Trending

    loading ads...
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    MPL में IPL की तर्ज पर खिलाड़ियों की नीलामी, सबसे महंगे बिके रेलवे के आशुतोष, अनजान प्लेयर्स पर भी खूब बरसा धन

    Updated: Tue, 31 Mar 2026 10:39 PM (IST)

    मध्य प्रदेश लीग (MPL) के इतिहास में पहली बार IPL की तर्ज पर खिलाड़ियों की नीलामी हुई। रेलवे के आशुतोष शर्मा 15 लाख रुपये में मालवा स्टालियंस के सबसे म ...और पढ़ें

    News Article Hero Image

    मप्र प्रीमियर लीग में खिलाड़ियों पर लगी बोली (AI Generated Image)

    timer icon

    समय कम है?

    जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

    संक्षेप में पढ़ें

    डिजिटल डेस्क, इंदौर। मध्य प्रदेश लीग (MPL) के इतिहास में पहली बार IPL की तर्ज पर खिलाड़ियों की नीलामी हुई। नामी खिलाड़ियों के साथ ही नए खिलाड़ियों पर भी जमकर धनवर्षा हुई। समाचार लिखे जाने तक रेलवे से घरेलू क्रिकेट खेलने वाले आशुतोष शर्मा सबसे महंगे खिलाड़ी रहे। उन्हें मालवा स्टालियंस फ्रेंचाइजी ने 15 लाख रुपये में खरीदा है।

    MPL का तीसरा सत्र

    मध्य प्रदेश क्रिकेट संगठन (एमपीसीए) के तत्वावधान में आयोजित होने वाली मप्र लीग का यह तीसरा सत्र है। अब तक लीग में सात टीमें होती थीं, लेकिन इस बार तीन नई फ्रेंचाइजी के साथ कुल 10 टीमें हिस्सा लेंगी। लीग के पिछले दो सत्र ग्वालियर में हुए, तीसरा सत्र इंदौर के होलकर स्टेडियम में खेला जाएगा। नीलामी प्रक्रिया का संचालन चारू शर्मा ने किया। इस दौरान एमपीसीए के अध्यक्ष महानआर्यमन सिंधिया सहित सभी पदाधिकारी उपस्थित थे।

    आशुतोष के लिए टीमों में दिखी होड़

    आशुतोष शर्मा नीलामी में मध्य प्रदेश के बाहर से खेलने वाले एकमात्र खिलाड़ी हैं। वे रेलवे के लिए घरेलू क्रिकेट खेलते हैं, लेकिन रेलवे की अपनी कोई लीग न होने से उन्हें मप्र लीग में खेलने की अनुमति दी गई। आशुतोष का बेसप्राइस तीन लाख रुपये था, लेकिन सभी टीमों में उन्हें खरीदने की होड़ दिखी। अंत में मालवा फ्रेंचाइजी ने सबसे ज्यादा बोली लगाकर उन्हें हासिल किया। आशुतोष आईपीएल में दिल्ली कैपिटल्स से 3.80 करोड़ रुपये में जुड़े हैं।

    रजत पाटीदार से महंगे बिके स्थानीय खिलाड़ी

    आईपीएल में रायल चैलेंजर्स बेंगलुरू (आरसीबी) की कप्तानी संभालने वाले इंदौर के रजत पाटीदार से ज्यादा कीमत कई स्थानीय खिलाड़ियों को मिली। लीग में रजत पाटीदार को ग्वालियर चीतास टीम ने सात लाख रुपये में रिटेन किया है। नीलामी में मंगेश यादव (12.00 लाख रुपये), अनिकेत वर्मा (13.20 लाख रुपये), अक्षत रघुवंशी (13.80 लाख रुपये), शिवांग कुमार (13.00 लाख रुपये), माधव तिवारी (10.60 लाख रुपये), कुमार कार्तिकेय सिंह (10.20 लाख रुपये), पुनीत दाते (10.00 लाख रुपये) सहित कई खिलाड़ियों को रजत से ज्यादा कीमत मिली।

    नीलामी में बिके प्रमुख खिलाड़ी

    • आशुतोष शर्मा 15.00 लाख रुपये, मालवा स्टालियन्स
    • मंगेश यादव 12.00 लाख रुपये, ग्वालियर चीतास
    • अनिकेत वर्मा 13.20 लाख रुपये, भोपाल लेपर्ड्स
    • अक्षत रघुवंशी 13.80 लाख रुपये, रीवा जगुआर्स
    • शिवांग कुमार 13.00 लाख रुपये, बुंदेलखंड बुल्स
    • माधव तिवारी 10.60 लाख रुपये, उज्जैन फाल्कन्स
    • कुमार कार्तिकेय सिंह 10.20 रुपये, रायल निमाड़ ईगल्स
    • पुनीत दाते, 10.00 लाख रुपये, जबलपुर रायल लायंस
    • सारांश जैन 9.60 लाख रुपये, रायल निमाड़ ईगल्स
    • आवेश खान 8.20 लाख रुपये, चंबल घड़ियाल
    • अजय रोहेरा 8.20 लाख रुपये, जबलपुर रायल लायंस
    • कमल त्रिपाठी 7.80 लाख रुपये, भोपाल लेपर्ड्स
    • आर्यन पांडे, 7.20 लाख रुपये, उज्जैन फाल्कन्स
    • कुलदीप सेन 7.00 लाख रुपये, बुंदेलखंड बुल्स
    • शिवम शुक्ला 6.60 लाख रुपये, पिंक पैथर्स


    फैक्ट फाइल

    • 244 खिलाड़ियों का कुल पूल शामिल था नीलामी में।
    • 10 फ्रेंचाइजी टीमों ने अपने लिए खिलाड़ी चुने।
    • 50 लाख रुपये का पर्स प्रत्येक टीम को दिया गया।
    • 16 से 17 खिलाड़ी प्रत्येक टीम में शामिल होंगे।
    • 7 पुरानी टीमों ने एक-एक आयकन खिलाड़ी रिटेन किया था।
    • 2 खिलाड़ी हर टीम ने प्रतिभा चयन प्रक्रिया के तहत चुने।