Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    ट्रेन-बस नहीं, इस देश में फ्लाइट से सफर करता है यह शिकारी पक्षी; सरकार खुद जारी करती है पासपोर्ट

    Updated: Sun, 14 Jun 2026 03:00 PM (IST)

    संयुक्त अरब अमीरात में बाजों को इंसानों की तरह पासपोर्ट मिलता है, जिससे वे अपने मालिकों के साथ हवाई यात्रा कर सकते हैं। ...और पढ़ें

    इंसानों की तरह इस पक्षी का भी बनता है 'पासपोर्ट' (Image Source: AI-Generated)

    इंसानों की तरह इस पक्षी का भी बनता है 'पासपोर्ट' (Image Source: AI-Generated) 

    HighLights

    1. यूएई में बाजों को मिलता है आधिकारिक सरकारी पासपोर्ट

    2. यह बेडुइन परंपरा और सांस्कृतिक विरासत का अहम हिस्सा

    3. पासपोर्ट अवैध व्यापार रोकने और अंतरराष्ट्रीय यात्रा में सहायक

    लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। कल्पना कीजिए कि आप एयरपोर्ट पर अपनी फ्लाइट का इंतजार कर रहे हैं और आपके बगल में एक बाज अपने मालिक के हाथ पर बिल्कुल शांति से बैठा है। जी हां, यह बिल्कुल मुमकिन है।

    आमतौर पर पेट्स को पिंजरे में या कार्गो में ले जाया जाता है, लेकिन मध्य पूर्व के देशों में बाज बिना किसी पिंजरे के, बिल्कुल शांत भाव से अपने मालिक के हाथ पर बैठकर हवाई सफर करते हैं।

    इन देशों की संस्कृति से अनजान यात्रियों के लिए यह नजारा किसी अजूबे से कम नहीं होता, लेकिन सबसे दिलचस्प सवाल यह है कि आखिर एक पक्षी अंतरराष्ट्रीय सीमाओं को कैसे पार कर सकता है? इसका जवाब बेहद अनोखा है- इंसानों की तरह ही इन बाजों के पास भी सफर करने के लिए अपना असली पासपोर्ट होता है।

    UAE Falcon Passport

    (Image Source: Magnific) 

    यूएई की संस्कृति का अहम हिस्सा हैं बाज

    संयुक्त अरब अमीरात (UAE) दुनिया में अपने बाजों को आधिकारिक सरकारी पासपोर्ट जारी करने के लिए मशहूर है। यूएई में बाज पालना महज कोई शौक का हिस्सा नहीं है, बल्कि यह सदियों पुरानी 'बेडुइन' परंपरा का एक गहरा हिस्सा है।

    प्राचीन काल में जब रेगिस्तान में जीवन बहुत कठिन था, तब शिकार करने और जिंदा रहने के लिए इन प्रशिक्षित बाजों पर ही निर्भर रहा जाता था। आज भी इस देश में बाजों को आम पालतू जानवरों से कहीं बढ़कर, एक सम्मानित सांस्कृतिक प्रतीक का दर्जा हासिल है। इसी सम्मान और इनकी सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यूएई सरकार इन्हें यात्रा के लिए विशेष दस्तावेज मुहैया कराती है।

    एक पक्षी को पासपोर्ट की जरूरत क्यों पड़ती है?

    इन बाजों को अक्सर बेहतरीन पशु चिकित्सा, प्रतियोगिताओं, विशेष ट्रेनिंग और ब्रीडिंग प्रोग्राम के सिलसिले में दुनिया के अलग-अलग देशों में ले जाया जाता है। चूंकि, वन्यजीवों के अंतरराष्ट्रीय सफर को लेकर नियम बहुत सख्त हैं, इसलिए बिना सही कागजात के इनकी यात्रा संभव नहीं है।

    खबरें और भी

    इस परेशानी को दूर करने के लिए जो पासपोर्ट सिस्टम बनाया गया, वह कई मायनों में फायदेमंद है:

    • तस्करी पर रोक: इस पासपोर्ट से यह साबित होता है कि पक्षी को कानूनी रूप से पाला गया है, जिससे दुनिया भर में शिकारी पक्षियों के अवैध व्यापार पर लगाम लगती है।
    • जरूरी जानकारी: इस पासपोर्ट में बाज से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी दर्ज होती है, जैसे- उसकी प्रजाति, लिंग, शरीर के रंग और निशान के अलावा उसका माइक्रोचिप नंबर। यह बिल्कुल किसी इंसान के ट्रैवल डॉक्यूमेंट की तरह ही काम करता है।

    Why Do Falcons Have Passports

    (Image Source: Magnific)

    केबिन में अपनी सीट पर करते हैं वीआईपी सफर

    खाड़ी देशों में एतिहाद और कतर एयरवेज जैसी बड़ी एयरलाइंस बाजों को केबिन में सफर करने की इजाजत देती हैं। फ्लाइट में इन बाजों की अपनी एक अलग सीट होती है। सफर के दौरान शोर या भीड़ से ये पक्षी घबराएं नहीं, इसके लिए इनके सिर पर एक खास तरह का हुड पहनाकर रखा जाता है। विमान के अंदर बाज और उसके मालिक को इस तरह साथ सफर करते देखना न सिर्फ उनके गहरे रिश्ते को दर्शाता है, बल्कि पर्यटकों को खाड़ी देशों की अनूठी संस्कृति से भी रूबरू कराता है।

    परंपरा और आधुनिकता का शानदार तालमेल

    भले ही यूएई आज अपने तेज विकास और आधुनिकता के लिए जाना जाता है, लेकिन बाजों का यह पासपोर्ट सिस्टम साबित करता है कि यह देश अपनी विरासतों से कितना जुड़ा हुआ है। बाज पालने की इस अनोखी कला को यूनेस्को ने भी अपनी 'अमूर्त सांस्कृतिक विरासत' में शामिल किया है। सरकार का यह नियम वन्यजीवों की सुरक्षा को तो पक्का करता ही है, साथ ही यह भी सुनिश्चित करता है कि सांस्कृतिक परंपराएं बिना किसी रुकावट के चलती रहें।

    यह भी पढ़ें- क्या आप जानते हैं कहां खुला था दुनिया का पहला पब्लिक म्यूजियम? 343 साल पुराना इतिहास कर देगा हैरान

    यह भी पढ़ें- अगर आम जगहों से ऊब गया है मन, तो North Korea की ट्रिप में मिलेगा असली थ्रिल; पढ़ें पूरी ट्रैवल गाइड