अब मुंबई में 'ड्रम कांड', महिला ने पति और भाई संग मिलकर की प्रेमी की हत्या; हरे ड्रम में ठूंसकर नाले में फेंकी लाश
मुंबई के मुंब्रा में एक महिला ने अपने पति और भाई के साथ मिलकर प्रेमी की हत्या कर दी। शव को हरे ड्रम में बंद कर नाले में फेंक दिया गया, पुलिस ने महिला ...और पढ़ें

मुंब्रा में महिला ने अपने पति और भाई के साथ मिलकर प्रेमी की हत्या की(फोटो: सोशल मीडिया)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। अपराध की दुनिया से कभी-कभी ऐसी कहानियां सामने आती हैं जो रूह कंपा देती हैं। उत्तर प्रदेश के मेरठ का वह बदनाम नीला ड्रम कांड तो आपको याद ही होगा, जहां मुस्कान नाम की महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या की थी और लाश को सीमेंट के साथ ड्रम में बंद कर दिया था।
ठीक उसी ढर्रे पर अब मुंबई से सटे मुंब्रा इलाके में एक सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया गया है। फर्क सिर्फ इतना है कि इस बार निशाने पर पति नहीं, बल्कि प्रेमिका का प्रेमी था। एक महिला ने अपने पति और भाई के साथ मिलकर खौफनाक साजिश रची, प्रेमी की जान ली और फिर सबूत मिटाने के लिए उसकी लाश को एक हरे रंग के ड्रम में बंद कर नाले में फेंक दिया।
काम पर निकला अरबाज घर नहीं लौटा
इस पूरे सनसनीखेज मामले की शुरुआत एक गुमशुदगी की रिपोर्ट से हुई। मुंब्रा का रहने वाला अरबाज मकसूद अली खान एक दिन दादर जाने की बात कहकर अपने घर से निकला था। जब वह देर रात तक वापस नहीं लौटा, तो परिवार की चिंता बढ़ गई।
रिश्तेदारों और दोस्तों के यहां काफी खोजबीन करने के बाद भी जब अरबाज का कोई सुराग नहीं मिला, तो उसके परेशान पिता ने मुंब्रा पुलिस स्टेशन का दरवाजा खटखटाया और बेटे के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई।
मोबाइल लोकेशन और कॉल डिटेल्स ने खोला राज
मुंब्रा पुलिस ने जब इस मामले की कड़ियां जोड़नी शुरू कीं, तो तकनीकी जांच ने इस अंधे कत्ल की गुत्थी को सुलझा दिया। पुलिस ने अरबाज के मोबाइल की कॉल डिटेल्स और आखिरी लोकेशन खंगाली। जांच में सामने आया कि अरबाज की आखिरी लोकेशन वर्सोवा इलाके में थी। चौंकाने वाली बात यह थी कि ठीक उसी समय उसकी प्रेमिका मेहजबीन शेख की मोबाइल लोकेशन भी उसी दायरे में पाई गई।
खबरें और भी
इसी शक के आधार पर पुलिस ने मेहजबीन को हिरासत में ले लिया। शुरुआत में तो वह पुलिस को गुमराह करने के लिए लगातार कहानियां गढ़ती रही, लेकिन जब पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ की, तो उसने टूटकर जो सच उगला, उसने अधिकारियों के भी होश उड़ा दिए।
बर्बरता से हत्या
मेहजबीन ने कबूल किया कि यह सब एक सोची-समझी साजिश के तहत किया गया था। उसने अपने पति हसन और भाई तारिक शेख के साथ मिलकर अरबाज से मोटी रकम ऐंठने और उसे रास्ते से हटाने का प्लान बनाया था। साजिश के मुताबिक, अरबाज को पैसों के बहाने वर्सोवा बुलाया गया। जब वहां पैसे नहीं मिले, तो आरोपियों ने क्रूरता की सारी हदें पार कर दीं।
अरबाज के हाथ-पैर बांध दिए गए और प्लास्टिक के भारी पाइप से उसे तब तक बेरहमी से पीटा गया, जब तक कि उसकी सांसें नहीं थम गईं। हत्या को अंजाम देने के बाद, आरोपी शव को ठिकाने लगाने के लिए एक बड़ा हरा ड्रम लेकर आए। लाश को उस ड्रम में ठूंसा गया और पहचान छुपाने व सबूत मिटाने के उद्देश्य से उसे मुंब्रा के एक सुनसान नाले में फेंक दिया गया।
प्रेमिका और भाई सलाखों के पीछे, पति अब भी फरार
मुंब्रा पुलिस की मुस्तैदी और त्वरित तकनीकी तफ्तीश की वजह से इस 'ब्लाइंड मर्डर केस' का पर्दाफाश हो सका। पुलिस ने नाले से शव से भरा वह हरा ड्रम बरामद कर लिया है। इस मामले में कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी प्रेमिका मेहजबीन शेख और उसके भाई तारिक शेख को गिरफ्तार कर लिया गया है।
हालांकि, इस घिनौने अपराध में शामिल मेहजबीन का पति हसन और उनका एक अन्य साथी मुजम्मल पठान अभी भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। पुलिस ने सभी के खिलाफ हत्या, अपहरण, आपराधिक साजिश और सबूत मिटाने जैसी संगीन धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।