स्कॉटलैंड में वेस्ट्रे से पापा वेस्ट्रे तक की सबसे छोटी उड़ान
यह उड़ान सिर्फ 53 सेकंड में अपनी यात्रा पूरी करती है
गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज, 1.7 मील की दूरी तय
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। क्या आप कल्पना कर सकते हैं कि किसी हवाई जहाज की यात्रा एक मिनट के अंदर पूरी हो जाए? ये किसी फिल्म की कहानी नहीं है। एक ऐसा विमान है, जो सिर्फ 53 सेकंड में अपनी यात्रा पूरी कर लेता है। जितने समय में बड़ी उड़ाने आसमान की ऊंचाई भी नहीं छू पातीं, उतने समय में यह अपनी मंजिल तक पहुंच जाता है।
एक मिनट से भी कम समय की उड़ान भरने वाली इस फ्लाइट का नाम गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में भी दर्ज है। आइए जानें दुनिया की सबसे छोटी कमर्शियल फ्लाइट के बारे में और यह कहां से कहां तक का सफर तय करती है।
कहां से उड़ान भरता है यह विमान?
यह हवाई सफर स्कॉटलैंड के नॉर्थ ऑर्कनी आर्चिपेलेगो के किनारे पर स्थित वेस्ट्रे द्वीप से शुरू होकर एक बेहद छोटे द्वीप पापा वेस्ट्रे तक जाती है। दोनों द्वीपों के बीच की दूरी सिर्फ 1.7 मील है। अगर मौसम साफ हो और हवा साथ दे, तो ये फ्लाइट सिर्फ 53 सेंकड में पूरी हो जाती है। आम दिनों में भी विमान दो मिनट के अंदर लैंड कर जाता है।
कैसा होता है इस विमान का सफर?
स्कॉटलैंड की एयरलाइन लोगानएयर की फ्लाइट संख्या LM711 दुनिया की सबसे छोटी शेड्यूल्ड एयर सर्विस है। इस विमान में सफर करने का अनुभव दूसरी फ्लाइट्स जैसा बिल्कुल नहीं है। यह विमान एक छोटी वैन के आकार का है, जिसमें केवल 8 यात्री बैठ पाते हैं। बैठने की जगह भी इतनी कम होती है कि यात्री अपने पैर भी मुश्किल से हिला पाते हैं।
खबरें और भी
साथ ही, इस फ्लाइट में कोई इन-फ्लाइट टॉयलेट जैसी सुविधा भी नहीं है क्योंकि यह सफर काफी छोटा है और प्लेन में जगह भी नहीं है। इसके अलावा, सफर के दौरान इंजन का शोर लगातार कानों में गूंजता रहता है, जिसके कारण सफर के ये दो मिनट काफी अनकम्फर्टेबल महसूस हो सकते हैं।
यात्रियों को सबसे पहले किर्कवॉल से ब्रिटन नॉर्मन बीएन-2 आइलैंडर नाम के छोटे विमान में बैठाया जाता है। यहां से वेस्ट्रे द्वीप तक पहुंचने में 15 मिनट लगते हैं, जिसके ठीक बाद यह 53 सेकंड की उड़ान शुरू होती है। हालांकि, इसमें यात्री अपनी पसंद की सीट नहीं चुन सकते और विमान का बैलेंस बनाए रखने के लिए उनके वजन के हिसाब से उन्हें सीट दी जाती है।
सिर्फ 1.7 मील के लिए फ्लाइट क्यों?
छोटे से पापा वेस्ट्रे द्वीप पर लगभग 80 लोग रहते हैं और पूरे साल यह फ्लाइट वहां के लोगों के लिए एक लाइफलाइन की तरह काम करती है। वहीं, गर्मी के मौसम में यह पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बनती है, जो इस अनोखी फ्लाइट और द्वीप को देखने आते हैं।