लोहगढ़ किले पर नहीं था चेतन, फिर हुडी में कौन? सिया गोयल के साथ किसने रची केतन की हत्या की साजिश
केतन अग्रवाल हत्याकांड में नया मोड़ सामने आया है। चेतन चौधरी के वकील ने दावा किया कि वो उस समय लोहगढ़ किले पर मौजूद नहीं था। ...और पढ़ें
-1782833518594_m.webp)
चेतन चौधरी के वकील का बड़ा दावा (जागरण)
HighLights
लोहगढ़ किले पर नहीं था चेतन चौधरी- वकील का दावा।
सिया गोयल के भाई साहिल को 10 करोड़ का नोटिस।
लोहगढ़ किले पर बना 'सिया प्वाइंट'।
डिजिटल डेस्क, पुणे। केतन अग्रवाल हत्याकांड में एक नया मोड़ सामने आया है। चेतन चौधरी के वकील ने दावा किया है कि लोहगढ़ किले में हुडी पहने जो व्यक्ति देखा गया था और चेतन चौधरी, ये दोनों एक ही व्यक्ति नहीं हैं।
बचाव पक्ष की इस दलील को गलत साबित करने के लिए पुलिस अब 'गेट एनालिसिस' (चाल-ढाल का विश्लेषण) करने की योजना बना रही है।
आरोपी चेतन चौधरी का होगा गेट एनालिसिस
एएनआइ के अनुसार, पुणे के चर्चित केतन अग्रवाल हत्याकांड की जांच में पुलिस अब आरोपी चेतन चौधरी का गेट (चलने के तरीके) एनालिसिस कराएगी।
जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश करेंगी कि घटना वाले दिन लोहगढ़ किले के प्रवेश द्वार के पास दिखाई दिया व्यक्ति चेतन ही था या नहीं। इसके लिए फोरेंसिक तकनीक से उसके चलने के तरीके का मिलान उपलब्ध वीडियो फुटेज से किया जाएगा।
इसके अलावा पुलिस लोहगढ़ किले पर चेतन के साथ दोबारा क्राइम सीन रीक्रिएशन भी करेगी और घटना के दिन पहने गए उसके कपड़ों की बरामदगी का प्रयास करेगी।
सिया के भाई को भेजा 10 करोड़ रुपये का मानहानि नोटिस
कानूनी नोटिस के अनुसार, सिया गोयल ने विधिवत वकालतनामा पर हस्ताक्षर कर आशुतोष श्रीवास्तव को अपना अधिवक्ता नियुक्त किया है।
नोटिस में कहा गया है कि यह नियुक्ति कानूनी प्रक्रिया के तहत हुई है और संबंधित वकालतनामा वडगांव मावल अदालत में पहले ही रिकॉर्ड पर दाखिल किया जा चुका है। जरूरत पड़ने पर मूल दस्तावेज भी अदालत में पेश किए जाएंगे।
आशुतोष श्रीवास्तव का आरोप है कि साहिल गोयल ने बिना किसी कानूनी दस्तावेज की पुष्टि किए और उनसे संपर्क किए बिना सार्वजनिक रूप से यह बयान दिया कि उन्हें परिवार ने अधिकृत नहीं किया है।
नोटिस में कहा गया है कि इन बयानों से यह गलत संदेश गया कि उन्होंने झूठा दावा किया है, जिसके कारण उन्हें ट्रोलिंग, धमकियों, आपत्तिजनक फोन काल और प्रतिष्ठा को नुकसान का सामना करना पड़ा।
नोटिस में साहिल गोयल से कथित मानहानिकारक बयान वापस लेने, सार्वजनिक माफी मांगने और भविष्य में ऐसे आरोप नहीं लगाने का लिखित आश्वासन देने की मांग की गई है।
साथ ही चेतावनी दी गई है कि तय समय में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर उनके खिलाफ 10 करोड़ रुपये के हर्जाने का दीवानी दावा सहित अन्य कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
लोहगढ़ किले पर 'सिया प्वाइंट'
राज्य ब्यूरो मुंबई के अनुसार, लोनावला स्थित ऐतिहासिक लोहगढ़ किले पर इन दिनों पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ रही है। हैरान करने वाली बात यह है कि सैलानी यहां किसी प्राकृतिक सौंदर्य को देखने नहीं, बल्कि हाल ही में हुए सनसनीखेज केतन अग्रवाल हत्याकांड के उस खौफनाक मुहाने को देखने पहुंच रहे हैं, जहां से उसे नीचे धकेला गया था।
खबरें और भी
इंटरनेट मीडिया पर लोग इस टीले को अब अनौपचारिक रूप से सिया प्वाइंट कहने लगे हैं। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, इस ‘डार्क टूरिज्म’ के चलते किले में पर्यटकों की संख्या में अचानक 25 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है।
(समाचार एजेंसी आइएएनएस के इनपुट के साथ)
यह भी पढ़ें- 'उन्हें मेरे पास लाओ...', अपने गढ़ में सेंध लगने पर आदित्य ठाकरे की पहली प्रतिक्रिया