MP में अगले साल से सरकारी नौकरियों में भर्ती का बदलेगा पैटर्न, नया पोर्टल करेगा सबकुछ पारदर्शी
मध्य प्रदेश में सरकारी नौकरी की भर्ती प्रक्रिया में अगले साल से बदलाव होने जा रहा है। MPPSC और PEB के नियमों में संशोधन की तैयारी है, जिसके तहत सभी विभागों की रिक्तियों की जानकारी एक ही पोर्टल पर उपलब्ध होगी। मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार, एक परीक्षा से विभिन्न पदों पर भर्ती की जाएगी, जिससे प्रक्रिया में तेजी आएगी।

सरकारी नौकरियों में भर्ती (प्रतीकात्मक चित्र)
डिजिटल डेस्क, भोपाल। मध्य प्रदेश में अगले साल से सरकारी नौकरियों की भर्ती प्रणाली पूरी तरह बदलने जा रही है। मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग (MPPSC) और कर्मचारी चयन मंडल (PEB) के नियमों में संशोधन की तैयारी अंतिम चरण में है। नई भर्ती प्रक्रिया वर्ष 2026 से लागू होने की संभावना है, जिसके तहत सभी विभागों की रिक्तियों की जानकारी और चयन प्रक्रिया एकीकृत भर्ती पोर्टल पर होगी।
मुख्य सचिव अनुराग जैन के साथ सामान्य प्रशासन विभाग के अधिकारियों की अंतिम दौर की बैठक के बाद मुख्यमंत्री डा.मोहन यादव के सामने नियमों में संशोधन का प्रारूप प्रस्तुत किया जाएगा। संभावना जताई जा रही है कि दिसंबर में कैबिनेट से संशोधित नियमों को स्वीकृत कराकर वर्ष 2026 से लागू कर दिया जाएगा।
अगले साल बंपर भर्तियां
गौरतलब है कि प्रदेश में अगले वर्ष स्वास्थ्य, शिक्षा, गृह सहित अन्य विभागों की लगभग 60 हजार पदों पर भर्तियां प्रस्तावित हैं। इन्हें समय सीमा में पूरा करने के लिए आवश्यक है कि भर्ती की प्रक्रिया तेजी के साथ हो। अभी मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग हो या फिर कर्मचारी चयन मंडल, साल भर चयन के लिए परीक्षाएं आयोजित करते हैं। इनमें समय और संसाधन दोनों लगते हैं।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर कवायद
मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव ने निर्देश दिए हैं कि प्रक्रिया संघ लोक सेवा आयोग जैसी होनी चाहिए यानी एक परीक्षा से विभिन्न संवर्गों की भर्ती हो जाए। यही पद्धति लागू करने की तैयारी है। सामान्य प्रशासन विभाग ने दोनों एजेंसियों के नियमों का अध्ययन करने और वरिष्ठ स्तर पर चर्चा के बाद प्रस्तावित किया है कि एक समान प्रकृति के पदों की परीक्षा एक बार हो।
इसके लिए विभागों से रिक्त पदों के प्रस्ताव लेकर परीक्षा की जाए और चयन के लिए आरक्षण व्यवस्था के अनुसार मेरिट लिस्ट तैयार कर सार्वजनिक कर दी जाए। प्राथमिकता के अनुसार विभागों में नियुक्तियां हो जाएं। इसके लिए एक पोर्टल भी तैयार किया जाएगा, जिसमें रिक्तियों से लेकर सभी जानकारियां रहेंगी।
विभागीय अधिकारियों का कहना है कि एक बार भर्ती के लिए पात्रता प्राप्त करने लेने के बाद उसे दो वर्ष तक चयन का अवसर मिलेगा यानी प्रावीण्य सूची दो वर्ष तक मान्य रहेगी।
विभागों के भर्ती नियम भी बदलेंगे
कहा यह भी जा रहा है कि भर्ती परीक्षा के लिए विभागों के नियम में भी परिवर्तन होगा। सामान्य प्रशासन विभाग माडल नियम तैयार करेगा और विभाग इन्हें अपने हिसाब से संशोधित करके लागू करेंगे।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।