Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    शिंदे का ऑपरेशन टाइगर सफल, 6 बागियों पर संजय राउत बोले- उपमुख्यमंत्री ने 'गद्दारों' को जन्म दिया

    Updated: Mon, 22 Jun 2026 08:50 PM (IST)

    एकनाथ शिंदे ने शिवसेना (यूबीटी) के छह सांसदों को अपनी पार्टी में शामिल कर 'ऑपरेशन टाइगर' की सफलता का दावा किया है। ...और पढ़ें

    एकनाथ शिंदे पर भड़के संजय राउत (फोटो-एएनआइ)

    एकनाथ शिंदे पर भड़के संजय राउत (फोटो-एएनआइ)

    HighLights

    1. शिंदे ने छह शिवसेना (यूबीटी) सांसदों को पार्टी में मिलाया।

    2. उपमुख्यमंत्री ने इसे 'ऑपरेशन टाइगर' की सफलता बताया।

    3. संजय राउत ने शिंदे को 'गद्दारों का जन्मदाता' कहा।

    राज्य ब्यूरो, मुंबई। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एवं शिवसेना नेता एकनाथ शिंदे ने शिवसेना (यूबीटी) छोड़कर आए छह सांसदों को अपनी पार्टी में शामिल करते हुए कहा कि अब हमारे साथ छह टाइगर हैं। इस प्रकार 'ऑपरेशन टाइगर' सफल हो गया है।

    दूसरी ओर शिवसेना (यूबीटी) के प्रवक्ता संजय राउत ने कहा कि भाजपा में फडणवीस को कमजोर करने के लिए शिंदे का इस्तेमाल किया जा रहा है।

    'उपमुख्यमंत्री ने गद्दारों को जन्म दिया'

    शिवसेना (यूबीटी) के नेता संजय राउत ने सोमवार को एकनाथ शिंदे पर निशाना साधते हुए कहा कि महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री ने 'गद्दारों' को जन्म दिया है। राउत ने टिप्पणी करते हुए कहा कि उपमुख्यमंत्री को 'सीजेरियन सर्जरी' करानी होगी।

    करीब एक सप्ताह पहले शिवसेना (यूबीटी) के छह लोकसभा सदस्यों ने अपना अलग गुट बनाने का पत्र लोकसभा अध्यक्ष को सौंपा था। लेकिन उसके बाद सभी छह सांसद एक साथ नहीं आ रहे थे। इससे असमंजस का माहौल बना हुआ था।

    रविवार को विधानमंडल के मानसून सत्र की पूर्व संध्या में पर आयोजित पत्रकारवार्ता के दौरान जब उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे से ऑपरेशन टाइगर के बारे में सवाल किया गया था, तो उन्होंने कहा था कि हम जल्दी ही बड़ी खबर देंगे।

    खबरें और भी

    'हमारे साथ छह टाइगर और आ गए'

    सोमवार को वह शिवसेना (यूबीटी) के छह बागी सांसदों के साथ सामने आए और कहा कि एक ऑपरेशन टाइगर 2022 में हुआ था, जब हम बालासाहेब ठाकरे के विचारों को आगे ले जाने के लिए अलग हुए थे।

    तब हमारे साथ 40 विधायक थे, अब शिवसेना के दुबारा विधानसभा चुनाव जीतने के बाद हमारे पास 57 विधायक हैं। अब दूसरा ऑपरेशन टाइगर हुआ है। हमारे साथ छह टाइगर और आ गए हैं। अब ऑपरेशन टाइगर सफलतापूर्वक पूरा हो चुका है।

    शिंदे की ही पार्टी के वरिष्ठ नेता रामदास कदम ने भी ऑपरेशन टाइगर को सौ प्रतिशत सफल बताते हुए कहा कि अब ऐसा ही एक ऑपरेशन मुंबई महानगरपालिका में भी होगा। उनका इशारा मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) में चुनकर आए शिवसेना (यूबीटी) के पार्षदों के शिवसेना में शामिल होने की ओर था।

    दूसरी ओर अपने सांसदों के पार्टी छोड़कर जाने से निराश शिवसेना (यूबीटी) के नेता उद्धव ठाकरे ने एक ओर बागी सांसदों के क्षेत्रों में जाकर उन्हें कोसना शुरू कर दिया है, तो उनकी पार्टी के प्रवक्ता संजय राउत पार्टी छोड़कर गए सांसदों के लिए अपशब्दों का इस्तेमाल करने से बाज नहीं आ रहे हैं।

    'फडणवीस को कमजोर करने के लिए शिंदे का इस्तेमाल'

    संजय राउत का ये भी कहना है कि भाजपा में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को कमजोर करने के लिए एकनाथ शिंदे का इस्तेमाल किया जा रहा है।

    राउत ने पार्टी छोड़कर गए धाराशिव के सांसद ओमराजे निंबालकर को 'कुख्यात गद्दार' करार देते हुए उनकी कड़ी आलोचना की है।

    राउत ने कहा कि दलबदलुओं के पास कोई वैचारिक आधार नहीं होता। वे सिर्फ अपने स्वार्थ से प्रेरित होते हैं। निंबालकर पर कड़ा प्रहार करते हुए राउत ने निंबालकर द्वारा अपने समर्थकों से ठाकरे परिवार या मातोश्री की आलोचना न करने के अनुरोध को मात्र पाखंड बताया।

    संजय राउत ने कहा कि, क्या गद्दारों का कभी कोई स्टैंड होता है? उद्धव ठाकरे का साथ छोड़ने वाले कुख्यात गद्दार हैं। अगर ओमराजे निम्बालकर को लगता है कि इस कदम के लिए उनके पिता की आत्मा उन्हें आशीर्वाद देगी, तो यह उनकी अपनी जिम्मेदारी है। अब वे उन्हीं लोगों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर बैठे हैं जिन पर वे सालों से आरोप लगाते आ रहे थे। यह बेशर्मी और लालच की पराकाष्ठा है।

    बता दें कि ओमराजे निंबालकर के पिता की हत्या मामले में वर्तमान उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार के सौतेले भाई एवं राज्य के पूर्व गृहमंत्री पद्मसिंह पाटिल आरोपित थे। दो दिन पहले ही अदालत ने उन्हें बरी कर दिया है।

    राउत ने इस बात को भी दोहराया कि शिवसेना को तोड़ना महाराष्ट्र के गौरव को तोड़ने के बराबर है। उन्होंने एकनाथ शिंदे को ठेके का हत्यारा बताया और आरोप लगाया कि वह केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के इशारे पर काम कर रहे हैं।

    यह भी पढ़ें- 'अब 6 टाइगर हमारे साथ...', उद्धव सेना के बागी सांसद एकनाथ शिंदे गुट में शामिल